script

जल संकट से निपटने सवा सौ निजी बोर का अधिग्रहण

locationसीहोरPublished: Apr 19, 2019 12:10:37 pm

Submitted by:

Kuldeep Saraswat

कमाल : पार्षद मेन लाइन से अवैध कनेक्शन कर खेत की कर रहे सिंचाई, नपा कर रही निजी बोर का अधिग्रहण

sehore

जल संकट से निपटने सवा सौ निजी बोर का अधिग्रहण

सीहोर. गर्मी के सीजन में शहर को भीषण जलसंकट से जूझना पड़ रहा है। नगर पालिका ने जल संकट से निपटने के लिए शहर के करीब 122 निजी बोर का अधिग्रहण किया है। नगर पालिका ने 111 निजी बोर का अधिग्रहण पहले चरण में किया था, दूसरे चरण में 11 बोर अपने कब्जे में लिए हैं।

गर्मी तेज होने के साथ ही शहर में जल संकट हर दिन बढ़ता जा रहा है। शहर में दो दिन छोड़कर पानी की सप्लाई का दावा किया जला रहा है, लेकिन कई क्षेत्र में तीन-तीन दिन बाद भी पानी नहीं मिल रहा है। गर्मी और धूप तेज होने के कारण जमोनिया, भगवानपुरा और काहिरी जलाशय का जल स्तर तेजी से गिर रहा है। ऐसे में पानी की कमी को लेकर नगर पालिका ने निजी बोर का अधिग्रहण किया है। नपा के अफसरों की माने तो जैसे-जैसे पानी की जरूरत पड़ेगी, निजी बोर का उपयोग शुरू कर देंगे। सभी बोर मालिकों को नगर पालिका से नोटिस भेजकर अधिग्रहण की सूचना दे दी गई है।

जरूरत से आधा भी नहीं मिल रहा पानी
नगर पालिका शहर में रोज 90 लाख रुपए लीटर पानी की सप्लाई की जा रही है, इसमें से करीब 20 लाख लीटर पानी लीकेज से बर्बाद हो जाता है, शहर को महज 70 लाख लीटर पानी मिल रहा है। शहर की आबादी करीब एक लाख 35 हजार है, इस हिसाब से रोज करीब एक करोड़ 62 लाख लीटर पानी की जरूरत होती है। इस हिसाब से शहर का जरूरत के मुताबिक आधा पानी भी नहीं मिल रहा है। बताया जा रहा है कि नपा इस समय शहर में काहिरी से 30 लाख, जमोनिया से 40 लाख और भगवानपुरा जलाशय से 20 लाख लीटर पानी की सप्लाई कर रही है। इसके अलावा शहर में जल सप्लाई के लिए करीब 47 ट्यूबवेल और 332 हैंडपंप भी उपयोग में लिए जा रहे हैं।
पार्षद मेन लाइन से अवैध कनेक्शन कर ले रहे पानी
एक तरफ नगर पालिका भीषण जल संकट से निपटने के लिए लीकेज बंद कर रही है। दो दिन में एक बार पानी की सप्लाई की जा रही है। एसडीएम वरूण अवस्थी के आदेश पर निजी बोरों का अधिग्रहण किया जा रहा है और दूसरी तरफ पार्षद मेन पाइप लाइन ने अवैध कनेक्शन लेकर खेतों की सिंचाई कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला बुधवार को वार्ड क्रमांक 26 का सामने आया है। नगर पालिका के एई दीपक शर्मा ने बताया कि पार्षद साजिद शाह ने अवैध रूप से मेन लाइन में कनेक्शन कर खेतों की तरफ पाइप लाइन डाल रखी थी। नगर पालिका की टीम ने अवैध कनेक्शन काटने की कार्रवाई की है। इधर, पार्षद का कहना है कि हमने कोई अवैध कनेक्शन नहीं किया था, लीकेज था, जो नगर पालिका ने बंद कर दिया, हमें कोई दिक्कत नहीं है।

प्राइवेट टैंकरों से नहीं कराई जाएगी सप्लाई
नगर पालिका निजी बोर का अधिग्रहण और लीकेज बंद करने की कवायद शहर को पर्याप्त पानी मुहैया कराने को लेकर कर रही है। हर साल नगर पालिका प्राइवेट टैंकरों से शहर में पानी की सप्लाई करती है। जल परिवहन के नाम पर नगरीय निकायों में भ्रष्टाचार होने की शिकायत भी खूब मिलती हैं। नगर पालिका के अफसरों का प्रयास है कि जल परिवहन नहीं करना पड़े और शहर का पर्याप्त पानी मिल जाए।
इनके नलकूप का अधिग्रहण
नगर पालिका ने 16 अप्रेल को 11 नलकूप का अधिग्रहण किया है। इनमें झागरिया रोड निवासी मनोज राय, अरुण राय, इंद्रा नगर श्मशान के सामने घनश्याम यादव, जमोनिया रोड महेन्द्र सिंह राठौर, जमोनिया तालाब के पास मथराप्रसाद मेवाड़ा, देव नगर कालोनी दिलीपसिंह मेवाड़ा, भगवान पुरा तालाब रोड सजन सिंह, मांगीलाल, चंदेरी निवासी बाबूलाल पुत्र जगन्नाथ, तीस नंबर फार्म हाउस स्थित प्रमोद सिंह, झागरिया रोड निवासी विकास राय के नलकूप को एसडीएम न्यायालय से अधिग्रहण करने के आदेश जारी किए गए।
वर्जन…
– शहर में तीन जलाशय से पानी की सप्लाई की जाती है। तीनों जलाशय में पर्याप्त पानी है। निजी बोर का अधिग्रहण भी कर लिया है। जल संकट से निपटने के लिए सभी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
अमरसत्य गुप्ता, सीएमओ नगर पालिका सीहोर

ट्रेंडिंग वीडियो