आष्टा में यातायात प्रभारी ब्रजमोहन धाकड़ के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने पुरानी सब्जी मंडी में चैकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान 32 दो पहिया वाहन चालक नियमों की अवहेलना करते हुए मिले। इनमें तीन नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने यातायात नियमों का पालन नहीं करने पर वाहन चालकों को जमकर लताड़ लगाई। वही कहा कि लापरवाही दिखाकर खुद क्यों मुसीबत मोल ले रहे हो। हादसा हुआ तो खुद की जान तो जाएगी ही साथ में परिवार को अलग दुख में डाल जाओगे। पुलिस ने इन लापरवाह वाहन चालकों के चालान काटकर 11 हजार 250 रुपए का जुर्माना वसूला है।
हर दिन हो रहे हादसे
जिलेभर में हर दिन हादसे हो रहे हैं। इसमें किसी की जान जा रही है तो कई अस्पताल का मुंह देख रहे हैं। इसलिए अब वाहन चलाते समय सावधानी बरतना जरूरी है। यह तभी संभव है जब यातायात नियमों का पालन कर वाहन को धीमी गति से चलाएंगे। ऐसा किया तो खुद के साथ दूसरे लोग भी सुरक्षित रहेंगे। दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट पहनना बहुत जरूरी है। उल्लेखनीय है कि आष्टा में यातायात प्रभारी ब्रजमोहन धाकड़ के आने के बाद से ही यातायात पुलिस लगातार चौक, चौराहों पर वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की बात कहती हुई नजर आ रही है।
वर्जन...
आष्टा में यातायात नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई करने चैकिंग अभियान चलाया था। इसमें 32 वाहन चालकों के चालान काटकर जुर्माना वसूला है।
ब्रजमोहन धाकड़, यातायात प्रभारी आष्टा