scriptधान का पैसा खातों में नहीं डलने पर किसानों ने बायां संस्था में जड़ा ताला | patrika news | Patrika News

धान का पैसा खातों में नहीं डलने पर किसानों ने बायां संस्था में जड़ा ताला

locationसीहोरPublished: Mar 21, 2019 10:02:15 am

Submitted by:

Radheshyam Rai

चार माह बाद भी किसानों के खातों में नहीं आए धान के 40 लाख रुपए

news

धान का पैसा खातों में नहीं डलने पर किसानों ने बायां संस्था में जड़ा ताला

सीहोर. अन्नदाता की परेशानी न तो शासन सुनने को तैयार है, न ही विपणन संघ के अधिकारी। ग्राम बांया सेवा सहकारी समिति में चार माह पहले करीब २ हजार ३०० क्विंटल समर्थन मूल्य पर तुली धान का भुगतान चार माह बाद भी नही हो पाया है। जिसके कारण किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में किसान भुगतान को लेकर मंगलवार को आक्रोशित हो गए और भुगतान की मांग को लेकर उन्होंने सेवा सहकारी समिति बांया में ताला डाल दिया।

किसानों का कहना था कि जब तक हमारा भुगतान नहीं होगा हम ताला नहीं खोलने देंगे। इसके बाद प्रशासन से एसडीएम बुदनी, तहसीलदार रेहटी और पुलिस बायां पहुंची। किसानों को समझाइश के बाद संस्था का ताला खोला गया। विपणन संघ की घोर लापरवाही के कारण १८ किसानों को ४० लाख रुपए चार माह में भी नहीं मिलना जो विपणन संघ की उदासीनता उजागर कर रहा है।

जनवरी माह में जब किसानों की धान की उपज समर्थन मूल्य पर खरीदी जा रही थी। उस समय सेवा सहकारी संस्था बायां ने एफएक्यू धान खरीदकर विपणन संघ को सुपुर्दगी में दी और विपणन संघ ने उसे गोदाम में रखी। तभी से विपणन संघ के अधिकारी बहाने पर बहाने बना रहे हैं। जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। अब उन्होंने नया बहाना यह ले लिया कि संस्था बांया में एपीओ बंद होने से यह स्थिति निर्मित हुई है। चार माह से लगातार झूठ बोलने वाले विपणन संघ के अधिकारियों पर कार्रवाई होना लाजमी है। अब देखना यह है कि प्रशासन इन अधिकारियों पर कार्रवाई करता है कि नही।

संस्था बांया के सचिव दिलीप सिंह राजपूत ने बताया कि विपणन संघ के अधिकारी कोरा झूठ बोल रहे हैं। उन्हें एपीओ वन के बारे में एक माह पहले ही सूचित कर दिया गया था। वहीं सभी किसानों के खातों को पुन: जांच कर बापस भेजा गया था। विपणन संघ की लापरवाही उजागर होने पर अब यह संस्था पर ठीकरा फोड़ रहे हैं। जबकि एपीओ हमारा बंद है। इसकी जानकारी उन्हे पहले से ही है। इसके बाद भी किसानों का भुगतान उनके खाते में नही आना विपणन संघ अपनी जिमेदारी से मुहं मोड़ रहा है।

विपणन संघ के अफसरों की लापरवाही का खामियाजा भुगत रहे किसान
किसानों का चार माह बाद भी धान का भुगतान नहीं आना जो विपणन संघ के अधिकारियों की लापरवाही उदासीनता तो उजागर होती है। वहीं किसान रोज-रोज संस्था में आकर संस्था के सचिव और कर्मचारियों को परेशान कर रहे हैं। ऐसे में संस्था का स्टाफ काफी परेशान नजर आ रहा है। वहीं किसान अमर सिंह पिता स्वरूप सिंह ग्राम बायां ने बताया कि मेरे द्वारा १६० क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर संस्था बायंा में तौली गई थी। जिसका भुगतान २ लाख ८० हजार रुपए अभी तक मेरे खाते में नहीं आया। किसान कुबेर सिंह पिता रामनारायसण ग्राम बांया ने बताया कि मेरे द्वारा ३८० क्विंटल धान तुलाई गई थी। जिसका भुगतान ६ लाख ७० हजार रुपए मेरे खाते में नहीं आया है जो १४ जनवरी को तौली गई थी। ग्राम जहाजपुरा के किसान विशाल पिता रेवाशंकर ने बताया कि जनवरी के प्रथम सप्ताह में तुलाई गई थी। जिसका भुगतान ८५ हजार रुपए अभी तक नहीं आ सका है। संस्था बायां में १८ से अधिक किसान है जिनका ४० लाख से अधिक का भुगतान अभी तक नहीं हो सका है।

एपीओ खुलने पर किया जाएगा भुगतान
संस्था बांया द्वारा सही धान की तुलाई कर विपणन संघ को सुपुर्दगी में दी गई है। चार माह से अभी तक किसानों का भुगतान अटका हुआ है। किसान हमें रोज परेशान करते हैं, जिससे हम दुखी हैं।
दिलीप सिंह राजपूत, सचिव संस्था बांया
बायां संस्था से एपीओ अभी बंद है। उसी काम से हम लोग आज भोपाल आए हैं। जैसे ही एपीओ खुलता है किसानों का भुगतान उसी दिन हो जाएगा। किसान धैर्य रखे शीघ्र भुगतान होगा।
एके जैन, डीएमओ विपणन संघ सीहोर

ट्रेंडिंग वीडियो