सीहोर

कांग्रेसियों की बैठक में हंगामा, एक दूसरे पर लगाए जमकर आरोप

कांग्रेसियों ने एक दूसरे पर लगाए जमकर आरोप

सीहोरJul 22, 2018 / 09:49 am

Manoj vishwakarma

कांग्रेसियों की बैठक में हंगामा, एक दूसरे पर लगाए जमकर आरोप

सीहोर. जिला कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को आयोजित बैठक हंगामेदार रही। बैठक में कांग्रेसियों के बीच जमकर तू-तू, मैं-मैं हुई। यहां तक की बात गालीगलौच तक जा पहुंची। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि हमारा बोलने का भी हक मारा जा रहा है। इसी को लेकर बैठक में जमकर हंगामा हुआ।
 

जिला कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को नवनियुक्त पीसीसी प्रभारी प्रियव्रत सिंह विधानसभा चुनाव के लिए पदाधिकारी, मोर्चा संगठन और कार्यकर्ताओं से चर्चा करने आए थे। बैठक दो बजे शुरू होनी थी, लेकिन पदाधिकारियों के देर से आने से पहले ही बैठक शुरू हो गई।

जिला प्रभारी के आते ही उद्बोधन को लेकर हंगामा शुरू हो गया। कार्यकर्ता देवेन्द्र वर्मा ने वरिष्ठ पदाधिकारियों पर बोलने नहीं देने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। इसके बाद जफर लाला की भी कहा सुनी हो गई। इसके बाद अन्य कार्यकर्ताओं ने भी विरोध किया।

जैसे-तैसे मामला शांत होने के बाद कुछ देर बैठक चली ही थी की जिला पंचायत सदस्य तुलसीराम पटेल नेे इछावर विधायक शैलेन्द्र पटेल की ओर इशारा करते हुए कहा की माफ करना आपने भी पका पकाया फल खाया है। यह सुनते ही विधायक समर्थक भी विरोध में आ गए।

वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा मामले को शांत कराया। इसके बाद चर्चा चलती रही। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि हमारा बोलने का भी हक मारा जा रहा है। इसी को लेकर बैठक में जमकर हंगामा हुआ।

 

ये बोले जिम्मेदार

इछावर विधायक शैलेन्द्र पटेल अपनी मनमानी कर रहे हैं। सभी कार्यकर्ताओं ने उन्हें मिलकर जिताया है, लेकिन वह कार्यकर्ताओं को ओबलाइज नहीं करते।

तुलसीराम पटेल, जिला पंचायत सदस्य सीहोर
विरोध या हंगामें जैसी-कोई बात नहीं है। छोटा-मोटा मनमुटाव है वह दूर किया जाएगा।

शैलेन्द्र पटेल, विधायक इछावर

कांग्रेस एक परिवार है। छोटा-मोटा विवाद होता रहता है। उद्बोधन को लेकर विरोध हुआ था। इसके बाद बोलने का मौका दिया गया। विवाद जैसी कोई स्थिति नहीं है।
रतनसिंह ठाकुर,अध्यक्ष जिला कांग्रेस
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.