सवाई माधोपुर

जरूरत से ज्यादा टैम्पो, बिगड़ रही ट्रैफिक व्यवस्था

अधिक है सवारी वाहनों की संख्या

सवाई माधोपुरOct 24, 2019 / 01:27 am

Arun verma

गंगापुरसिटी में बजरिया क्षेत्र के सोनी बाबा चौराहे पर जाम।

गंगापुरसिटी. शहर में बढ़ती टेम्पो की संख्या से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। खासकर टेम्पो का बेतरतीब संचालन परेशानी का प्रमुख कारण बना हुआ है। शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की रेलमपेल के बीच बेतरतीब संचालन से आवागमन बाधित होता है। कई बार तो जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। स्टेशन पर ट्रेन आने के समय सोनी बाबा चौराहे पर जाम लगना आम बात हो गई है। इसके अलावा सब्जी मंडी तिराहे और उदेई मोड़ क्षेत्र में भी जाम के कारण वाहन अटकते रहते हैं। सवारी बिठाने और उतारने के लिए भी टेम्पो चाहे जहां खड़े हो जाते हैं। इससे लोगों को परेशानी से दो-चार होना पड़ता है।
एक हजार से अधिक टेम्पो
पुलिस सूत्रों के अनुसार शहर में वर्तमान में एक हजार से अधिक टेम्पो हैं, जो आवश्यकता से अधिक बताए जा रहे हैं। अधिकांश टेम्पो दो से तीन सवारियां बिठाकर इधर से उधर दौड़ते नजर आते हैं। इसके चलते शहर में एक के पीछे एक टेम्पो नजर आता है।
पर्याप्त नहीं यातायात पुलिस
शहर में यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए पर्याप्त संख्या में यातायात पुलिस उपलब्ध नहीं है। वर्तमान में एक एएसआई, एक हैड कांस्टेबल व तीन कांस्टेबल ही नियुक्त हैं। हालांकि सहयोग के लिए होमगार्ड जवान भी मिले हुए हैं, लेकिन निर्धारित प्वाइंट की तुलना में यह संख्या नाकाफी जान पड़ती है। अमूमन फव्वारा चौक, उदेई मोड़ व ईदगाह क्षेत्र में भी जवान तैनात रहते हैं। कई स्थानों पर यातायात पुलिस तैनात नहीं होने से वहां यातायात में व्यवधान पैदा होता रहता है।
चालान काटते हैं
शहर में टेम्पो की संख्या अधिक है। बेतरतीब तरीके से टेम्पो का संचालन करने पर चालान काटने की कार्रवाई की जाती है।
भागवत सिंह, प्रभारी यातायात पुलिस, गंगापुरसिटी

Home / Sawai Madhopur / जरूरत से ज्यादा टैम्पो, बिगड़ रही ट्रैफिक व्यवस्था

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.