scriptसतना के मौसम में लगी आग, पारा 46 डिग्री पार | Temperature crossed 46 degrees in Satna | Patrika News

सतना के मौसम में लगी आग, पारा 46 डिग्री पार

locationसतनाPublished: May 16, 2022 12:56:53 am

Submitted by:

Pushpendra pandey

भीषण गर्मी से जन-जीवन बेहाल, 10 साल बाद 46 डिग्री दर्ज हुआ तापमान
 

Temperature crossed 46 degrees in Satna

Weather news satna

सतना। मई के महीने में नौतपा से पहले सूरज आग उगल रहा है। शुक्रवार को दिनभर झुलसाने के बाद शनिवार को गर्मी के तेवर और प्रचंड हो गए। आसमान से आग बरसी तो पूरा जिला लू की चपेट में आ गया। अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मई माह में तापमान का यह आंकड़ा 10 साल बाद दर्ज किया गया है। इससे पहले 2010 में जिले का अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
शनिवार सबसे गर्म दिन
मौसम के लिहाज से शनिवार का दिन सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। दिन चढ़ने के साथ ही सूरज के तेवर तीखे होते गए। दोपहर पश्चिम से चले लू के थपेड़ों ने लोगों को जमकर झुलसाया। गर्मी का रौद्र रूप देख लोग घरों में दुबक गए और शाम चार बजे तक सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। दोपहर में इक्का-दुक्का चार पहिया वाहन ही सड़कों पर चलते नजर आए।
तंदूर सी तपी दोपहरी
14 और 15 मई साल का सबसे गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान 46 डिग्री को पार कर गया। तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक दर्ज होने के कारण दोपहर में धरती अंगार बन गई। लू के थपेड़े रह-रह कर लोगों को झुलसाते रहे। मौसम में आग लगी तो नमी की मात्रा घटकर 9 पहुंच गई। मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिन मौसम के तेवर यूं की गर्म बने रहेंगे। दिन और रात के तापमान में दो से तीन डिग्री की और वृद्धि हो सकती है। इससे आने वाले पांच दिन लोगों के लिए चुनौती भरे हो सकते हैं।
हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ा
अधिकतम तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने को आतुर है। मई में रेकाॅर्ड तोड़ रहे तापमान से जिले में हीटस्ट्रोक का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में बिना सुरक्षा दोपहर में घर से निकलना जान पर भारी पड़ सकता है। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक भीषण गर्मी पड़़ने की चेतावनी दी है। ऐसे में गर्मी को लेकर अलर्ट रहें। बच्चे व वृद्धजनों को दोहपर में घर से निकलने न दें। नहीं तो वह लू की चपेट में आ सकते हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो