जिले की आठ में से पांच जनपद पर भाजपा, तीन में काबिज हुई गोंगपा
गुरूवार को चुनाव में केवलारी व कुरई जीती भाजपा, छपारा व धनौरा में गोंगपा सफल
सिवनी
Published: July 28, 2022 09:35:54 pm
सिवनी. जिले की चार जनपद पंचायत केवलारी, कुरई, छपारा एवं धनौरा में निर्वाचित जनपद सदस्यों ने गुरूवार को अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव किया। इससे एक दिन पूर्व बुधवार को सिवनी, बरघाट, लखनादौन एवं घंसौर जनपद के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष चुने जा चुके हैं। गुरूवार को चार जनपद के चुनाव में से कुरई व केवलारी जनपद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के पद भाजपा के खाते में गए हैं। जबकि धनौरा जनपद में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के निर्विरोध निर्वाचन में गोंगपा सफल रही। इधर छपारा जनपद में अध्यक्ष पर गोंगपा एवं उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित उम्मीद्वार ने जीत हासिल की है। इस तरह आठ में से पांच जनपद पर भाजपा, तीन जनपद में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी अध्यक्ष की कुर्सी पाने में सफल रही। कांग्रेस को कुछ जगहों पर उपाध्यक्ष पद से ही संतोष करना पड़ेगा।
छपारा में गोंगपा और कांग्रेस ने अध्यक्ष-उपाध्यक्ष एक दूसरे के सहारे बनाए
जनपद पंचायत छपारा के अध्यक्ष सदम सिंह बरकड़े को चुना गया, वहीं प्रभात सिंह ठाकुर को जनपद उपाध्यक्ष चुना गया है। भाजपा और गोंडवाना के अलावा अन्य किसी ने अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के लिए यहां नामांकन दाखिल नहीं किया था। अध्यक्ष का चुनाव गोंगपा समर्थित सदम सिंह बरकड़े और कांग्रेस की राजेश्वरी राजीव उइके के बीच चुनाव हुआ। जिसमें राजेश्वरी उइके को 6 वोट मिले, जबकि सदम सिंह को 7 वोट मिले। इसी तरह जनपद उपाध्यक्ष के चुनाव में कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी प्रभात सिंह ठाकुर ने जनपद उपाध्यक्ष का नामांकन दाखिल किया, वहीं भाजपा की ओर से नीलम पीतेंद्र सिंह ने नामांकन दाखिल किया था जिन्हें कुल 6 वोट मिले, वहीं प्रभात ठाकुर को 7 वोट मिले जो उपाध्यक्ष निर्वाचित हो गए। छपारा जनपद में कांग्रेस और गोंडवाना का गठबंधन देखने को मिला, जबकि भाजपा अपने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनाए जाने को लेकर दावा कर रही थी, यहां सारे दावे फेल हो गए और कांग्रेस गोंडवाना का गठबंधन सफल रहा।
बर्रा की बैठक रही चर्चा में, जश्न मना रही कांग्रेस
छपारा जनपद के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव के एक दिन पहले बुधवार को बर्रा में गोंडवाना और कांग्रेस की बैठक सोशल मीडिया में काफी चर्चा में थी। बैठक कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व विधायक ठाकुर रजनीश सिंह के निवास पर हुई थी। अध्यक्ष-उपाध्यक्ष निर्वाचित होने पर जनपद पंचायत कार्यालय छपारा से कांग्रेस और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का विजय जुलूस निकाला गया जहां कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष ठाकुर जयकेश सिंह शामिल हुए। जुलूस कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष आरिफ पटेल के निवास पहुंचा जहां दोनों ही निर्वाचित अध्यक्ष उपाध्यक्ष की जीत पर कार्यकर्ताओं ने सम्मानित किया। भाजपा की ओर से जो प्रत्याशी अध्यक्ष के लिए बनाया गया था वह भाजपा मंडल अध्यक्ष बीजादेवरी राजीव उईक की पत्नी है जो अध्यक्ष का चुनाव हार गईं। कांग्रेस और गोंडवाना का गठबंधन यहां पर छपारा जनपद में सरकार बनाने में सफल नजर आया है।
जनपद पंचायत केवलारी में रहा भाजपा का दबदबा
जनपद पंचायत केवलारी के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने बाजी मार ली है। खैरापलारी निवासी रणजीत सिंह ठाकुर ने अध्यक्ष पद पर विजय हासिल किया है। यहां रणजीत सिंह को ११ वोट मिले थे, जबकि इनके प्रतिद्वंदी कांग्रेस समर्थित आनंद भगत ०९ वोट हासिल कर सके थे। इसी तरह भाजपा समर्थित बागडोंगरी निवासी मोतन पूनाराम चौधरी ने उपाध्यक्ष पद पर विजय हासिल की हैं। इन्हें जनपद सदस्यों के १२ वोट मिले थे, जबकि प्रतिद्वंदी कांग्रेस समर्थित मुकेश राजपूत मात्र ०८ वोट हासिल कर पाए थे। जनपद सदस्य के चुनाव के बाद से ही रणजीत सिंह के नाम पर कयास लगाए जा रहे थे, जिस पर आज मुहर लग गई है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष रणजीत सिंह केवलारी जनपद की खैरा पलारी ग्रामपंचायत से पूर्व सरपंच भी रह चुके हैं और अपने सरपंच कार्यकाल के दौरान किए गए विकास कार्यों को सामने रखते हुए इस बार जनपद पंचायत का चुनाव लड़ा था। जिसमें केवलारी जनपद पंचायत की पूर्व जनपद अध्यक्ष रंजना ठाकुर को परास्त करते हुए जनपद सदस्य का चुनाव जीता था।
कुरई में दोनों पदों पर जीते भाजपा समर्थित प्रत्याशी
जनपद पंचायत कुरई के १८ जनपद सदस्यों के बीच से अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए नामांकन करने वाले प्रत्याशियों में भाजपा की रणनीति सफल रही और दोनों पद भाजपा के खाते में गए। यहां से जनपद अध्यक्ष पद पर लोचन सिंह मर्सकोले जीते हैं। इनको 11 वोट मिले, जबकि निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस समर्थित राधेश्याम धुर्वे को 7 वोट ही पा सके, इस तरह 4 वोट से लोचन सिंह विजय हुए। वहीं उपाध्यक्ष का चुनाव हरदीप सिंह भाटिया को १३ वोट एवं कांग्रेस समर्थित सविता कर्वेती को ०५ वोट मिले। कुरई जनपद परिसर में जैसे ही भाजपा के दोनों समर्थित प्रत्याशियों की घोषणा हुई कार्यकर्ताओं ने पटाखे थोड़कर जीत का जश्न मनाया।
धनौरा में निर्विरोध चुने गए अध्यक्ष-उपाध्यक्ष
जनपद पंचायत धनौरा के १२ वार्डों से निर्वाचित हुए जनपद सदस्यों ने आपसी सहमति बनाई और अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के लिए एक-एक नाम पर सहमत होते हुए निर्विरोध निर्वाचन कर ऐतिहासिक फैसला दिया है। यहां से गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के समर्थित जनपद सदस्य गुलाबसिंह भलावी को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। इसी तरह उपाध्यक्ष के लिए अर्जुन सिंह उइके का चयन भी सदस्यों ने निर्विरोध किया है। दोनों की जीत पर क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं, समर्थकों ने उत्साह में आतिशबाजी, रंग-गुलाल, फूलमाला के साथ जुलूस निकालकर खुशी जाहिर की।
कांग्रेस से दूर हुई अध्यक्ष की कुर्सी
जिले की आठ जनपदों में कहीं भी कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष की कुर्सी पाने में सफल नहीं हो सकी। जबकि गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के नेताओं ने जोर लगाकर जिले की तीन जनपद घंसौर, छपारा और धनौरा को अपने खाते में कर लिया है। इस जीत को गोंगपा भविष्य में संगठन की मजबूती भी मान रही है। इधर कांग्रेस नेता जनपदों में कांग्रेस की हार पर मंथन कर रहे हैं। भविष्य में होने वाले चुनावों पर भी इस फेरबदल का असर देखने को मिल सकता है।

जिले की आठ में से पांच जनपद पर भाजपा, तीन में काबिज हुई गोंगपा
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
