scriptगले में पहचान लेते थे सोना, नकली चेन पर आज तक हाथ नहीं मारा | Did not recognize the gold, fake chain on the throat | Patrika News

गले में पहचान लेते थे सोना, नकली चेन पर आज तक हाथ नहीं मारा

locationसवाई माधोपुरPublished: Jun 28, 2019 11:41:11 am

Submitted by:

rakesh verma

गले में पहचान लेते थे सोना, नकली चेन पर आज तक हाथ नहीं मारा

पुलिस में गिरफत में आरोपी

पुलिस में गिरफत में आरोपी

कोटा. भीमगंजमंडी पुलिस व साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए महिलाओं के गले से सोने की चेन व मंगलसूत्र लूटने के दो शातिर अपराधियों को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने डेढ़ दर्जन वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। गिरफ्तार दोनों लुटेरे गंगापुरसिटी निवासी विनोद सोनी व विजय सोनी सगे भाई हैं। जो वर्तमान में मकबरा में किराए से रह रहे थे। विनोद चेन लूटने के मामले में दो वर्ष जेल में रह चुका है।एएसपी राजेश मील ने बताया कि 5 जून को भीमगंजमंडी निवासी कुसुमलता ने रिपोर्ट में बताया कि वह मॉर्निंग वॉक कर घर लौट रही थी। केन्द्रीय विद्यालय एक की गली से बाइक पर दो युवक तेजी से आए तथा उसके गले से सोने की चेन तोड़कर ले गए। एसपी दीपक भार्गव ने चेन स्नेचिंग की वारदातों को खोलने के लिए वृत्ताधिकारी भगवत सिंह हिंगड़ के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया।
टीम ने पीडि़ताओं से विस्तार से चर्चा कर व घटनास्थल के आसपास के कैमरों की पड़ताल कर आरोपियों की हुलिए के आधार पर तलाश की। इसके अलावा संदिग्धों व चालानशुदा आरोपियों से भी पूछताछ शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज में साइबर सेल के सुनील चंदेल ने वेशभूषा के आधार पर दोनों लुटेरों को पहचान लिया। गुरुवार सुबह साइबर टीम के सदस्य को लुटेरों से मिलते जुलते हुलिए के दो युवक माला रोड पर होने की सूचना मिली। इस पर इलाके में सादा वस्त्रों में पुलिसकर्मी तैनात कर तलाश किया तो अजय आहुजा पार्क के पास विनोद सोनी व विजय सोनी नजर आए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर बाइक जब्त कर ली। दोनों आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

जौहरी थे, गले में पहचान लेते थे सोना
विनोद ने डीसीएम इलाके में सुनार की दुकान खोली थी, लेकिन वह चली नहीं। उन्हें सोने की अच्छी परख है। ऐसे में वे महिलाओं के गले में सोने के मंगलसूत्र या चेन को आसानी से पहचान लेते थे। उन्होंने दर्जनों वारदातों में से एक भी बार नकली जेवर या चेन पहनने वाली महिला के गले में झपट्टा नहीं मारा।
शिनाख्त के लिए बापर्दा रखा
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने शहर में करीब डेढ़ दर्जन चेन स्नेचिंग की वारदातें कबूलीं हैं, इसमें से 14 मामलों के सबूत एकत्र कर लिए गए हैं। आरोपियों ने भीमगंजमंडी, कुन्हाड़ी, रेलवे कॉलोनी, विज्ञान नगर, किशोरपुरा में प्रमुख रूप से वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों को बापर्दा रखा गया है। पीडि़त महिलाओं से आरोपियों की शिनाख्त करवाई जाएगी।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो