scriptमेरे कार्यकाल में डाकू, बदमाश गायब हो गए थे, अब वापस बोलबाला हो गया: पूर्व सीएम शिवराज सिंह | During my tenure the robbers, the miscreants had disappeared, now turn | Patrika News

मेरे कार्यकाल में डाकू, बदमाश गायब हो गए थे, अब वापस बोलबाला हो गया: पूर्व सीएम शिवराज सिंह

locationसीहोरPublished: Feb 27, 2019 09:27:46 am

किसान प्रदर्शन कार्यक्रम को शिवराज सिंह ने किया संबोधन

NEWS

Sehore. Addressing the former CM program on the Bal Vihar Ground.

सीहोर. मेरी सरकार के कार्यकाल में डाकू, बदमाश गिरोह गायब हो गए थे। सरकार बदलते ही अब वह बेखौफ होकर बड़ी घटना को अंजाम दे रहे हैं। चित्रकूट में दो बच्चों का अपहरण कर ले गए। कांग्रेस सरकार और गृहमंत्री सोते रहे। बच्चों के परिजन से फिरौती लेने के बाद उनको मार दिया। इससे पता चलता हैकिस तरह अपराध बढ़ रहे हैं। किसानों की फसल खराब होने के बाद भी उनको सहायता राशि नहीं मिल रही है। गरीबों को संबल और आवास योजना का लाभ मिलना बंद हो गया है। जिससे परेशानी भोग रहे हैं।
यह बात स्थानीय बाल विहार मैदान पर मंगलवार को पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहीं। वे यहां किसान प्रदर्शन कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। पूर्व सीएम ने सबसे पहले वायु सेना द्वारापाक अधिकृत पीओके में की गई कार्रवाई को लेकर कहा कि हमारे जवानों की मौत का बदला सेना ने लिया है। पूर्व सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव के समय नारा दिया था वक्त है बदलाव का।
बदलाव क्या इसी का है कि प्रदेश में अपहरण, अपराध सहित अन्य मामले बढ़े। जब मैं सीएम था तो सोचा था जब तक रहूंगा प्रदेश की धरती पर डाकू नहीं रहेगा। कोई डकैत का गिरोह नहीं दिखाई देगा। जबकि अब सरकार स्वयं उनको संरक्षण दे रही है। अधिकारी-कर्मचारियों के तबादले किए जा रहे हैं। पूरा तबादला उद्योग ही बन गया है। पूर्व सीएम ने कांग्रेस सरकार को चेतावनी देकर कहा कि जनता की समस्या को सुन दूर नहीं करोगे तो हम तुम्हारी सरकार ही चलना बंद कर देंगे।
जवानों के खून का हिसाब खून से लिया जाएगा
पूर्व सीएम चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि हम किसी को छेड़ते नहीं और छेड़ा तो छोड़ते नहीं है। पुलवामा में जवानों पर हुए अत्मघाती हमले को लेकर भी कहा कि जवानों के खून का हिसाब खून से लिया जाएगा। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर भी बिना नाम लिए तंज कस दिया। उन्होंने कहा कि अब वो भारत नहीं है जब प्रधानमंत्री बोलते नहीं थे। हर कोई आंख दिखाकर चले जाते थे और दुनिया में उनका कोई अस्तित्व नहीं था। अब नए भारत का उदय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में हुआ है।
नर्मदा मैया का पानी पीया है
चौहान ने कहा कि चुनाव में हमसे भी कुछ ने कहा था कि जोड़तोड़ कर सरकार बना लो। मैंने उनसेे कहा नर्मदा मैया का पानी पीया है जोड़तोड़ की सरकार नहीं बनाऊंगा, जब सरकार बनेगी बहुमत से ही बनेगी। कांग्रेस सरकार बने दो महीने ही हुए हैं, उसमें ही सरकार की हालत खराब हो गई है। कार्यक्रम में इछावर तहसील के गांव गाजीखेड़ी निवासी किसान गणपत सिंह हाथ में गेहूं की खराब फसल लेकर पहुंचा। खड़ा होकर वह पूर्व सीएम को यह फसल बता रहा था। सीएम ने किसान को देखा तो कहा कि इस फसल को लेकर हम कलेक्ट्रेट चलेंगे और वहां अफसरों को बताएंगे। पूर्व जिला प्रभारी मंत्री रामपाल सिंह, सीहोर विधायक सुदेश राय, इछावर विधायक करण सिंह वर्मा ने भी अपना संबोधन दिया।
बुलानी पड़ी एसटीएफ पुलिस
कार्यक्रम समाप्ति के बाद पूर्व सीएम रैली के रूप में किसानों की समस्या को लेकर लीसा टॉकीज चौराहा, कोतवाली चौराहा, बस स्टैंड होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। भीड़ को देखते हुए यहां रैली पहुंचने से पहले ही काफी संख्या में जवान तैनात कर दिए थे। इसके अतिरिक्त दो वाहनों से एसटीएफ पुलिस के भी जवानों को लगाया था। सुरक्षा की दृष्टि से एक तरफ का मार्ग बेरीकेड्स रखकर बंद कर कर कलेक्ट्रेटके अंदर भी आवाजाही रोक दी थी।
अंदर नहीं गए कलेक्टर ने बाहर मंच पर लिया ज्ञापन
कलेक्टर गणेश शंकर मिश्रा स्वयं अतिरिक्त कलेक्टर वीके चतुर्वेदी, डिप्टी कलेक्टर आरआर पांडे और अन्य अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट गेट के सामने लगे मंच तक पहुंचे। उसके बाद कलेक्टर मंच पर चढ़ गए। पूर्व सीएम ने कलेक्टर को किसान और आमजन की समस्या को लेकर ज्ञापन दिया। इसमें बताया कि किसानों के गेहूं को 2100 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से खरीदने के साथ उनका कर्ज पूरा माफ किया जाए। जिले में खरीदी केंद्र की संख्या कम है तो उसको बढ़ाया जाए। जिन गरीब लोगों को जमीन का पट्टा नहीं मिला, उनको पट्टा दिया जाए। वहीं आवास योजना के तहत जिन हितग्राहियों को आवास की किश्त नहीं मिली, उसे जल्द ही दी जाए।
जिले में पिछले दिनों ओलावृष्टि और पाले से फसल खराब हुई फसल का सर्वे कर मुआवजा राशि दी जाए। भावांतर भुगतान योजना के तहत रूकी फ्लेट 500 रुपए की राशि का भी भुगतान किया जाए। संबल योजना का लाभ सभी को दिया जाए। आचार संहिता से पहले जितने भी विकास कार्य रूके हैं उनको पूरा किया जाए। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सीताराम यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष रघुनाथ सिंह भाटी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल अरोरा, आष्टा विधायक रघुनाथ सिंह मालवीय, जिला मंत्री दशरथ सिंह परमार थे।
एक नजर में कैसे चला मुख्यमंत्री का कार्यक्रम
-दोपहर 1.45 पर मुख्यमंत्री बाल विहार मैदान स्थित मंच पहुंचे।
– करीब 20 मिनट से अधिक भाषण दिया।
– रैली के साथ 3 बजकर 38 मिनट पर कलेक्ट्रेट पहुंचे।
– 3 बजकर 47 मिनट पर कलेक्टर मंच पर पहुंचे।
– 4 बजकर 5 मिनट पर पूर्व सीएम ने कलेक्टर को ज्ञापन दिया।
– 4 बजकर 10 मिनट पर सभी रवाना हुए।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो