scriptआचार संहिता के दो घंटे पहले से ही प्रशासन ने शुरू किया राजनीति दलों के होर्डिंग हटाना | patrika sehore news | Patrika News

आचार संहिता के दो घंटे पहले से ही प्रशासन ने शुरू किया राजनीति दलों के होर्डिंग हटाना

locationसीहोरPublished: Mar 11, 2019 11:37:16 am

Submitted by:

Kuldeep Saraswat

लोकसभा चुनाव में सीहोर जिले के करीब 9 लाख 7 हजार 315 मतदाता मतदान करेंगे

sehore

आचार संहिता के दो घंटे पहले से ही प्रशासन ने शुरू किया राजनीति दलों के होर्डिंग हटाना

सीहोर. लोकसभा चुनाव के लिए रविवार को चुनाव आयोग ने घोषणा कर दी। जिला प्रशासन भी सुबह से ही लोकसभा चुनाव की घोषणा को लेकर अलर्ट था। शहर में लोकसभा चुनाव की घोषणा होने के दो घंटे पहले ही आदर्श आचार संहिता के पालन को लेकर कार्रवाई शुरू कर दी गई थी।

नगर पालिका का अमला रविवार अवकाश होने के बाद भी शहर में राजनीतिक दल और दीवारों पर लिखे सरकारी विज्ञापनों को हटाते दिखाई दिया। शहर में नगर पालिका का अमला राजनीतिक दलों के विज्ञान, होर्डिंग हटा रहा था, वहीं 4 बजे तक कलेक्टर गणेश शंकर मिश्रा, अपर कलेक्टर वीके चतुर्वेदी कलेक्ट्रेट पहुंच चुके थे। दिल्ली में भारत निर्वाचन आयोग की तरफ से चुनाव की तिथि घोषित होते ही सीहोर में अफसरों ने चुनाव को लेकर बैठक में बातचीत शुरू कर दी।

 

9 लाख से ज्यादा वोटर चुनेंगे तीन सांसद
लोकसभा चुनाव में सीहोर जिले के करीब 9 लाख 7 हजार 315 मतदाता मतदान करेंगे। विधानसभा चुनाव के बाद सीहोर जिले में करीब 19 हजार 942 मतदाता बढ़े हैं। सीहोर जिले की आष्टा विधानसभा में सबसे ज्यादा दो लाख 52 हजार 996 वोटर हैं। लोकसभा चुनाव के लिए 1205 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। सभी पोलिंग बूथ पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। को राजनीतिक दलों के कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर निलंबित किया गया था।


तीन लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा सीहोर जिला
सीहोर जिला तीन लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। सीहोर जिले के वोटर भोपाल, देवास और विदिशा लोकसभा के लिए सांसद चुनेंगे। सीहोर विधानसभा भोपाल लोकसभा और बुदनी, इछावर विधानसभा विदिशा लोकसभा व आष्टा विधानसभा देवास लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। भोपाल लोकसभा से आलोक संजर, देवास से मनोहर ऊटवाल और विदिशा लोकसभा से सुषमा स्वराज सांसद हैं।


संपत्ति विरूपण अधिनियम का पालन
कलेक्टर गणेशशंकर मिश्रा ने आदेश दिए कि संपत्ति विरूपण अधिनियम 1994 का सभी राजनीतिक दल पालन करें। इस अधिनियम के तहत संपत्ति की स्वामी की लिखित अनुमति के बिना सार्वजनिक दृष्टि से आने वाली किसी सम्पत्ति को स्याही, खडिया, रेग से लिखकर प्रचार नहीं किया जाएगा। यदि ऐसा किया जाता है तो एक हजार रुपए तक का जुर्माना किया जाएगा।

लोकसभा चुनाव के लिए कॉल सेंटर
भारत निर्वाचन आयोग के आदेश पर लोकसभा निर्वाचन 2019 के लिए कॉल सेंटर प्रारंभ कर दिया गया है। कॉल सेंटर का टोल फ्री नंबर 1950 है। इस टोल फ्री नंबर के माध्यम से पात्र मतदाता यह पता लगा सकेंगे कि उनका नाम जिले के किस मतदान सेंटर पर दर्ज हैं। मतदाता इस नंबर पर फोन कर मतदाता सूची के बारे में भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।


आचार संहिता का असर
– शासकीय निर्माण एजेंसी निर्माण कार्य शुरू नहीं कर सकेंगी।
– मंगलवार को कलेक्ट्रेट में होने वाली जनसुनवाई बंद हो जाएगी।
– सरकारी कर्मचारी, अधिकारी राजनीतिक कार्यक्रम में ड्यूटी के अलावा शामिल नहीं हो सकेंगे।
– जनप्रतिनिधि सरकारी वाहन का उपयोग नहीं कर सकेंगे।
– नस शस्त्र लाइसेंस जारी नहीं किए जा सकेंगे।
– किसानों को कर्ज माफी की राशि स्वीकृत नहीं की जा सकेगी।
– कर्मचारियों ने ट्रांसफर, अटैचमेंट नहीं किए जा सकेंगे।
– राजनीतिक दलों के पदाधिकारी सरकारी भवन, विश्राम गृह आदि का उपयोग नहीं कर सकेंगे।


कहां-कितने महिला-पुरूष वोटर
विधानसभा पोलिंग पुरुष महिला अन्य योग
बुदनी 348 130524 119191 07 249722
आष्टा 331 131801 121191 04 252996
इछावर 269 106930 97109 03 204042
सीहोर 257 103979 96568 08 200555

 

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो