सीहोर

किराया लेते हैं पूरा, फिर भी रात में बस स्टैंड नहीं लाते यात्रीबस

रात में बायपास ही उतार देते हैं चालक, पैदल सफर कर आना पड़ता है, दर्ज करा चुके हैं शिकायत फिर भी नहीं दे रहे ध्यान।

सीहोरMay 20, 2018 / 09:43 am

वीरेंद्र शिल्पी

Rent

सीहोर. यात्रियों से किराया वसूलने के बाद भी बस चालक मनमानी करने में लगे हुए हैं। वह बस में यात्रियों को शहर में बस लाने की बात कहकर बैठाते हैं, लेकिन रास्ते में ही उतारकर आगे बढ़ जाते हैं। ऐसे में उनको पैदल चलकर ही नगर आना पड़ता है। इससे उनको परेशानी उठाना पड़ती है तो बड़ी घटना का भी अंदेशा बना रहता है।
रात में शहरवासी भोपाल इंदौर सफर करने का सोच रहे हैं तो उनको यह महंगा पड़ सकता है। पहला तो इसलिए कि रात ८ बजे बाद इंदौर के लिए बस नहीं मिलेगी। उनको दो किमी दूर सैकड़ाखेड़ी जाना पड़ेेगा। दूसरा इसलिए कि इंदौर से बैठकर आए तो बस अंदर आने की बजाए बायपास ही उतार देगी।
इसके चलते यात्रियों को पैदल ही चलकर नगर तक आना पड़ता है। यह स्थिति अभी से नहीं, बल्कि पिछले कई समय से चलती आ रही है। लोग इसकी शिकायत परिवहन विभाग से लेकर पुलिस तक को शिकायत दर्ज करा चुुके हैं। इसके बाद भी कुछ नहीं हो सका है। रात्रि में चलने वाली बस के संचालक मनमानी करने में तुले हैं।

भय के बीच आना पड़ता है
बस चालक द्वारा इंदौर से आते समय चौपाल सागर, क्रिसेंट चौराहा, सैकड़ाखेड़ी पर ही उतर दिया जाता है। जब यात्री चालक से अंदर जाने की बात कहते हैं तो वह विवाद करने पर उतारू हो जाते हैं। वह सीधे यात्रियों से कह देते हैं कि बस अंदर नहीं जाएगी, यहीं पर उतरना पड़ेगा। जबकि बैठाते समय यात्रियों से बस चालक किराया पूरा वसूलते हैं। रात के समय यात्रियों को पैदल चलकर ही भय के बीच आना पड़ता है। वहीं मजबूरी में परिजन को भी वाहन लेकर बुलाना पड़ता है।

दर्ज करा चुके हैं शिकायत
इस समस्या को लेकर शहर के लोग कई बार शिकायत भी दर्ज करा चुके हैं। इसमें इस समस्या का जिक्र किया गया है। इसके बावजूद आज तक कुछ नहीं हो सका है। जब जिला मुख्यालय पर यह समस्या बनी हुई तो अन्य जगह पर क्या होगी शायद इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। इसके बाद भी इस तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा है। आरटीओ अनुराग शुक्ला ने बताया कि ऐसा है तो कार्रवाई की जाएगी।

कॅरियर काउंसलिंग में कल देंगे टिप्स
सीहोर परीक्षा में 70 प्रतिशत या अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों के लिए कॅरियर कांउसिलिंग का आयोजन किया जाएगा। नो दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में छात्र-छात्राओं को विशेषज्ञों द्वारा मार्ग दर्शन दिया जाएगा। जिन शासकीय व अशासकीय स्कूलों के विद्यार्थियों ने कक्षा 12वीं ७० फिसदी से अधिक अंक से पास की थी।
उन छात्र-छात्राओं के भविष्य निर्माण के लिए विभिन्न कॅरियर, अकादमिक विकल्पों के बारे में आधुनिक तकनीकी एवं काउंसिलिंग विशेषज्ञों द्वारा कॅ रियर काउंसिलिंग का आयोजन 21 से 30 मई तक किया जाएगा। हम छू लेंगे आसमा कार्यक्रम के तहत जिला एवं विकास खंड स्तर पर सुबह 10 बजे से काउंसलिंग आयोजित की जाएगी।
विकास खंड आष्टा व बुधनी में जनपद पंचायत कार्यालय, इछावर व नसरूल्लागंज के उत्कृष्ट विद्यालय और सीहोर विकासखंड के विद्यार्थियों के लिए उत्कृष्ट उमावि सीहोर व महिला पॉलीटेक्निक कॉलेज सीहोर में कार्यक्रम का आयोजन होगा। हम छू लेंगे आसमा योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री द्वारा राज्य स्तर से 10 बजे किया जाएगा। जिसका सीधा प्रसारण दूरदर्शन तथा आकशवाणी के माध्यम से समस्त काउंसलिंग केन्द्रों के साथ जिला पंचायत कार्यालय में किया जाएगा।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.