scriptभूकंप : अलाव जलाकर सड़क किनारे बिताई रात, घर के बाहर चदर ओढ़कर बैठे दिखे लोग | Earthquake: Burned bonfire, spent the night on the roadside, people we | Patrika News

भूकंप : अलाव जलाकर सड़क किनारे बिताई रात, घर के बाहर चदर ओढ़कर बैठे दिखे लोग

locationसिवनीPublished: Nov 23, 2020 10:03:42 am

Submitted by:

akhilesh thakur

खिसक गई चारपाई, 16 से 20 सेकेण्ड तक हिलते रहे घरों के दरवाजे

1576564457himachal-bhukamp.jpg
सिवनी. भूकंपों का शहर बनने की राह पर बढ़ रहे सिवनी के बाशिंदे दहशतजदा हैं। भूकंप ने लोगों के दिन का चैन व रातों की नींद उड़ा दी हैं। बीते शनिवार की देर रात आए भूकंप के झटके के बाद घर से बाहर निकले डूंडासिवनी व छिडिय़ा पलारी के लोग दुबारा अंदर जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। सैकड़ों परिवार अपने-अपने घर के बाहर बच्चों के साथ चदर ओढ़े दिखाई दिए। कुछ लोगों ने अलाव जलाकर रात बिताई।

लोगों का कहना है कि देर रात आए भूकंप का झटका अब तक का सबसे तेज रहा। कई लोगों की चारपाई खिसक गई तो घर के अंदर का दरवाजा करीब 16 से 20 सेकेण्ड तक हिलता रहा। आवाज इतनी तेज थी कि पक्के मकानों में सोए लोग भी जग गए। दर्जनों मकान में दरार आ गई हैं। आम से खास तक भूकंप की जानकारी के लिए रात में ही एक दूसरे से संपर्क करने लगे। सोशल मीडिया में देर रात तक केवल भूकंप की ही चर्चा छाई रही। इस बार भूकंप के झटके उन गांवों में भी महसूस किए गए हैं, जहां अभी तक कोई झटका नहीं पहुंचा था।

लगातार आ रहे भूकंप के झटके की वजह से दर्जनों परिवार के लोग गैर जिले और प्रांत में रहने वाले अपने रिश्तेदारों के यहां पहुंच गए हैं। कुछ लोग अब जाने की तैयारी करना शुरू कर दिए हैं। लोगों का मानना है कि यदि जान बची रहेगी तो सबकुछ दुबारा हो जाएगा, लेकिन यदि भूकंप किसी दिन अधिक तीव्रता का आया तो सबकुछ खत्म होते देर नहीं लगेगी। जिला प्रशासन व वैज्ञानिकों के कम तीव्रता के भूकंप आने के दांवे की पोल शनिवार की देर रात खुल गई।

सिवनी से नागपुर तक महसूस किए गए भूकंप के झटके
सिवनी. शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में शनिवार की देर रात १.४५ बजे तेज आवाज के साथ भूकंप के झटके आए। उसी समय लोग बिस्तर से उठकर चिल्लाते हुए घर से बाहर निकल गए। घर के बाहर निकले लोग दहशत में दिखें। पुलिस के वाहन तेज आवाज में सारयरन बजाते हुए शहर से गांव तक चक्कर लगाना शुरू कर दिया। संयोग अच्छा रहा कि ४.३ रिक्टर तीव्रता का भूकंप होने से कहीं भी बड़ा नुकसान नहीं हुआ। भूकंप के झटके सुबह ७.३५ बजे तक कई बार महसूस किए गए हैं। लोगों के घरों में दरार आ गई हैं। राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने सर्वे किया हैं। गौरतलब है कि सिवनी में कोरोना संक्रमण का प्रभाव शुरू होने के साथ ही भूकंप के झटके महसूस किए जाने लगे थे। करीब तीन माह पूर्व भूकंप आने की पुष्टि जिला प्रशासन ने की। तीन माह के अंदर आए भूकंप के झटकों में शनिवार की देर रात का झटका काफी तेज रहा। भूकंप का यह झटका शहर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा कान्हीवाड़ा, भोमा, कुरई, भोंगाखेड़ा, उड़ेपानी, तिघरा, पुसेरा, बखारी में महसूस किए गए हैं। नागपुर में भी भूकंप के झटके महसूस किए जाने की बात बताई जा रही है।
बाक्स –
सीसीटीवी फुटेज में रिकॉर्ड हुआ कंपन का दृश्य
बीते शनिवार की देर रात आए भूकंप के झटके का दृश्य शहर के नागपुर रोड स्थित एक टायर एजेंसी के शो-रूम में लगे सीसीटीवी फुटेज में रिकॉर्ड हुआ है। रिकॉर्ड फुटेज देर रात ही सोशल मीडिया में वायरल हो गया हैं। उसमें भूकंप के तेज आवाज के बाद झटके से शो-रूम में रखे टायर व दरवाजे हिलते हुए दिखाई दे रहे हैं। सिवनी में लंबे समय आ रहे भूकंप के दौरान ऐसा पहली बार हुआ हैं, जब भूकंप के झटके और आवाज रिकॉर्ड हुए हैं।

आधी रात छिडिय़ा पलारी की बिजली गुल, कार्यपालन यंत्री ने नहीं किया कॉल रिसीव
– भूकंप के बाद बाहर निकले ग्रामीण अंधेरे में दिखे परेशान, सोशल मीडिया पर बताई पीड़ा


सिवनी. अस्थाई कनेक्शन के नाम पर वसूली करने और अधिक बिल भेजने के आरोपों से घिरे बिजली कंपनी के हॉल ठीक नहीं है। बिल वसूलने के लिए पूरी ताकत झोंकने वाले बिजली कंपनी के अफसर रात में यदि बिजली गुल हो जाए तो कॉल रिसीव नहीं करते हैं, वह भी तब जब भूकंप के झटके के बाद पूरा शहर जाग रहा था। ग्राम छिडिय़ा पलारी के लोग अंधेरे में भटक रहे थे।
ग्राम छिडिय़ा पलारी के बाशिंदों की माने तो शनिवार की देर रात १.४५ बजे भूकंप आने के कुछ देर बाद बिजली गुल हो गई। इसकी शिकायत की गई, लेकिन घंटों बाद आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो एई के नंबर पर काल किया गया। उनका नंबर आउट ऑफ कवरेज रहा। ईई व जेई के नंबर पर रिंग गई लेकिन दोनों ने रिसीव नहीं किया। शहर के एई के नंबर पर काल करने पर उन्होंने रिसीव किया और समस्या से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। इसके कुछ देर बात ग्राम छिडिय़ा पलारी में बिजली आपूर्ति बहाल हुई तो कई के घरों में बिजली नहीं पहुंची।
इस पर रात में ही बिजली कंपनी कार्यालय पहुंचकर संपर्क किया गया तो पता चला कि फ्यूज उडऩे से यह समस्या बनी हैं। सुबह चार बजे के बाद आपूर्ति बहाल हो पाई। इससे भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस संबंध में कलेक्टर डॉ. राहुल हरिदास फटिंग व अधीक्षण अभियंता पीके मिश्रा को अवगत कराया गया। कलेक्टर डॉ. राहुल ने बिजली कंपनी के अधिकारियों की क्लास लगाई गई। हर हॉल में बिजली आपूर्ति बहाल रहने के निर्देश दिए।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो