सीहोर

आग से मकान, गृहस्थी का सामान जलकर हुआ खाक

पीडि़त ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट, एक लाख का बताया नुकसान

सीहोरJun 08, 2019 / 12:19 pm

Amit Mishra

आग

सीहोर। जिले के आष्टा ब्लॉक के सिद्दीकगंज ग्राम पंचायत के गांव नयापुरा निवासी एक महिला के घर में अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि उसने मकान और उसके अंदर रखे गृहस्थी के सामान को जलाकर खाक कर दिया। आग की ज्वाला ठंडी पडऩे के बाद जिस तरह का मंजर सामने आया उसे देख महिला की आंख से आंसू छलक आएं।

अज्ञात कारणों के चलते लगी आग
जानकारी के अनुसर नयापुरा निवासी उर्मिला (25) पति महेश ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह गरीबी रेखा में जीवन यापन कर मजदूरी कर घर चलाती है। उर्मिला अपने मायके गई थी और घर पति था। इस दौरान मकान में अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई।

 

बड़ी मशक्कत से बुझाया
आग से मकान में रखी बिस्तर पेटी, दो पलंग, चार कुर्सी, चार बाल्टी, बर्तन, आधार कार्ड, टीवी, पंखों के अलावा अन्य सामान जल गया। आग को बड़ी मशक्कत कर बुझाया गया। पीडि़ता ने पुलिस को आगजनी की घटना में एक लाख रुपए का नुकसान होना बताया है। इसकी भरपाई करने शासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।

 

आग से पांच परिवार के 25 सदस्य फुटपाथ पर
उधर इछावर तहसील मुख्यालय से 13 किमी दूर रामदासी में मानसिंह, राजाराम, रमेश, ज्ञानसिंह, विक्रम सिंह का परिवार संयुक्त रुप से बाखलनुमा मकान में निवास करता है। इनके बच्चों के भी परिवार इसी बाखल में रहते हैं। उनके मकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि ग्रामीणों के प्रयास, पानी का टैंकर, इछावर से पहुंची दमकल भी बाखल को खाक होने से नहीं रोक पाई।

 

जांच की जा रही है
आगजनी की घटना में जेवरात, नकदी रुपए और अन्य सामान खाक हो गया। मकान और गृहस्थी का सामान जलने से 5 परिवार के 25 सदस्य फुटफाथ पर आ गए है। शुरूआती जानकारी के अनुसार आगजनी की घटना में लाखों रुपए के नुकसान होने की बात सामने आई है। इछावर टीआई अरविंद कुमरे ने बताया कि नुकसान कितना है इसकी अब कुछ कहा नहीं जा सकता है। इसकी जांच की जा रही है।

 

बांस बेहड़े में आग लगने से मची अफारा-तफरी
सीहोर शहर के बांस बेहड़े में अचानक आग लगने से अफरा तफरी का माहौल निर्मित हो गया है। गर्मी के मौसम में आगजनी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। सिंचाई विभाग के समीप बांस बेहड़े में अचानक आग लग गई। इस आग ने कुछ देर में बड़ा रूप ले लिया। यह आग और तेज फैलती उससे पहले ही लोगों ने मशक्कत करते हुए पानी डालकर बुझा दिया। जिससे एक बड़ी घटना होते हुए टल गई।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.