scriptओलावृष्टि के बाद बर्बाद फसल देख फटा किसानों का कलेजा | After the hail, the waste of the peasants saw the waste crop | Patrika News

ओलावृष्टि के बाद बर्बाद फसल देख फटा किसानों का कलेजा

locationसिवनीPublished: Feb 14, 2018 11:33:52 am

Submitted by:

mahendra baghel

ओलावृष्टि ने मचाई भारी तबाही

rain farmers
सिवनी. सिवनी, बरघाट, केवलारी व कुरई विकासखंड के सैकड़ों ग्राम में मंगलवार की दोपहर करीब दो बजे व शाम ६.४५ बजे से आसमान से गिरे ओले ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई। किसानों की खेत में खड़ी गेहूं की बालियां अलग हो गई। पानी थमने के बाद खेत पहुंचे किसान दहाड़े मारकर रोने लगे। हर एक ने दूसरे को ढांढस बंधाने की कोशिश। लेकिन इस फसल के साथ किसी की बेटी के शादी करने की अरमान धुंधली हुई तो किसी के अधूरे मकान का काम पूरा करने का सपना टूट गया। बेटे के पढ़ाई के लिए फसल बेचकर पैसे भेजने की सोच रहे किसानों को भी प्राकृति ने बड़ा झटका दिया है।
ऐरमा की एक महिला किसान खेत की हालत देखकर बेहोश गई। आसपास के लोगों ने जब उसे होश में लाया तो वह दहाड़े मारकर रोने लगी। खेत पहुंचे किसानों को देखकर ऐसा लग रहा था मानो उनका सबकुछ लूट गया है। उनके मायूस चेहरे उनकी बर्बादी की दास्तां बयां कर रही थी।
किसानों की माने तो ओले की मार से खेतों में खड़ी करीब ९५ फीसदी से अधिक फसल बर्बाद हो चुकी है। किसानों के अनुसार छह से १० इंच तक की मोटी परत खेत व सड़कों पर बिछ गई है। खपरैल व सीमेंटड सीट के मकान की छत टूट गई है। घरों में पानी आने लगा है। कई परिवार को छुपने तक की जगह नहीं बची है। बड़े, बूढ़े और बच्चे परेशान नजर आए। ओले गिरने के साथ ठंड भी बढ़ गई है।
बारिश की संभावना
मौमस विभाग के अनुसार सोमवार से मंगलवार की शाम तक करीब २४.४ एमएम बारिश हुई है। आगे भी बारिश की संभावना बनी हुई है।

फसल बर्बाद, कबेलू टूटे
केवलारी. क्षेत्र के ग्राम पांजरा, ढुटेरा, परासपानी, खापा, लोपा आदि ग्राम में शाम ६.४५ बजे ओले गिरे। करीब २० मिनट तक गिरे ओले खेतों में खड़ी फसल के साथ कबेलु और सीमेंट सीट को तोड़ दिया। ग्रामीण श्याम शुक्ला, पुरुषोत्तम दुबे, इंदर झारिया, जगदीश झारिया, श्याम पटेल ने बताया कि ओले इतनी तेजी से गिरे की करीब एक फुट की मोटी परत जम गई। घर के अंदर तक पानी चला गया।
बखारी क्षेत्र में पड़े ओले
बंडोल/बखारी. क्षेत्र में शाम को ६.३० बजे के बाद ओले गिरने शुरू हुए। इससे ग्राम बखारी सहित सागर, लापता, जमुनिया, पोतलपानी, समनापुर, पिपरिया, ओरिया, केवलारी, बरसला, रामगढ़, खैरी, भटमा, चारगांव, गुढ़ी में गेहूं, चना आदि की फसल बर्बाद हो गई। उधर बंडोल, अलोनिया, बांकी, ढाना, जमुनिया, बीसावाड़ी, कलारबांकी, कुकलहा, बजरवाड़ा आदि ग्राम में ओले पड़े। सड़क पर ओले बिछ गए, जिससे सड़क सफेद दिखने लगा।
खेतों में फसल बर्बाद
पलारी/भोमा. शाम को ६.४५ बजे चंदनवाड़ा, मेरा, थावरी, रहयाही, दूधिया, चंद्रूटोला, धुटेरा, पाथरबोड़ी, पलारी चौराहा, डूंडा सिवनी, परतला, बिछुआ, खैरापलारी, लोपा, नवीन पलारी, मेहरा आदि में ओले पड़े। खेतों में खड़ी फसल बर्बाद हो गई है। भोमा क्षेत्र के किसान श्याम सिंह ने बताया कि कन्हान क्षेत्र में सबसे अधिक तबाही हुई है। झगरा में घर के बाहर खड़ी कार पर ओले गिरने से कॉच टूट गया।
ओले ने बर्बाद किए फसल
मोहगांव. दोपहर करीब दो बजे के आसपास बारिश के साथ अचानक आसमान से गिरे ओले ने स्थानीय ग्राम सहित क्षेत्र के ऐरमा, बादलपार, करहैया, छीतापार, पतरई सहित दर्जनभर ग्रामों में जमकर तबाही मचाई। बारिश थमने के बाद किसानों की खेत में खड़ी फसल बर्बाद हो गई। किसान योगेश सूर्यवंशी, राहुल सनोडिया, सोनम सिंह आदि ने बताया कि खेत में कुछ भी नहीं बचा है।
ओलावृष्टि से बिछ गई फसल
अरी/गंगेरुआ. बरघाट विकासखण्ड के ग्राम पंचायत अरी व आसपास के गांव में दोपहर लगभग दो बजे ओलावृष्टि हुई। करीब 15 मिनट हुई ओलावृष्टि ने फसल को चौपट कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि बेर के आकार के ओले गिरे। इससे ग्राम गोकलपुर, सुकला, बोरी, ताखला, दोंदीवाड़ा, सजनवाड़ा, उसरी आदि के खेत में खड़ी फसल बर्बाद हो गए। ग्रामवासियों ताखला निवासी चम्पालाल बोपचे, राजकिशोर हरिनखेड़े, उदेश पटले आदि ने बताया कि पिछले दो दिनों से मौसम में हुए बदलाव और बारिश के साथ मंगलवार को हुई ओलावृष्टि से गेहूं, चना, लखोड़ी, बटाना, मटरा, मूंगफली आदि फसलों को काफी नुकसान हुआ है। किसानों ने शासन-प्रशासन से फसल नुकसानी का शीघ्र सर्वे कार्य कराए जाने व क्षतिग्रस्त फसलों के मुआवजे की मांग की है।
मकान का छप्पर टूटा, दूसरे के घरों में लिया शरण
कान्हीवाड़ा. क्षेत्र के दादू खमरिया में ओले गिरे। इससे ग्राम के पूरे मकान के खप्पर टूट गए। कबेलू के मकान वाले लोग घर से बाहर निकलकर ओले में ही दूसरे के छत वाले मकान में जाकर शरण लिया। ग्रामीणों ने बताया कि इतने बड़े पैमाने पर आज तक ओल गिरते नहीं दिखे थे।

सांसद करेंगे ओला प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण
सिवनी. सांसद बोधसिंह भगत, कलेक्टर गोपालचंद्र डाड के साथ बुधवार को कुरई एवं बरघाट विकासखंड के ओलावृष्टि से प्रभावित ग्रामों का भ्रमण करेंगे। इससे संबंधित अधिकारी औश्र कर्मचारी भी उपस्थित रहेंगे।

अधिकारियों को भेजा मौका मुआयना करने
बरघाट व कुरई तहसील के अलावा अन्य जगहों से ओलावृष्टि की जानकारी मिली है। हर ग्राम में अधिकारियों को मौका मुआयना करने का निर्देश जारी कर दिया है। सभी अधिकारी ग्रामों में चले गए हैं।
– गोपालचंद्र डाड, कलेक्टर सिवनी.
कलेक्टर तुरंत क्षतिपूर्ति दिलाने की करें कार्रवाई
कलेक्टर एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि बरघाट एवं कुरई विकासखंड के ग्रामों में हुई ओलावृष्टि से फसल नुकसानी का त्वरित सर्वे करवाकर आरबीसी 6 (4) अंतर्गत प्रकरण तैयार कर किसानों को क्षतिपूर्ति दिलाने की कार्रवाई करें। प्रदेश शासन द्वारा कृषकों की हर संभव मदद किया जाएगा।
– गौरीशंकर बिसेन, मंत्री किसान कल्याण एवं कृषि विकास मध्यप्रदेश

ट्रेंडिंग वीडियो