scriptएम्बुलेंस खुद बीमार, मरीजों का कैसे हो उपचार | Ambulance itself sick, how to treat patients | Patrika News
सवाई माधोपुर

एम्बुलेंस खुद बीमार, मरीजों का कैसे हो उपचार

एम्बुलेंस खुद बीमार, मरीजों का कैसे हो उपचार

सवाई माधोपुरJun 20, 2021 / 09:48 pm

Subhash

एम्बुलेंस खुद बीमार, मरीजों का कैसे हो उपचार

सवाईमाधोपुर जिले के भाड़ौती में खराब खड़ी 104 एम्बुलेंस।

सवाईमाधोपुर. जिले में गंभीर रोगियों एवं प्रसूताओं को समय पर त्वरित उपचार मुहैया कराने को लेकर जीवनदायिनी नाम से एम्बुलेंस संचालित की जा रही है। लेकिन जिले में इन दिनों 108 व 104 एम्बुलेंस खुद बीमार चल रही है। ऐसे में जिले में एम्बुलेंस की सुविधा राम भरोसे हर चल रही है।
मरीजों को त्वरित उपचार मुहैया कराने के लिए शुरू हुई 108, 104 व अन्य एम्बुलेंस सेवा दिनों-दिन मरम्मत के अभाव में लडखड़ा रही है। आलम यह है कि जीवनदायिनी आए दिन मरीजों को बीच राह मेंं अटका रही है। इससे समय की बर्बादी के मरीजों की सांसें भी जवाब दे रही है। इधर, अब चिकित्सा महकमे व संचालन कर रही कम्पनी की ओर से ध्यान नहीं देने से दिन बीतने के साथ एक के बाद एक एम्बुलेंस विभिन्न कारणों से दम तोड़ रही हैं।
ये है जिले में स्थिति
जिले में 108 की 16 व 104 की 14 एम्बुलेंस संचालित है। इनमें 104 वाली सात एम्बुलेंस खराब पड़ी है। इसी प्रकार 108 भी करीब दो से तीन स्थानों पर खराब पड़ी है। एम्बुलेंस के खराब होने से निजी वाहनों से गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी प्रसूताओं को हो रही है।
चार 108 एम्बुलेंस कण्डम
जिले में 108 की कुल 16 एम्बुलेंस संचालित है। इसके अलावा चार एम्बुलेंस कण्डम होकर सीएमएचओ कार्यालय परिसर में खराब होकर खड़ी है। इनमें एम्बुलेंस का टायर खराब है, तो किसी में शीशे टूटे है। ऐसे में पूरी तरह से क्षतिग्रस्त एम्बुलेंस खड़ी है।, जबकि संचालित अन्य एम्बुलेंसों के भी मरम्मत के अभाव में जल्दी ही पहिए थमने की आशंका है।
जिले में खराब 104 व 108 एम्बुलेंस पर एक नजर:
1. भाड़ौती में 104 एम्बुलेंस 16 अप्रेल से खराब है। एम्बुलेंस में स्टेयरिंग फेल होने से दो महीने से बंद पड़ी है।
2. खिरनी में 104 एम्बुलेंस पांच महीने से बंद है। एम्बुलेंस में फरवरी महीने में ईसीएम बोर्ड में तकनीकी खराबी आ गई थी, तब से एम्बुलेंस की सेवा बंद है।
3. बौंली कस्बे में भी फरवरी माह से एम्बुलेंस 104 की सुविधा बंद है।
4. मलारना चौड़ में 104 एम्बुलेंस खटारा हो गई है। आए दिन तकनीकी खराबियां आ रही है। ऐसे में एम्बुलेंस बीच राह में भी अटक जाती है।
5.खण्डार कस्बे में पिछले चार साल से जननी सुरक्षा योजना 104 बंद पड़ी है। इसी प्रकार 108 एम्बुलेंस में आए दिन तकनीकी खराबियां आ रही है। ऐसे में मरीजों व उनके तीमारदारों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
6.शिवाड़ मे पिछले तीन महीने से 104 एम्बुलेंस खराब पड़ी है। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार यहां एम्बुलेंस में कोई व्यक्ति जीपीएस उखाड़कर ले गया। इसके अलावा मेटिनेंस व तकनीकी खामियो के अभाव में खराब होकर पुलिस चौकी में खड़ी है। इस सबंध में चिकित्सा प्रभारी पुरूषोत्तम बैरवा ने बताया कि खराब 104 एम्बुलेंस को लेकर सीएमएचओ में लिखकर दिया है।
7. बामनवास उपखंड क्षेत्र के बरनाला गांव में 104 एम्बुलेंस खराब है। इससे मरीजों को परेशानी हो रही है।
8. बालेर में 108 एम्बुलेंस के टायर घीस गए है। समय-समय पर एम्बुलेंस की सर्विस नहीं हो पा रही है। आपातकालीन स्थिति में बीच राह में ही अटक जाती है। इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल रही है।
इनका कहना है
जिले में सात 104 एम्बुलेंस बंद है। पहले वाली कंपनी से दूसरी वाली कंपनी को हैण्डओवर कराया है। इस संबंध में कंपनी पाबंद करते हुए पत्र लिखा है। जल्द ही सभी खराब एम्बुलेंस की सर्विस कराई जाएगी।
डॉ.तेजराम मीणा, सीएमएचओ, सवाईमाधोपुर
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो