scriptआदमखोर हुआ तेंदुआ, तीन इंसानी जिंदगियों को बनाया शिकार | Leopard became man-eating, preyed on three human lives | Patrika News
सिवनी

आदमखोर हुआ तेंदुआ, तीन इंसानी जिंदगियों को बनाया शिकार

एक महीने में दो महिला व एक युवती का हुआ शिकार, अब भी नहीं पकड़ाया तेंदुआ, तेंदुए की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत, बढ़ रहा आक्रोश

सिवनीOct 22, 2021 / 08:46 pm

sunil vanderwar

आदमखोर हुआ तेंदुआ, तीन इंसानी जिंदगियों को बनाया शिकार

आदमखोर हुआ तेंदुआ, तीन इंसानी जिंदगियों को बनाया शिकार

सिवनी. जिले के केवलारी ब्लॉक व वन विकास निगम बरघाट क्षेत्र से लगे गांवों में तेंदुए की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत है। क्षेत्र में एक महीने में तीन इंसानी जिंदगियों को अपना शिकार बना चुका तेंदुआ काबू में नहीं आया है। वहीं विभागीय अधिकारियों ने तेंदुए को आदमखोर घोषित किए जाने की मांग कर डाली है। तेंदुआ लगातार जंगल से लगे मोहगांव व आसपास के गांवों में मूवमेंट कर रहा है। बीते एक माह में तेंदुआ दो महिलाओं व एक नाबालिग युवती के साथ अनेक मवेशियों को अपना शिकार बना चुका है। इसके बाद से ग्रामीण थर्रा गए है। वहीं लगातार हो रही घटनाओं से अब ग्रामीणों में खासा आक्रोश देखा जा रहा है।
केवलारी ब्लॉक के उगली थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहगांव व पांडिवाड़ा समेत आसपास के गांव के लोग तेंदुए के लगातार हो रहे हमले से शहम गए है। वहीं वन विभाग ने भी लोगों को अकेले घरों से बाहर नहीं निकलने और जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह दी है। इसके बाद से ग्रामीण घरों में कैद होने के लिए विवश हो गए है। हालात यह हैं कि लोग दिन में भी जरूरी काम व फसलों की कटाई के लिए घरों से नहीं निकल पा रहे है।हालात यह हैं कि गांवों की सड़कें व खेत सूने पड़े हैं। ग्रामीण मवेशी चराने जंगल नहीं जा पा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव से लगे क्षेत्र में तेंदुए की दस्तक के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। वन अमला इन गांवों में मुनादी करवा रहा है। साथ ही गश्ति बढ़ा दी गई है। साथ ही गांव के लोगों को रात होने पर घर से अकेले नहीं निकलने कहा जा रहा है।
ग्रामीणों को फिर शिकार का डर
बरघाट वन विकास निगम के खैरी बीट के कक्ष क्रमांक 715 के पास स्थित खेत में धान की फसल काटने गई महिला पर दो दिन पूर्व तेंदुए ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया था। इस घटना के बाद मोहगांव व आसपास गांव के लोगों ने मौके पर पहुंचकर आक्रोश व्यक्त किया था। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार तेंदुआ गांव के नजदीक इंसानों व मवेशियों पर हमला कर मौत के घाट उतार रहा है। जल्द ही तेंदुए को नहीं पकड़ा गया तो तेंदुआ फिर किसी ग्रामीण पर हमला कर सकता है।
एक ही तेंदुआ कर रहा है शिकार
जिले के दक्षिण सामान्य वनमंडल व वन विकास निगम बरघाट क्षेत्र के जंगल से लगे गांवों में एक ही तेंदुआ आतंक मचा रहा है। इसे देखते हुए वन विभाग ने इस तेंदुआ को आदमखोर घोषित करने के लिए पत्र लिखा है। पहली बार इस तेंदुए ने 15 सितंबर को क्षेत्र के मोहगांव जंगल में लकड़ी बीनने गई 50 वर्षीय आदिवासी महिला रंजीताबाई को अपना शिकार बनया था। इसके बाद कान्हीवाड़ा वन परिक्षेत्र के पांडीवाड़ा गांव से लगे जंगल में 16 अक्टूबर की दोपहर पिता जंगलू यादव के साथ मवेशी चराने गई 17 वर्षीय किशोरी रवीना यादव को तेंदुए ने हमला कर मौत के घाट उतारा था। एक माह में तेंदुए के हमले से तीसरी मौत हो चुकी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इंसानों व पालतू मवेशियों पर हमला कर रहे तेंदुए को तत्काल पकड़ कर कहीं और भेजा जाए।
तेंदुए को पकडऩे लगाए चार पिंजरा
उगली क्षेत्र के पांडीवाड़ा व मोहगांव क्षेत्र में 3 महिलाओं को हमला कर मार चुके तेंदुए को पकडऩे के लिए जंगल के चार अलग-अलग स्थानों पर वन विभाग ने पिंजरे लगा दिए हैं। तेंदुए को आदमखोर घोषित करने के लिए भोपाल मुख्यालय के वन अधिकारियों को पत्र भेजा गया हैं। दक्षिण वन मंडल के डीएफओ एसकेएस तिवारी ने बताया कि वन कर्मचारियों की ड्यूटी लगा कर क्षेत्र में गश्ती बढ़ा दी गई है। जब तक हमलावर तेंदुआ पकड़ा नहीं जाता तब तक ग्रामीणों से अकेले खेतों में जंगल में नहीं जाने की समझाइश दी जा रही है। साथ ही खेतों में काम कर रहे लोगों व महिलाओं को समूह में काम करने व निगरानी रखने की समझाइश भी दी जा रही है।

Home / Seoni / आदमखोर हुआ तेंदुआ, तीन इंसानी जिंदगियों को बनाया शिकार

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो