सतना

मौसम: तीन साल में सबसे ठंडा रहा एक जनवरी का दिन

रिमझिम फुहारों और ठंड के बीच 2020 का आगाज
 

सतनाJan 02, 2020 / 12:56 pm

Sukhendra Mishra

Weather: The coldest one January day in three years

सतना. एक जनवरी को कड़ाके की ठंड के बीच नए साल का आगाज हो गया। वर्ष 2020 की शुरुआत रिमझिम फुहारों के साथ हुई। बुधवार को सुबह से ही मौसम खराब रहा। दिनभर रुक-रुक कर रिमझिम बारिश का दौर चलता रहा। सुबह नए साल के सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। दोपहर बाद आसमान में काले बादल घिर आए। मौसम के लिहाज से जनवरी 2020 का पहला दिन बीते तीन साल में सबसे ठंडा रहा। मावठे के बीच नए साल के उत्साह में मौसम ठंडक घोलता रहा। इससे लोगों को दिन में गलनभरी सर्दी का सामना करना पड़ा लेकिन न्यूनतम तापमान में उछाल से पांच दिन से शीतलहर की मार झेल रहे लोगों को बुधवार को राहत मिल गई। अधिकतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम में अब आगे क्या
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, मप्र में पड़ रही कड़ाके की ठंड के बीच वेदर सिस्टम बनने के कारण १ से ३ जनवरी के बीच मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ में मौसम खराब रहेगा। इस दौरान प्रदेश के सभी जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। सतना में बुधवार को हल्की बौछार गिरी। इससे दिन में गलन और बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस बीच कुछ स्थानों पर बारिश के साथ ओले भी गिर सकते हैं।
दलहनी फसलों को नुकसान
इस वर्ष बिन मौसम छाए बादल और बारिश के कारण दलहनी फसलों पर संकट खड़ा हो गया है। दिसंबर में रिकार्ड 30 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। मावठे की पहली बारिश से फसलों को लाभ हुआ था लेकिन लगातार आ रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम खराब बना हुआ है। दस दिन से धूप न निकलने एवं नए साल का आगाज बारिश के साथ होने से खेतों में नमी बढ़ गई है। इसे दलहनी फसलों के लिए नुकसानदायक माना जा रहा है।
एक जनवरी का मौसम
2018

अधि. 23.7
न्यून. 6.9

2019

अधि. 24.5
न्यून. 5.6

2020
अधि.19.1

न्यून.10.8
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.