सेवादल के पदाधिकारियों को दिलाई शपथ, देखें वीडियो
पुराने स्टेट हाइवे स्थित टाउन हॉल में आयोजित किया गया शपथ ग्रहण समारोह

सीहोर. जिला कांग्रेस सेवादल के नव नियुक्त पदाधिकारियों को पूर्व राज्यपाल अजीज कुरैशी, महिला कांग्रस सेवादल की प्रदेश अध्यक्ष राजकुमारी रघुवंशी, मध्य प्रदेश कांग्रेस सेवादल सचिव राकेश राय, प्रेम यादव ने शपथ ग्रहण कराई।
इसके बाद जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष नरेंद्र खंगराले, दर्शन सिंह वर्मा, डॉ. अनीस खान, जिला उपाध्यक्ष डॉ. जितेंद्र चंद्रवंशी, मांगीलाल टिमरई, महिला सेवादल अध्यक्ष आशा गुप्ता, पवन राठौर, रमेश राठौर, पार्षद आरती खंगराले आदि नेतृत्व में टाउन हाल से पैदल मार्च निकाला गया। जिसमें वह जब तक सूरज चांद रहेगा, नेहरू तेरा नाम रहेगा के नारे लगाते हुए चल रहे थे।इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री प्रेमबंधु शर्मा, जिला कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष नईम नवाब, सुरेश गुप्ता, ओमदीप आदि उपस्थित थे।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता पूर्व राज्यपाल का विवादित बयान
सीहोर. वरिष्ठ कांग्रेस नेता पूर्व राज्यपाल अजीज कुरैशी ने रविवार को विवादित बयान दिया है। बस स्टैंड स्थित पंडित जवाहर लाल नेहरू पार्क की दुर्दशा देख कुरैशी ने कहा कि जिला प्रशासन और नगर पालिका के अफसरों को चुल्लूभर पानी में डूब मरना चाहिए। यहां की जनता को क्या हो गया है, ऐसे अफसरों को दफ्तर से खींचकर सड़क पर मारना चाहिए। कांग्रेस नेता सीहोर टाउन हॉल स्थित सेवादल के शपथ ग्रहण समारोह में आए थे।
जानकारी के अनुसार रविवार को कांग्रेस नेताओं ने पंडित जवाहर लाल नेहरू के पार्क की दुर्दशा को लेकर नगर पालिका के खिलाफ धरना-प्रदर्शन की योजना बनाई। कांग्रेस का सांकेतिक धरना टाउन हॉल स्थित सेवादल के शपथ ग्रहण से पहले दोपहर बाद शुरू होना था, लेकिन इससे पहले ही नगर पालिका के अफसरों को भनक लग गई और पार्क की साफ-सफाई का काम शुरू कर दिया। नगर पालिका के पार्क की साफ-सफाई का काम शुरू करने के बाद शाम करीब ४ बजे पूर्व राज्यपाल अजीज कुरैशी कांग्रेस के स्थानीय नेता और कार्यकर्ताओं के साथ जवाहर लाल नेहरू पार्क पहुंचे। पार्क में गंदगी देख कुरैशी ने जिला प्रशासन और नगर पालिका के अफसरों को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि जिला प्रशासन और नगर पालिका के अफसरों को चुल्लूभर पानी में डूब मरना चाहिए। जिस जगह नेहरू की प्रतिमा लगी है, वह शराबी और जुआरियों का अड्डा बन गई है। कुरैशी ने कहा कि सीहोर की जनता को क्या हो गया है, नेहरू का अपमान हो रहा है और हम चुप बैठे हैं। ऐसे अफसरों को सड़क पर खींचकर मारना चाहिए।
अब पाइए अपने शहर ( Sehore News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज