सिवनी

लोकसभा चुनाव की सरगर्मी में ट्रांसफर-पोस्टिंग बनी सुर्खियां

शिकायत के बाद सहायक खनिज अधिकारी को किया गया कलेक्ट्रेट अटैच

सिवनीApr 07, 2019 / 07:30 pm

akhilesh thakur

लोकसभा चुनाव की सरगर्मी में ट्रांसफर-पोस्टिंग बनी सुर्खियां

इंट्रो – जिले में एक ओर लोकसभा चुनाव की सरगर्मी जोर पकड़ रही है, वहीं विगत एक माह के अंदर हुए ट्रांसफर-पोस्टिंग ने भी खूब सुर्खियां बटोरी है। यदि इस पर नजर डाले तो छपारा में २० दिन के अंदर चार तहसीलदारों ने कुर्सी संभाली। एक ही दिन में नए बीआरसीसी की जगह पुराने और फिर उसी दिन जारी आदेश में पुराने की जगह नए बीआरसीसी की पोस्टिंग कर दी गई। नगर पालिका सिवनी एक माह में पांच सीएमओ को लेकर सुर्खियों में है। इसबीच खनिज विभाग के सहायक अधिकारी आरपी कमलेश के कांग्रेस के पक्ष में फेसबुक वॉल पर किए गए पोस्ट को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम तिवारी की शिकायत के बाद उनको कलेक्ट्रेट में अटैच किए जाने की कार्रवाई। सिंचाई विभाग के ईई जेपी मिश्रा को सर्किल आफिस में अटैच कर उनकी जगह एसडीओ डीआर चौधरी को चार्ज दिए जाने। तीन दिन पूर्व सिवनी के एसडीएम हर्ष सिंह की जगह कुरई एसडीएम कामेश्वर चौबे को अतिरिक्त चार्ज दिए जाने का मामला सिवनी की सुर्खियां बनी हुई है।
20 दिन में छपारा तहसील में चार तहसीलदारों ने संभाली कुर्सी
सिवनी. छपारा तहसील में तहसीलदारों का स्थानांतरण रूक नहीं रहा है। ऐसा 20 दिन में चौथे तहसीलदार के रूप में नितिन गौर के चार्ज संभालने के बाद कहा जा रहा है। जानकारी के अनुसार छपारा तहसीलदार क्षमा श्राफ के बाद तहसीलदार के स्थानांतरण का दौर शुरू हो गया। उनके बाद नायब तहसीलदार श्याम सेठ राय को तहसीलदार का चार्ज मिला। इसके बाद ज्योति ठोके तहसीलदार बनी। इनके जाने के करीब २० दिन के अंदर एक दिन के लिए केवलारी के तहसीलदार सिराज खान के पास तहसीलदार का चार्ज रहा। इसके बाद तहसीलदार का प्रभार अभिषेक यादव को मिला। करीब एक सप्ताह में अभिषेक यादव को छपारा तहसील से हटा दिया गया। उनकी जगह मैहर से आए तहसीलदार नितिन गौर ने चार्ज संभाल लिया है। लगातार हो रहे परिवर्तन से छपारा में यह चर्चा का विषय बन गया है। इस परिवर्तन से राजस्व से संबंधित कई मामले लंबित पड़े हैं। किसानों को कार्य कराने में परेशान हो रही है।
बीआरसीसी का चार्ज गोविंद के पास
स्थानांतरण की बात करें तो छपारा में विगत दिनों जारी एक आदेश में बीआरसीसी सुनील राय की जगह गोविंद को वहां का चार्ज दिया गया। गोविंद अभी वहां का चार्ज संभालते उससे पहले ही पुन: वहां पर सुनील को तैनात किए जाने से संबंधित आदेश जारी हुआ। इस आदेश के अभी कुछ समय ही बीते थे कि पुन: गोविंद को वहां का बीआरसीसी बना दिया गया। वर्तमान में गोविंद छपारा के बीआरसीसी है।
नपा सिवनी में एक माह में पांच सीएमओ
सिवनी. नगर पालिका सिवनी में सीएमओ का पद भी सुर्खियां बटोर रहा है। यहां पर एक माह के अंतराल में पांच सीएमओ बने हैं। वर्तमान में नगर पालिका के सीएमओ का प्रभार एई शैलेंद्र कौरव के पास है। शैलेंद्र के पूर्व नपा के राजस्व निरीक्षक गजेंद्र पांडेय के पास सीएमओ का चार्ज था। इसके पहले ग्वालियर से आए सीएमओ दो दिन के सीएमओ रहे। उन्होंने प्रभारी सीएमओ व तत्कालीन स्वास्थ्य अधिकारी आरके नामदेव से चार्ज से लिया था। नामदेव को सीएमओ नवनीत पांडेय ने चार्ज दिया था। ग्वालियर से आए सीएमओ का स्थानांतरण होशंगाबाद हो गया। उनकी जगह पीथमपुर से सीएमओ का स्थानांतरण सिवनी हुआ, लेकिन अभी तक शासन ने जिनका स्थानांतरण किया, वे चार्ज नहीं ले पाए हैं। इसबीच भोपाल से राजस्व निरीक्षक गजेंद्र को वारासिवनी का सीएमओ बनाए जाने से संबंधित आदेश जारी हुआ। इसके एक दिन बाद एई कौरव को सीएमओ का चार्ज दिए जाने से संबंधित आदेश भोपाल मुख्यालय ने जारी किया।
सिंचाई विभाग : ईई सर्किल आफिस अटैच, एसडीओ को मिला चार्ज
सिंचाई विभाग भी इससे अछूता नहीं रहा है। यहां ईई जेपी मिश्रा को किसी मामले में सर्किल आफिस अटैच कर दिया गया है। उनकी जगह एसडीओ डीआर चौधरी को चार्ज मिला है।
हर्ष की जगह एसडीएम सिवनी का चार्ज कामेश्वर को
सिवनी एसडीएम कार्यालय प्रभारियों के भरोसे चल रहा है। केवलारी एसडीएम हर्ष सिंह के बाद अब कुरई एसडीएम कामेश्वर चौबे को यहां का चार्ज दिया गया है। कामेश्वर को सिवनी एसडीएम का अतिरिक्त प्रभार दिए जाने का आदेश तीन दिन पूर्व जिला निर्वाचन अधिकारी कलक्टर प्रवीण सिंह ने जारी किया है। हर्ष सिंह के केवलारी का एआरओ होने की वजह से उनसे यहां का चार्ज लेकर कामेश्वर को दिया गया है। चुनाव आयोग के अनुसार दो जगह के एआरओ का चार्ज एक अधिकारी के पास नहीं रह सकता है। इसकी पुष्टि एडीएम रानी बाटड़ ने की है।
वन विभाग व जिला पंचायत ने भी किए स्थानांतरण
करीब एक माह के अंतराल में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत से भी बड़े पैमाने पर एई, जेई व सचिव के स्थानांतरण हुए। आदिम जाति विभाग, वन विभाग, खनिज विभाग सहित करीब आधा दर्जन से अधिक विभागों में सैकड़ों कर्मचारियों और अधिकारियों के स्थानांतरण जिले में सुर्खियां बनी है। हालांकि इनमें से अधिकांश कलेक्ट्रेट से जारी एक आदेश के बाद आचार संहिता लागू होने से स्थानांतरण के पूर्व जिस जगह पर संबंधित कर्मचारी-अधिकारी तैनात थे, वे वहीं पर बने हुए हैं।
शिकायत के बाद अटैच हुए सहायक खनिज अधिकारी
छपारा में तहसीलदार ज्योति का स्थानांतरण शासन से हुआ था। उनके बाद हमारे यहां जो लोग रहे उनको चार्ज दिया गया। मैहर से तहसीलदार नितिन के आने के बाद उनको चार्ज दे दिया गया है। सहायक खनिज अधिकारी को शिकायत के बाद कलेक्ट्रेट में अटैच किया गया है।
– रानी बाटड़, एडीएम सिवनी
निलंबित किया जाए सहायक खनिज अधिकारी को
सहायक खनिज अधिकारी आरपी कमलेश ने फेसबुक पर पोस्ट कर पूर्व कांग्रेस कार्र्यकर्ता होने की बात कही थी। उन्होंने आचार संहिता के साथ शासकीय आचरण संहिता का उल्लंघन किया। उनको निलंबित कर भोपाल मुख्यालय अटैच करने की कार्रवाई की मांग की गई है। कलेक्ट्रेट अटैच किए जाने से ये कांग्रेस को फायदा पहुंचा सकते हैं।
– प्रेम तिवारी, जिलाध्यक्ष भाजपा सिवनी
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.