scriptजेलर की मनमानी पर डीजी की कार्रवाई, जबलपुर जेल किए गए अटैच | three prisoners death case DG action in satna jailer | Patrika News

जेलर की मनमानी पर डीजी की कार्रवाई, जबलपुर जेल किए गए अटैच

locationसतनाPublished: Jun 18, 2019 11:06:33 am

Submitted by:

suresh mishra

सतना सेंट्रल जेल: जबलपुर डीआइजी जेल कार्यालय अटैच किए गए जेलर

three prisoners death case DG action in satna jailer

three prisoners death case DG action in satna jailer

सतना। एक बार फिर पत्रिका की खबरों का असर देखने को मिला है। केंद्रीय जेल सतना में बरती जा रही लापरवाही को लगातार उजागर करने के बाद डीजी जेल संजय चौधरी ने बड़ी कार्रवाई की है। सतना केंद्रीय जेल के जेलर बद्री विशाल शुक्ला को जबलपुर डीआइजी जेल कार्यालय में अटैच कर दिया गया है। इस संबंध में डीजी जेल ने सोमवार को आदेश जारी कर दिया है। उल्लेखनीय है कि सतना केंद्रीय जेल में बड़े पैमाने पर जेलर बद्री विशाल शुक्ला द्वारा मनमानी की जा रही थी। इसका असर जेल के पूरी व्यवस्था पर देखने को मिल रहा था।
मात्र एक माह के अंदर तीन कैदियों की मौत हुई, इनमें दो कैदियों ने आत्महत्या की। बिना कोर्ट अनुमति कैदी को रिहा करने का मामला भी सामने आया था। जेलर खुद अपने निजी निवास पर कैदियों को भेजते थे। इसका खुलासा भी पत्रिका ने किया था। जेल के अंदर मोबाइल पहुंचा था और कैदी की फोटो वायरल हुई थी। इन सभी बिंदुओं के आधार पर डीजी जेल ने डीआइजी जेल जबलपुर को जांच सौंपी थी। जांच में प्रथम दृष्ट्या जेलर को दोषी पाया गया है। इसके बाद डीजी ने कार्रवाई करते हुए जेलर को जबलपुर डीआइजी जेल कार्यालय में अटैच कर दिया है।
एडीजी जेल ने भेजी रिपोर्ट
एडीजी जेल गाजीराम मीणा ने भी एक रिपोर्ट डीजी को दी है। इसमें उन्होंने सतना केंद्रीय जेल की प्रशासनिक व्यवस्था व सुरक्षा में कमी का जिक्र किया है। बताया जाता है कि एडीजी की रिपोर्ट में साफतौर पर लिखा गया कि जेल अधीक्षक एनपी सिंह प्रशासनिक व्यवस्था को संभालने में नाकाम हैं। जेलर बद्री विशाल शुक्ला जेल में क्षेत्रवाद व जातिवाद चला रहे हैं। कैदियों को अनावश्यक प्रताडि़त किया जाता है। जेलर व जेल अधीक्षक एक ही क्षेत्र के रहने वाले हैं, लिहाजा पक्षपात पूर्ण कार्यप्रणाली है। एडीजी जेल ने जेलर व जेल अधीक्षक के स्थानांतरण व निलंबन की अनुशंषा भी की है।
कार्रवाई नाकाफी
कार्रवाई को लेकर जेल विभाग के अधिकारी अभी सवाल खड़ा कर रहे हैं। उनका कहना है कि जिस स्तर की लापरवाही बरती गई है वह गंभीर मामला है। जेलर व जेल अधीक्षक दोनों की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। साथ ही इनका निलंबन भी होना चाहिए था।
सतना केंद्रीय जेल के जेलर बद्री विशाल शुक्ला को जबलपुर डीआइजी जेल कार्यालय अटैच किया गया है। आगामी आदेश तक वे अटैच रहेंगे।
संजय चौधरी, डीजी जेल, भोपाल

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो