scriptसीहोर नगरपालिका के 35 वार्ड से 115 दावेदार, जानें किस मुद्दे पर कांग्रेस लड़ेगी चुनाव | Patrika News

सीहोर नगरपालिका के 35 वार्ड से 115 दावेदार, जानें किस मुद्दे पर कांग्रेस लड़ेगी चुनाव

locationसीहोरPublished: Jun 09, 2022 05:28:38 pm

– एक वार्ड में कांग्रेस को नहीं मिला उम्मीदवार
– इस्तीफा देने वाले कांग्रेसी का आरोप: सीहोर जिले में कांग्रेस नेताओं के द्वारा लिए गए निर्णयों के चलते दिनों दिन कमजोर होती जा रही है पार्टी की स्थिति

mp_congress.png

सीहोर। नगरीय निकाय और त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राजनीतिक दल अपने-अपने तरीके से निकाय चुनाव में अपना परचम फहराने की फिराक में हैं। बुधवार को कांग्रेस के पर्यवेक्षक रामवीर सिंह सिकरवार ने सीहोर का दौरा किया, उनके समक्ष पार्षद पद के उम्मीदवारों ने दावेदारी पेश की।

सीहोर नगर पालिका के 35 वार्ड से चुनाव लड़ने के लिए 115 व्यक्तियों ने दावेदारी पेश की है। कांग्रेस के दावेदारों में सबसे प्रमुख नाम पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश राय का है, यह भाजपा विधायक सुदेश राय के भाई हैं। राकेश राय ने कांग्रेस से दावेदारी करते हुए वार्ड क्रं 19 से टिकट मांगा है, यहां से पिछली परिषद में भाजपा की शकुंतला सोलंकी पार्षद थीं।

राकेश राय के बाद पार्षद की दावेदारी में दूसरा नाम युवा नेता राजीव गुजराती और राहुल यादव का सामने आया है। राजीव ने वार्ड क्रमांक 05 से टिकट मांगा है। यह वह उम्मीदवार हैं, जो कांग्रेस से नगर पालिका अध्यक्ष पद की तैयारी कर रहे थे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की घोषणा अधूरी
पिछली बार नगर पालिका के चुनाव में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रोड शो किया था। उनके साथ खुले वाहन में सीहोर विधायक सुदेश राय और भाजपा उम्मीदवार सवार थे। मुख्यमंत्री ने करीब एक दर्जन स्थान पर वाहन रोककर भाषण दिया और सभी जगह उन्होंने इस बात की घोषणा की कि भाजपा की परिषद बनी तो सीहोर की प्यास नर्मदा जल से बुझाई जाएगी।

सीहोर शहर का जल संकट करीब 40 साल पुराना है। गर्मी के सीजन में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए मोहताज हो जाती हैं। इस समय भी शहर भीषण जल संकट से जूझ रहा है, लेकिन अभी तक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की घोषणा पूरी नहीं हुई है, जिसे लेकर न केवल शहर की जनता नाराज है, बल्किा कांग्रेस सरकार को घेरने के लिए निरंतर विरोध प्रदर्शन कर रही है।

अक्षत कासट और उमेश ने छोड़ी कांग्रेस
बुधवार को अक्षत कासट और युवा कांग्रेस के जिला प्रवक्ता उमेश रोहित ने कांग्रेस से इस्तीफा दिया है। अक्षत कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष है। यह यूपीए सरकार के कपड़ा मंत्रालय में हेंडीक्राफ्ट बोर्ड के उपाध्यक्ष भी रहे हैं।

कासट ने मीडिया से रूबरू होते हुए बताया कि कांग्रेस सीहोर जिले में कांग्रेस नेताओं के द्वारा लिए गए निर्णयों के चलते पार्टी की स्थिति दिन व दिन कमजोर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने त्रिस्तरीय चुनावों के लिए अपने अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिए है, लेकिन कांग्रेस पार्टी में कोई हलचल नहीं है, गत नगर पालिका में शहर में कांग्रेस के चार पार्षद विजय हुए थे, लेकिन आगे यह भी नहीं जीतेंगे।

एक वार्ड में कांग्रेस को नहीं मिला उम्मीदवार
नगर पालिका सीहोर के 35 वार्ड से कांग्रेस पर्यवेक्षक रामवीर सिंह सिकरवार और जिला अध्यक्ष डॉ. बलवीर तोमर के पास 115 दावेदारों के आवेदन आए हैं। औसत हर वार्ड से तीन आवेदन आए हैं, लेकिन वार्ड क्रमांक 15 से कांग्रेस को बैठक खत्म होने तक कोई दावेदार नहीं मिला।

यहां से बीते कुछ चुनाव से भाजपा के कमलेश राठौर लगातार पार्षद चुने जा रहे हैं। कांग्रेस नेताओं के सामने जब यह स्थिति आई तो उन्होंने तत्काल एक कार्यकर्ता को चुनाव लड़ने के लिए तैयार किया। यह एक मात्र ऐसा वार्ड है, जहां से केवल एक ही व्यक्ति ने दावेदारी की है, इसके अलावा सभी वार्ड से दो-दो, तीन-तीन और चार-चार व्यक्तियों ने दावेदारी की है।

कुछ यह भी हैं कांग्रेस के दावेदार
कांग्रेस के आशीष गहलोत, विवेक राठौर, नरेन्द्र खंगराले, राहुल यादव, राजेश यादव आदि ने भी दावेदारी की है। रायशुमारी में कांग्रेस पर्यवेक्षक रामवीर सिंह सिकरवार ने कहा कि दावेदारी करना सभी कार्यकर्ताओं का अधिकार है, लेकिन टिकट पार्टी एक ही व्यक्ति को मिलेगा। पार्टी जिस भी व्यक्ति को टिकट देगी, उसका समर्थन करना और उसे चुनाव जिताना, सभी दावेदार और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी होती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नगर पालिका चुनाव नर्मदा जल के मुद्दे पर लड़ेगी। प्रदेश में भाजपा की सरकार है और नगर पालिका सीहोर में दो बाद से भाजपा का अध्यक्ष बन रहा है, लेकिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की घोषणा सीहोर को नर्मदा जल उपलब्ध कराने की अभी तक पूरी नहीं हुई है।

ट्रेंडिंग वीडियो