सीहोर

पाइप लाइन फूटने से व्यर्थ बह गया पानी, दो दिन बाद सुधार की आई नपा को याद

पहले दिन की अनदेखी, पानी संकट के चलते जनता को उठाना पड़ी परेशानी

सीहोरSep 18, 2018 / 12:27 pm

सुनील शर्मा

पाइप लाइन फूटने से व्यर्थ बह गया पानी, दो दिन बाद सुधार की आई नपा को याद

सीहोर। पाइप लाइन फूटने का खामियाजा जलसंकट के रूप में पिछले दो दिन से कई वार्ड के लोग भुगत रहे थे। व्यर्थ पानी निकलने से तेज प्रेशर की रफ्तार स्लो हो गई थी। इससे उनको व्यवस्था जुटाने इधर उधर भी भटकना पड़ा। सोमवार को इसके सुधार कार्य की नगर पालिका अमले को याद आई। आनन-फानन में पहुंचे कर्मचारियों ने घंटों बाद इसे ठीक किया। तब कहीं जाकर लाइन से पानी निकासी बंद हो सकी। इधर काम चलने तक आवाजाही भी प्रभावित हुई।

दो दिन पहले शहर के पान चौराहे पर पाइप लाइन फूट गई थी। इससे काफी मात्रा में पानी निकल रहा था। इसे नपा अमले ने समय पर सुधारने की कवायद नहीं की। इसके चलते पानी वैसे ही निकलता रहा। इस कारण गांधी रोड क्षेत्र में नलों में जितना प्रेशर से पानी आता था, वह डाउन पड़ गया था। लोग नल से पर्याप्त पानी नहीं भर पा रहे थे। मजबूरी में उनको दूसरी जगह से पानी का इंतजाम कर काम चलाना पड़ा। इससे उनको काफी परेशानी का भी सामना करना पड़ा। लापरवाही का आलम यह है कि जिस जगह पर यह पाइप लाइन फूटी थी, वहां से नपा के जिम्मेदारों का प्रतिदिन आना जाना होता है। बावजूद इसके उन्होंने इसे अनदेखा कर दिया।

घंटों तक चला काम, तब हुआ बंद
सूचना के बाद नपा अमला पाइप लाइन को ठीक करने पहुंचा। इसके लिए आसपास की जगह को खोदा गया। यह काम घंटों तक चला। तब कहीं जाकर पाइप लाइन ठीक हो सकी। उसके बाद ही पानी निकासी बंद हुई। यहां के लोगों ने बताया कि अमले को उसी दिन इसकी सूचना दे दी थी। इसके बाद भी कोई नहीं पहुंचा। जिससे पानी सड़क पर ही बहता रहा। सुधार कार्य चलने से मार्ग के दोनों तरफ संकेतक बोर्ड लगा दिए थे। इस कारण आवाजाही प्रभावित हुई। पैदल राहगीर और दो पहिया वाहन ही निकल पा रहे थे। मजबूरी में कई लोगों को रास्ता बदलकर जाना पड़ा। बता दे कि हर कभी इस प्रकार की स्थिति बन जाती है। बावजूद इसे नपा गंभीरता से नहीं ले रही है।

सुधार कर दिया है
पाइप लाइन फूटने के बाद उसको ठीक कर दिया है। वार्ड में वैसे पाइप लाइन फूटने से सप्लाई में ज्यादा प्रभावित नहीं हुई। रफ्तार जरूर थोड़ी स्लो हुई थी।
एनसी राठौर, जल शाखा प्रभारी नगर पालिका सीहोर

Home / Sehore / पाइप लाइन फूटने से व्यर्थ बह गया पानी, दो दिन बाद सुधार की आई नपा को याद

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.