अज्ञात आरोपी के विरूद्ध हत्या का मामला दर्ज
संदिग्ध परिस्थितियों में मिली प्रियंका की हुई थी हत्या, पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण, हत्या किसने और क्यों की पुलिस लगा रही है पता

सिवनी. छपारा थाना क्षेत्र के जूनापानी में बीते सोमवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मिले महिला की हत्या हुई थी। पुलिस ने इस मामले में पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद शुक्रवार को अज्ञात के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि महिला की हत्या सफाई के साथ गला दबाकर की गई है। उसकी हत्या किसने और क्यों की? अभी यह अबूझ बना हुआ है। पुलिस ने इस मामले में मृतका के परिजनों के बयान लिए हैं। पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है।
गौरतलब है कि जूनापानी निवासी मृतका प्रियंका सनोडिया (25) का शव उसके घर में मिला था। उसके बगल के कमरे में सो रहे उसके भाई ने पुलिस को बताया था कि रात्रि करीब 12 बजे वह किसी से मोबाइल पर बात कर रही थी। उस समय उसने उससे टीवी का अवाज धीमा करने के लिए बोला था। इसके बाद वह सो गया। सुबह में उठा तो वह कमरे में मृत पड़ी थी। घटना के दिन मृतका के माता-पिता किसी रिश्तेदार के यहां गए थे। मृतका की शादी करीब सात वर्ष पूर्व सागर जिले के ग्राम पंडरिया में हुई थी। वह 22 मई को बहन की शादी में घर आई थी। इसबीच उसकी हत्या हो गई। छपारा टीआई राजन उइके ने बताया कि महिला की हत्या हुई है। शुक्रवार को हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सारे बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। दो दिन में हत्या का खुलासा हो सकता है।
अब तक पुलिस नहीं निकलवा पाई कॉल डिटेल
मृतका रात्रि करीब 12 बजे तक मोबाइल पर बात कर रही थी। इसकी पुष्टि पुलिस ने भी की है। उसकी हत्या के संबंध में मोबाइल के कॉल डिटेल का रोल अहम है, लेकिन पुलिस शुक्रवार तक उसका कॉल डिटेल नहीं निकलवा पाई थी। टीआई उइके ने बताया कि अभी कॉल डिटेल नहीं मिल पाया है।
अब पाइए अपने शहर ( Seoni News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज