सतना

MP के इस जिले में UP का धान खपाने में जुटा गिरोह, पुलिस सक्रिय

-बड़ा गिरोह है सक्रिय, अब पुलिस ने शुरू की जांच

सतनाDec 11, 2020 / 06:48 pm

Ajay Chaturvedi

एमपी में जब्त यूपी का धान

सतना. यूं तो यूपी से सटे मध्य प्रदेश (MP) के प्रायः हर जिले में UP का धान खपाने की कोशिश हो रही है। इसके लिए बड़े पैमाने पर गिरोह सक्रिय हैं। लेकिन अन्य जिलों में कहीं ज्यादा ही सतर्कता बरती जा रही है। कई चक्र में सैकड़ों बोरा धान अब तक जब्त हो चुका है। लेकिन सतना में यह गिरोह कुछ ज्यादा ही सक्रिय है।
हालांकि दावा किया जा रहा है कि सतना पुलिस को इसकी भनक लग गई है और पुलिस ने धरपकड़ शुरू कर दी है। वैसे उत्तर प्रदेश से सरकारी धान लाकर यहां बेचने की फिराक में लगे लोगों को एक बार पकड़ा जा चुका है। अब गुरुवार को दूसरी बार पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश से ट्रक में भरकर लाई गई धान को ट्रक सहित पुलिस ने पकड़ा लिया। इस ट्रक में 606 बोरा धान भरा हुआ था जो अवैध तौर पर मध्यप्रदेश लाया गया और यहां खपाने की कोशिश की गई। बरामद धान की कीमत 14 लाख रुपये बताई जा रही है।
बता दें कि इसी तरह तीन-चार दिन पहले मैहर में भी पुलिस ने दो ट्रक पकड़े थे जिसमें उत्तर प्रदेश से सरकारी धान लाकर खपाने की कोशिश की जा रही थी। इसमें 15 टन सरकारी धान जब्त की गई थी। इसके बाद अब गुरुवार सतना की सिंहपुर पुलिस ने बांदा उत्तर प्रदेश से लाई गई 606 बोरी धान ट्रक सहित जब्त की है।
गुरुवार को पुलिस के हत्थे चढ़ा धान से भरे ट्रक को थाना प्रभारी सिंहपुर जियाउल हक के नेतृत्व में पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार ट्रक क्रमांक यूपी 78 सीएन 8719 ट्रक चालक राजकिशोर पांडेय पिता जागेश्वर पांडेय उम्र 36 वर्ष निवासी ग्राम अतर्रा थाना अतर्रा जिला बांदा उत्तर प्रदेश का अवैध धान परिवहन करते हुए पाया गया। जिसमें धान की 606 बोरियां मिली। पुलिस ने मौके पर जब्ती बनाकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में 606 बोरी धान की कीमत 14 लाख रुपये पुलिस द्वारा बताया गया है।
“मैहर के बाद अब सिंहपुर में धान से भरा ट्रक पकड़ा गया है जिसे अवैध रूप से उत्तर प्रदेश से लाया गया है। इस मामले में ट्रक और धान जब्त कर ली गई है और आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस कालाबाजारी में और कितने लोग जुड़े हैं इसका पता पुलिस लगा रही है।”-धर्मवीर सिंह यादव, पुलिस अधीक्षक
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.