scriptसाहब! तीन महीने की मेहनत पर पानी फेर गए चंद मिनट गिरे ओले | Weather Change Hailstorm Has Damaged Crops in madhya pradesh | Patrika News

साहब! तीन महीने की मेहनत पर पानी फेर गए चंद मिनट गिरे ओले

locationसीहोरPublished: Feb 14, 2018 11:23:05 am

मुआवजे और बीमे के लिए दूसरे दिन भी तहसील में धरने और भूख हड़ताल पर डटे रहे पीडि़त किसान

crops

सीहोर/नसरुल्लागंज। साहब! तीन महीने की मेहनत पर पानी फेर गए चंद मिनट गिरे ओले। अब घर में खाने को भी कुछ नहीं बचा। हम तो बर्बाद हो गए। ये दर्द किसी एक किसान का नहीं है, बल्कि ओला प्रभावित क्षेत्र के उन किसानों का है, जिनकी फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई है।

दो दिन पहले हुई ओलावृष्टि से चौपट हुई फसल के मुआवजे और बीमे की आस में मंगलवार को भी कई किसान तहसील परिसर में बैठे रहे। जिले में ओलों की मार से कई खेतों में सौ फीसदी तक फसलें तबाह हो गईं हैं। घाट मुहाई गांव के धन्नूलाल ने बताया कि उसके पास सात एकड़ जमीन है। इस पर चने की बोवनी की थी। रविवार को ओले ने पूरी फसल बर्बाद कर दी है। अब 50 हजार का कर्जा चुकाने की चिंता सताने लगी है। खेती के अलावा कमाई का कोई चारा नहीं है।

चिचली गांव के अमर सिंह ने कहा कि जब से ओले गिरे हैं घर का कोई सदस्य ठीक से सोया नहीं है। पांच एकड़ जमीन का चना बर्बाद हो गया है। साहूकारों का 25 हजार और सोसायटी का 75 हजार रुपए देना है। घर में पांच लोग है। घर चलाने तक की दिक्कत साफ नजर आने लगी है। ग्राम मंजाखेड़ी के राम भरोस ने कहा कि उसने चार एकड़ में चने की बोवनी की थी। उसकी आंखों के सामने तीन महीने की मेहनत पर ओलो ने पलभर में पानी फेर दिया।

हमें त्वरित सहायता दी जाए, न कि हर बार की तरह कोई झूठा आश्वासन
नसरुल्लागंज के करीब एक दर्जन गांवों के सैकड़ों किसान सोमवार को 30 किमी पैदल चलकर तहसील कार्यालय पहुंचे थे, जहां उन्होंने एसडीएम को समस्या बताई और कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं बीमा कंपनी के अधिकारियों को लेकर आए और शीघ्र बीमा दिलाएं। ऐसा नहीं होने की स्थिति में किसान तहसील परिसर में ही धरने और भूख हड़ता पर बैठ गए। तहसील में पांडागांव के सुनील गोल्या और हमीदगंज के अर्जुन आर्य भूख हड़ताल पर बैठे हैं। किसानों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा ने हमारी पूरी फसल चौपट कर दी है। ऐसे में हमें त्वरित सहायता दी जाएं न कि हर बार की तरह कोई झूठा आश्वासन।

20 पटवारी हल्के आपदा प्रभावित घोषित
कलेक्टर तरुण कुमार पिथोड़े ने नसरुल्लागंज के १९ और इछावर के एक हल्के पटवारी को आपदा प्रभावित क्षेत्र घोषित किया है। मसूर के मामले में तहसील को आपदा प्रभावित क्षेत्र घोषित किया है। इनमें नसरुल्लागंज का पटवारी हल्का 2 ग्राम घुटवानी, 3 इटावा खुर्द, 4 मुहाई, 5 बाई, ६ बचगांव, ७ कुमनताल, ८ सुकरवास, 9 मांझी खेड़ी, 10 हमीद गंज, ११ बसंतपुर, पांगरी, १२कुरी, नयापुरा, 13 रफीकगंज, १४ छापरी, 15 श्यामपुर, 16 मगरिया, ३४ निमोटा, ३६ अम्बा कदीम, ३७ सिंहपुर, ३८ झाली और इछावर का पटवारी हल्का ६२ बावडिया चौर शामिल है। कलेक्टर ने मंगलवार को बोरखेडा, जाटमोहाई, हमीदगंज, बाईबोडी, मगरिया, पिपलानी, घुटवानी सहित एक दर्जन से अधिक गांवों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर एसडीएम हरीसिंह चौधरी भी उपस्थित थे।

 

मुख्यमंत्री आज ग्राम जाट मोहाई आएंगे
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को भोपाल से हैलीकाप्टर द्वारा सुबह 9.45 बजे नसरूल्लागंज के ग्राम जाट मोहाई आकर ओला प्रभावित क्षेत्र का अवलोकन करेंगे। वह सुबह 11.15 बजे यहां से ग्राम टोंकखुर्द जिला देवास के प्रस्थान करेंगे।

मुख्यमंत्री को किसानों की फ्रिक नहीं : कांग्रेस
जाटमोही ,बोरखेडा,चीचली गावों में में ओलावृष्टि से खराब फसलों को देखने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव पहुंचे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की विधानसभा में किसान धरने पर बैठे हैं और वह दिल्ली में घूम रहे हैं। किसानों की फ्रिक तक नहीं ली।

वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन अध्यक्ष से भी नहीं माने
मंगलवार को भूख हड़ताल खत्म करने पहुंचे वेयर हाउसिंग अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह राजपूत, भाजपा जिला उपाध्याक्ष रवि मालवीय, भाजयुमो अध्यक्ष राजेश राजपूत, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेश लखेरा, चंद्रकांत खंडेलवाल ने किसानों को आश्वासन दिया। वहीं आप पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष आलोक अग्रवाल भी किसानों के बीच पहुंचे, लेकिन किसान नहीं माने।

30 गांव में गेहूं की फसल पूरी बर्बाद
कृषि विभाग के डीडीए अवनीश चतुर्वेदी ने बताया कि जिले के ६२ गांवों में से सबसे अधिक ४० गांव नसरुल्लागंज के हैं। आष्टा के दो, इछावर के दो, बुदनी के तीन और सीहोर के 15 गांवों में ओलावृष्टि से नुकसान की बात सामने आई है। एसडीएम हरी सिंह चौधरी ने बताया कि नसरुल्ल्लागंज के 30 गांवों में चने में सौ और गेहूं में ८० प्रतिशत प्रभावित होने की बात सामने आई है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो