script

आधी रात के बाद आया भूकंप, चिल्लाते हुए घर से बाहर निकले लोग, दहशत

locationसिवनीPublished: Nov 23, 2020 10:20:47 am

Submitted by:

akhilesh thakur

रात्रि 1.45 से सुबह 7.35 बजे तक आए कई झटकें

1576564457himachal-bhukamp.jpg
सिवनी. शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में शनिवार की देर रात 1.45 बजे तेज आवाज के साथ भूकंप के झटके आए। उसी समय लोग बिस्तर से उठकर चिल्लाते हुए घर से बाहर निकल गए। घर के बाहर निकले लोग दहशत में दिखें। पुलिस के वाहन तेज आवाज में सारयरन बजाते हुए शहर से गांव तक चक्कर लगाना शुरू कर दी। संयोग अच्छा रहा कि 4.3 रिक्टर तीव्रता का भूकंप होने से कहीं भी बड़ा नुकसान नहीं हुआ। भूकंप के झटके सुबह 7.35 बजे तक कई बार महसूस किए गए हैं। लोगों के घरों में दरार आ गई हैं। राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने सर्वे किया हैं।

गौरतलब है कि सिवनी में कोरोना संक्रमण का प्रभाव शुरू होने के साथ ही भूकंप के झटके महसूस किए जाने लगे थे। करीब तीन माह पूर्व भूकंप आने की पुष्टि जिला प्रशासन ने की। तीन माह के अंदर आए भूकंप के झटकों में शनिवार की देर रात का झटका काफी तेज रहा। भूकंप का यह झटका शहर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा कान्हीवाड़ा, भोमा, कुरई, भोंगाखेड़ा, उड़ेपानी, तिघरा, पुसेरा, बखारी में महसूस किए गए हैं। नागपुर में भी भूकंप के झटके महसूस किए जाने की बात बताई जा रही है।

भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र एवं नेशनल सेंटर फॉर सिसमोलाजी से प्राप्त जानकारी अनुसार शनिवार की देर रात 1.45 बजे सिवनी में 22.10 उत्तरी अक्षांश 79.55 पूर्वी देशांतर के निकट 4.3 रिक्टर तीव्रता का भूकंप दर्ज हुआ है। इसका एपीसेंटर 10 किलोमीटर गहराई में स्थित है। जिला प्रशासन भारतीय मौसम विज्ञान के वरिष्ठ वैज्ञानिकों के सतत संपर्क में हैं। सभी वरिष्ठ कार्यालय को जानकारी उपलब्ध कराई जा चुकी हैं।

कलेक्टर डॉ. राहुल हरिदास फटिंग ने नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा हेतु मौसम विज्ञान विभाग द्वारा बताए गए सभी सतर्कता बरतने के निर्देश जारी कर दिए हैं। पुलिस, होमगाड्र्स, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य एवं स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारियों को समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए अलर्ट पर रहने के लिए आदेशित किया गया है। उधर वैज्ञानिक वेदप्रकाश का कहना है कि कम रिक्टर के भूकंप से कोई नुकसान नहीं होगा। जमीन के नीचे लंबे समय से इक_ा हुई ऊर्जा निकल रही हैं। इसकी वजह से यह स्थिति बन रही है।
भूकंप के झटकों को लेकर अलर्ट रहे जिला प्रशासन : सीएम


मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार की देर रात सिवनी में आए भूकंप के झटकों के संबंध में जिला प्रशासन से विस्तृत जानकारी प्राप्त की हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने निर्देश दिए हैं कि भारत सरकार के मेट्रोलॉजी विभाग से सतत् संपर्क में रहते हुए भूकंप की स्थिति में बरती जानी वाली सावधानियों की जानकारी प्राप्त कर आमजन को अवगत कराया जाए ताकि आमजन में भय की भावना उत्पन्न न हो। कहा कि प्रशासन द्वारा नागरिकों को विभिन्न जनमाध्यमों से आवश्यक परामर्श दिया जाए। उन्होंने 26 अक्टूबर को 3.3 रिक्टर के भूकंप के झटके रिकार्ड किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि अब पुन: शनिवार की देर रात 4.3 रिक्टर की तीव्रता का भूकंप दर्ज हुआ है। उन्होंने जिला प्रशासन को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।
रात से ही सक्रिय हैं टीम


भूकंप को लेकर प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया हैं। जबलपुर व छिंदवाड़ा से एसडीआरएफ की टीम सिवनी आ रही है। वैज्ञानिकों का एक दल भी सिवनी पहुंच रहा है। लोगों को सजग रहने की समझाइश दी जा रही है। देर रात से ही प्रशासन की टीम सक्रिय हो गई है।
– डॉ. राहुल हरिदास फटिंग, कलेक्टर सिवनी

ट्रेंडिंग वीडियो