सीहोर

जिला अस्पताल में बनेगा हर्बल गार्डन, लहलहाएंगे औषधीय पौधे

वेस्टेज चीजों से तैयार किया जाएगा जैविक खाद, औषधीय पौधों से किया जाएगा इलाज….

सीहोरDec 20, 2018 / 12:46 pm

Amit Mishra

जिला अस्पताल में बनेगा हर्बल गार्डन, लहलहाएंगे औषधीय पौधे

सीहोर@ अनिल कुमार की रिपोर्ट…

वेस्टेज चीजों से जैविक खाद तैयार कर जिला अस्पताल में हर्बल गार्डन बनाया जाएगा। इसमें औषधीय पौधे लगाकर उनको बड़ा किया जाएगा। यह पौधे मरीजों के इलाज में काम आएंगे तो वहीं अस्पताल में हरा भरा वातावरण करने में भी अपनी भूमिका निभाएंगे। इसकी कवायद शुरू हो गई है। सब कुछ ठीक रहा तो आने वाले कुछ दिन में अलग ही माहौल नजर आएगा।

जिला अस्पताल में हर रोज काफी मात्रा में वेस्टेज चीजे निकलती है। इनमें सब्जी के छिलके, फूल के छिलके, चाय पत्ती, पेड़ों की पत्तियां, गीला कचरा, बचा हुआ खराब भोजन आदि शामिल है। अभी तक की स्थिति में इनको फेक दिया जाता था। वहीं पत्तियों को जला दिया जाता था, जिससे वातावरण प्रदूषित होता था। इनको उपयोगी बनाकर इनसे कुछ नया करने अस्पताल प्रबंधन ने प्लानिंग बनाई है।

तैयार कराया जा रहा है नॉडेप…
अस्पताल में इस समय तीन गड्ढों का नॉडेप बनाया जा रहा है। इसमें सभी वेस्टेज खराब चीजों को डालकर जैविक खाद बनाया जाएगा। यह काम चलने के साथ ही अस्पताल में हर्बल गार्डन भी तैयार किया जाएगा। गार्डन में तुलसी, एलोवेरा सहित औषधी से संबंधित जितने भी पौधे हैं उनको लगाया जाएगा। इन सभी पौधों को जैविक खाद के जरिए ही जीवित रखकर बड़ा किया जाएगा। जिससे अस्पताल का वातावरण हरियाली रहित हो जाएगा। इसमें खर्चा नाममात्र का आएगा, लेकिन फायदा कई गुना मिलेगा।

मरीजों के इलाज में काम आएगी औषधी…
जिला अस्पताल में एक हजार से अधिक मरीज प्रतिदिन इलाज कराने आते हैं। डॉक्टर उनका इलाज गोली-दवा, इंजेक्शन के जरिए करते हैं। कई बार यह भी स्थिति बन जाती है कि उनको औषधी की जरूरत लगती है। ऐसे में उनको भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आसानी से अस्पताल के गार्डन से ही लाकर काम चल जाएगा।
प्रयास कर रहे हैं…
खराब चीजों को उपयोगी बनाकर उनसे जैविक खाद बनाया जाएगा। इसे हर्बल गार्डन में उपयोग किया जाएगा। जिससे कि मरीज को इसका फायदा मिले।
डॉ. भरत आर्य, सिविल सर्जन जिला अस्पताल सीहोर

Home / Sehore / जिला अस्पताल में बनेगा हर्बल गार्डन, लहलहाएंगे औषधीय पौधे

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.