scriptसंविदा स्वास्थ्य कर्मचारी हड़ताल पर,  नौ सूत्रीय मांगों को लेकर मार्चा खोला | Contract health workers strike | Patrika News
सीहोर

संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी हड़ताल पर,  नौ सूत्रीय मांगों को लेकर मार्चा खोला

हड़ताल का पहले ही दिन दिखा असर, ऑनलाइन रिर्पोटिंग का काम ठप 

सीहोरFeb 29, 2016 / 11:57 pm

Bharat pandey


सीहोर। संविदा स्वास्थ्य अधिकारी, कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। जिलेभर के करीब आठ सौ स्वास्थ्य कर्मचारियों के एक साथ हड़ताल पर चले जाने से स्वास्थ्य सेवाओं पर विपरीत असर पड़ा है। हालांकि सोमवार को हड़ताल का पहला दिन था, इसके कारण स्वास्थ्य सेवाओं पर अधिक असर देखने को नहीं मिला, लेकिन ऑनलाइन रिर्पोटिंग सहित समस्त साफ्टवेयर रिपोर्ट के काम पूरी तरह से ठप हो गए हैं। नौ सूत्रीय मांगों को लेकर संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने मार्चो खोल दिया है।

संघ के जिला अध्यक्ष डॉ. अजहर बैग ने बताया कि मध्यप्रदेश संविदा स्वास्थ्य अधिकारी कर्मचारी संघ के आह्वान पर जिले के संविदा कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल बाल बिहार मैदान से शुरू कर दी है। इसके पहले चिंतामन गणेश मंदिर से मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य तथा मिशन संचालक एनएचएम को नौ सूत्रीय मंागों को पूर्ण करने सद्बुद्धि दिए जाने की प्रार्थना की।

प्रदेशव्यापी धरना
इछावर, नसरूल्लागंज श्यामपुर एवं बुदनी के सभी संविदा कर्मचारी भोपाल स्थित डॉ. अम्बेडकर पार्क में प्रदेश व्यापी धरने में शामिल होने के सुबह आठ बजे रवाना हुए। सीहोर, श्यामपुर क्षेत्र के कर्मचारी दोपहर बाद भोपाल बाल बिहार मैदान से रवाना हुए।

मरीजों को लेने पड़ी प्राइवेट क्लीनिकों की शरण
संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से जिला अस्पताल में भी मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ लगी रही। मरीजों को इलाज के लिए काफी देर तक परेशान होना पड़ा। भीड़ के कारण कई मरीजों को निजी अस्पताल की शरण लेनी पड़ी। इस संबंध में बमूलिया के राजू विश्वकर्मा ने बताया कि वह इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचा, लेकिन भीड़ के कारण इलाज नहीं हो सका। वह निजी अस्पताल में इलाज कराकर लौटा।
 
800 अधिकारी और कर्मचारी रहे हड़ताल पर
संविदा स्वास्थ्य अधिकारी, कर्मचारी संघ की हड़ताल में जिलेभर के करीब आठ सौ लोग हड़ताल पर रहे। सीहोर शहर के करीब डेढ़ सौ कर्मचारियों ने हड़ताल की। हड़ताल में सीहोर में आष्टा ब्लाक, जिला अस्पताल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में पदस्थ समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे। बाल बिहार मैदान पर सीहोर, आष्टा क्षेत्र के अधिकारी, कर्मचारियों ने मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।

 ये सेवाएं हुईं प्रभावित
संविदा कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से जननी योजना, परिवार कल्याण, टीकाकरण, एमएलटीएस(मदर एंड चाइल्ड टै्रकिंग सिस्टम), राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, एमपी औषधि आदि पर प्रमुख रूप से परेशानी हुई। संविदा कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से नियमित कर्मचारियों को संविदा कर्मचारियों की जिम्मेदारी सौपी गई।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो