scriptMP में बढ़ने लगे कोरोना के केस, भोपाल से सटे इस जिले में सात दिन में पांच मरीज मिले | Corona's speed is increasing again in MP | Patrika News

MP में बढ़ने लगे कोरोना के केस, भोपाल से सटे इस जिले में सात दिन में पांच मरीज मिले

locationसीहोरPublished: May 27, 2022 01:08:01 pm

– MP में लगातार बढ़ रही कोरोना की रफ्तार
– MP में लापरवाही से ने बढ़ाई कोरोना की रफ्तार, यहां फिर मिले दो पॉजिटिव
– बीते सात दिन के अंदर जीरो से पांच पहुंची एक्टिव केस की संख्या

corona_speed_up_in_mp.jpg

सीहोर । Sehore

कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए लगाई गईं पाबंदियां कुछ महीने पहले हटते ही लोगों लापरवाह हो गए। बाजार में भीड़ से सोशल डिस्टेंस की धज्जियां उड़ गई है, तो मुंह से मास्क गायब है। नतीजन, जिले में फिर से कोविड पॉजिटिव मिलने लगे हैं, गुरुवार को जिले में दो कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। बीते सात दिन के अंदर एक्टिव केस की संख्या जीरो से पांच हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अफसर हरकत में आए हैं और वैक्सीनेशन की रफ्तार बढ़ाने की दिशा में जुट गए हैं।

जानकारी के अनुसार गुरुवार को अल्हादाखेड़ी और बिजौरी में एक-एक व्यक्ति की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार दोनों ही पॉजिटिव मरीजों का इलाज जारी है और हालत अभी सामान्य है। अब दोनों ही पॉजिटिव मरीजों की हिस्ट्री निकाली जा रही है।

इसमें पता किया जा रहा है कि कितने लोग उनके संपर्क में आए, जिनका पता लगाकर जल्द ही संक्रमण को फैलने से रोका जा सकें। बड़ी बात यह है कि बिजौरी गांव में तीन दिन के अंदर यह दूसरा मरीज मिला है। इससे पहले 23 मई को एक महिला पॉजिटिव मिली थी। स्वास्थ्य विभाग ने 26 मई को 84 सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। इनमें सीहोर के 34, आष्टा के 11, बुदनी के 39 सैंपल शामिल हैं।

जिले में कोविड से 125 की मौत
सीहोर जिले में पिछले दो साल के अंदर 14 हजार 331 पॉजिटिव मरीज मिले हैं, जिसमें 14 हजार 201 कोरोना को मात देकर ठीक हो गए हैं। 125 लोगों को कोरोना की गिरफ्त में आने के बाद जान गंवानी पड़ी है। पिछले साल इस समय कोरोना का भयावह दौर चल रहा था, लेकिन बाद में कम हो गया था।
इस साल फिर मई महीने में कोरोना ने गति पकड़ ली है। इसलिए लोगों को सावधानी बरतना जरूरी हो गया है। इसके लिए सोशल डिस्टेंस का पालन कर मास्क लगाना होगा। वही अन्य गाइड लाइन का पालन करने की जरूरत है।
वैक्सीनेशन की स्थिति

ब्लॉक : लक्ष्य : प्रथम : द्वितीय

आष्टा : 313390 : 292140 : 272646

बुदनी : 127989 : 147903 : 123687

इछावर : 138397 : 131301 : 114332
नसरुल्लागंज : 181431 : 175468 : 155379

श्यामपुर : 264456 : 214131 : 204846

सीहोर शहरी : 106302 : 129095 : 109133ंं

वैक्सीन लगाने में लापरवाही
कोरोना से कारगार रामबाण औषधी वैक्सीन लगाने में लोग लापरवाही दिखा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में 11 लाख 31 हजार 964 को वैक्सीन का पहला और दूसरा डोज लगना है। अब तक 10 लाख 90 हजार 38 लोगों ने पहला और 9 लाख 80 हजार 23 लोगों ने वैक्सीन का दूसरा डोज लगाया है।
वंचित लोगों को विभाग की टीम तलाश कर रही है, फिर भी कई लोग वैक्सीन से दूरी बना रहे हैं।इससे वैक्सीन का निर्धारित लक्ष्य अधर में अटक गया है। स्वास्थ्य विभाग अब प्रथम, द्वितीय डोज के साथ प्रीकॉशन (तीसरे) डोज पर ज्यादा जोर दे रहा है। अभी तक 20 हजार 263 को प्रीकॉशन डोज लगा है।
जिले में वैक्सीन लगाने का काम निरंतर चल रहा है। टीम इस कार्य में निरंतर लगी हुई है, लेकिन कई वंचित लोग अब भी वैक्सीन लगाने के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। उनकी भी तलाश की जा रही है।जिससे कि वैक्सीन लगाने का लक्ष्य शत प्रतिशत पूर हो सकें।
– डॉ. एमके चंदेल, जिला टीकाकरण अधिकारी सीहोर

ट्रेंडिंग वीडियो