scriptयातायात रोटरी तोड़कर नगर पालिका लगा रही हाइमास्ट | nagar palika seoni news | Patrika News

यातायात रोटरी तोड़कर नगर पालिका लगा रही हाइमास्ट

locationसिवनीPublished: Sep 24, 2019 11:50:49 am

Submitted by:

akhilesh thakur

सर्किट हाउस व बाहुबली चौक पर लगे रोटरी से नियंत्रित होती थी यातायात व्यवस्था

New traffic rules : जामनगर में प्रथम दिन ५६५ वाहन चालकों से वसूला जुर्माना

,,,,,,New traffic rules : जामनगर में प्रथम दिन ५६५ वाहन चालकों से वसूला जुर्माना

सिवनी. शहर में बिगड़ते यातायात व्यवस्था को सुधारने की दिशा में प्रशासन गंभीर नजर नहीं आ रहा है। पहले से ही यातायात को नियंत्रित करने के लिए चौराहे पर लगाए गए लाइट कब जलेंगे और कब बंद हो जाएंगे। इसकी कोई गारंटी नहीं है। इन सबके बीच सर्किट हाउस और बाहुबली चौक स्थित यातायात रोटरी (पिकेट) पर खड़े होकर बदहाल व्यवस्था को नियंत्रित करने की कोशिश करने वाले पुलिसकर्मी अब नजर नहीं आएंगे। क्योंकि उक्त दोनों स्थान पर यातायात रोटरी को तोड़कर वहां हाइमास्ट लाइट लगाए जा रहे हैं।

नगर पालिका प्रशसान की माने तो करीब पांच लाख रुपए की लागत से दो स्थानों पर हाइमास्ट लाइट लगाए जा रहे हैं। हाइमास्ट लाइट लगने से रात को संबंधित क्षेत्र में उजाला होगा। वहां से गुजरने वाले लोगों के साथ ही आसपास के लोगों को सहुलियत मिलेगी। हालांकि इस सहुलियत के लिए नगर पालिका ने उन दो स्थानों का चयन किया है, जहां पूर्व में यातायात रोटरी लगे थे, जिससे खड़े होकर पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करते थे।
इसमें भी सर्किट हाउस चौक शहर के व्यस्तम मार्गों में शुमार है। नागपुर, जबलपुर व नरसिंहपुर की ओर जाने वाले वाहनों को इधर से होकर गुजरना पड़ता है। आए दिन यातायात की स्थिति बिगड़ती है। यहां स्थित यातायात गुमटी कई अन्य मायनों में भी काफी महत्वपूर्ण था, क्योंकि पास में सर्किट हाउस है, जहां आए दिन वीआइपी रात्रि विश्राम करते हैं। कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक का प्रतिदिन इस मार्ग से होकर कार्यालय व बंगले पर आना-जाना है। पास ही जिला अस्पताल है।
पुलिस कंट्रोल रूम, पुलिस लाइन और पीजी कॉलेज जाने वाले विद्यार्थी भी इस मार्ग से होकर गुजरते हैं। जबलपुर की ओर से शहर में प्रवेश करने वालों यात्रियों को नजदीक से शहर का दीदार कराने वाला यह पहला चौराहा है। चौराहा के पास स्थित पेट्रोलपंप, केवलारी विधायक राकेश पाल सिंह का है। ऐसे में यहां का यातायात रोटरी कई मायनों में महत्वपूर्ण था, जिसे नपा ने अब हमेशा के लिए समाप्त कर उसकी जगह हाइमास्ट लगा रही है।
गड्ढे को लेकर शहरवासी ने टोका
सर्किट हाउस चौक पर हाइमास्ट के लिए खंभा लगा रही निर्माणदायी कंपनी के कर्मचारियों को एक शहरवासी ने पहुंचकर वहां किए जा रहे गड्ढे पर सवाल खड़ा कर दिया। उसका कहना था कि हाइमास्ट के लिए किए जा रहे गड्ढे को नियमानुसार करें। अन्यथा कम गड्ढे किए जाने से खंभा कभी भी गिर सकता है, जिससे बड़ा हादसा हो जाएगा। इसको लेकर कुछ देर के लिए कर्मचारियों और उससे वहां पर बहस की स्थिति उत्पन्न हो गई।
लगाए जा रहे हाइमास्ट
सर्किट हाउस और बाहुबली चौक पर हाइमास्ट लगाए जा रहे हैं। दोनों स्थानों पर पूर्व में लगाए गए यातायात रोटरी की जगह हाइमास्ट का खंभा खड़ा होगा। यातायात रोटरी के लिए यातायात प्रशासन अपनी खुद व्यवस्था करेगा।
– शैलेंद्र सिंह कौरव, एई नगर पालिका सिवनी
करेंगे उच्चाधिकारियों से बात
यातायात रोटरी की जगह हाइमास्ट लगाए जा रहे हैं। रोटरी के लिए अब अलग से कोई स्थान नहीं रहेगा। हालांकि वहां पर आरक्षक तैनात किए जाएंगे। रोटरी के लिए नगर पालिका व विभागीय उच्चाधिकारी से बात किया जाएगा।
– राजन उइके, टीआई यातायात सिवनी
नपा प्रशासन को नहीं हटाना था रोटरी
यातायात रोटरी में पुलिसकर्मी के नहीं होने के बाद भी लोग वहां से गुजरते समय नियमों का ध्यान रखते हैं। रोटरी समाप्त कर दिए जाने से इसका असर होगा। शहर में पहले सही यातायात व्यवस्था बेपटरी है। ऐसे में नपा प्रशासन को यातायात रोटरी को हटाना नहीं चाहिए था।
– आशीष माना ठाकुर, अध्यक्ष यूथ विंग मातृ शक्ति संगठन सिवनी
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो