script

भाजपा को CM शिवराज के गृह जिले में झटका, वरिष्ठ पार्षद बोले भाजपा कार्यकर्ताओं का हुआ है अपमान…

locationसीहोरPublished: Oct 15, 2018 03:50:24 pm

अपनी ही पार्टी के नेता ने बीजेपी का साथ छोड़ कांग्रेस का थामा दामन…

news

भाजपा को CM शिवराज के गृह जिले में झटका, वरिष्ठ पार्षद बोले भाजपा कार्यकर्ताओं का हुआ है अपमान…

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के गृह जिले सीहोर में भाजपा को झटका लगा, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं नगरपालिका परिषद आष्टा में वरिष्ठ पार्षद बाबूलाल मालवीय ने आज कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। देवास मुख्यालय पर पूर्व सांसद सज्जनसिंह वर्मा, देवास जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी, नपाध्यक्ष कैलाश परमार, उपाध्यक्ष खालिद पठान, वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रदीप प्रगति की महती उपस्थिति में मालवीय ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

वार्ड क्रमांक 14 से भाजपा पार्षद बाबूलाल मालवीय ने देवास से कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार पन्द्रह सालों से है, किंतु इस सरकार को बनाने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं का अपमान हुआ है और मूल भाजपा कार्यकर्ताओं की हमेशा से ही उपेक्षा हुई है, जिससे दुखी व पीड़ित होकर हर वर्ग का ध्यान रखने वाली कांग्रेस पार्टी में, मैं आज सम्मिलित हो रहा हूं।

सदस्यता ग्रहण करते हुए बाबूलाल मालवीय ने कहा कि देवास-शाजापुर संसदीय क्षेत्र के पूर्व सांसद हमेशा सक्रिय रहने वाले सज्जनसिंह वर्मा एवं नगर के विकास पुरूष कैलाश परमार से मैं प्रभावित होकर आज कांग्रेस पार्टी में शामिल हो रहा हूं और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ एवं चुनाव अभियान समिति के मुखिया ज्योतिरादित्य सिंधिया के नेतृत्व में हम प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाएंगे और देश में राहुल गांधी के नेतृत्व में सरकार बनाई जाएगी।

इस अवसर पर सज्जनसिंह वर्मा ने कहा कि श्री मालवीय ऊर्जावान नेता है वह बलाई समाज के प्रमुख नेताओं में से एक है। उनके कांग्रेस परिवार में आने से कांग्रेस पार्टी को मजबूती मिलेगी। आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनना निश्चित है। वक्त बदलाव का है, जनता भाजपा सरकार से परेशान हो चुकी है, किसान, व्यापारी, युवा लगभग हर वर्ग इस सरकार की नीतियों से परेशान हो चुका है।

इस अवसर पर नपाध्यक्ष कैलाश परमार ने कहा कि बाबूलाल मालवीय की पत्नी श्रीमती सुनीता मालवीय भाजपा से पूर्व में पार्षद रही है साथ ही बाबूलाल मालवीय भी तीन बार भाजपा से वार्ड क्रमांक 14 से पार्षद है।

मालवीय वर्ष 2005 में मंडी सदस्य भी निर्वाचित हुए है। उनके कांग्रेस में सम्मलित होने से आष्टा क्षेत्र में निश्चित रूप से कांग्रेस पार्टी को लाभ मिलेगा और श्री मालवीय के अनुभवों का भी हमें लाभ मिलेगा। पार्टी की रीति-नीति अनुसार व हमारे साथ जनमानस की सेवा करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि एम असलम, देवास सेवादल शहर कांग्रेस अध्यक्ष अजीत भल्ला, सुरेन्द्रसिंह परमार एडव्होकेट, विक्रम मुकाती, सुधीर शर्मा, संतोष मोदी, रमेश व्यास आदि कांग्रेसी मौजूद थे।

ट्रेंडिंग वीडियो