सिवनी

भोले की निकली बारात, शहरवासी बने बाराती

सिद्धपीठ मठ मंदिर में हुआ आयोजन, बड़ी संख्या में शामिल हुए लोग

सिवनीMar 12, 2021 / 09:23 pm

sunil vanderwar

भोले की निकली बारात, शहरवासी बने बाराती

सिवनी. पूरे दिन शिवालयों में दर्शन, पूजन के बाद संध्याकाल में भगवान भोलेनाथ की बारात व विवाह आयोजन को देखने की श्रद्धालुओं में उत्सुकता रही। सिद्धपीठ मठ मंदिर से महाशिवरात्रि के मौके पर देवाधिदेव भगवान भोलेनाथ की बारात धूमधाम से निकली। जगह-जगह स्वागत हुआ। महाशिवरात्री के मौके पर एक दिन पहले मठ मंदिर पर जहां बारात से पहले हल्दी और मेहंदी की रश्म निभाई गई। वहीं गुरूवार को भगवान भोलेनाथ की बारात भक्तिभाव से निकाली गई। शहर में जश्न का माहौल देखा गया। बारात में देव-दानव, भूत, पिशाच तो हिस्सा बने ही किन्नरों ने भी भोले की बारात में जमकर नृत्य किया।
शहर के मठ मंदिर से हर वर्ष भगवान भोलेनाथ की बारात धूमधाम से निकाली जाती है। यह पिछले कई वर्षों से आयोजन हो रहा है। मठ मंदिर से आयोजित की गई इस बारात में श्रद्धालु भक्तिभाव से शामिल हुए। एक ओर जहां पुरूष वर्ग भोले की बारात में नाचते-गाते नजर आए तो वहीं दूसरी ओर महिलाएं भी भगवान शिव की बारात में सामूहिक रूप से नृत्य करती देखी गईं। पूरा शहर शिवमय होता नजर आया। बारात को आकर्षक और प्रभावी बनाने के लिए कई तरह के इंतजाम किए गए थे। शैला, गेंडी के अलावा कई अन्य प्रांतों के नृत्य व प्रस्तुति हुई। शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के मस्तक पर चंदन का तिलक लगाया गया। इस बारात में कई युवा घोडों पर बैठे नजर आये तो दूसरी ओर शिवजी को चलित मुद्रा में दिखाया गया। जिसके आगे युवाओं की भीड नाचती-गाती नजर आई। इसी बीच दुलदुल घोडी भी इस बारात में हैरत अंगेज कारनामे करती नजर आई, जिसके प्रदर्शन देखने के लिए लोगों की भीड पूरे समय जमा रही। भगवान भोलेनाथ व माता पार्वती के रूप में भी कलाकारों को एक रथ में सवार होकर निकाला गया। कई डीजे आकर्षक लाइटिंग के साथ धार्मिक गीत बजाते बढ़ते रहे।
बारात लौटकर मठ मंदिर मैदान पर आई, जहां शिव-पार्वती की प्रतिमा का प्रतीकात्मक विधि-विधान से विवाह आयोजन हुआ। वधु पक्ष के लोगों ने बारात की अगवानी की। भजन संध्या का आयोजन व भण्डारा वितरण हुआ। कई हजार लोग आयोजन में शामिल हुए। आयोजन में सिवनी विधायक दिनेश राय, भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक दुबे, कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजकुमार खुराना सहित अन्य शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस व प्रशासन की विशेष व्यवस्था देखने को मिली।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.