सिवनी

जिले के अधिकांश केन्द्रों पर शनिवार व रविवार को नहीं होती धान की खरीदी

शासन के फरमान को ठेंगा दिखा रहे केंद्र प्रभारी

सिवनीJan 11, 2021 / 09:16 pm

akhilesh thakur

जिले के अधिकांश केन्द्रों पर शनिवार व रविवार को नहीं होती धान की खरीदी

सिवनी. 16 जनवरी तक जिले में धान की खरीदी होनी है। अभी भी सैकड़ों किसानों को मैसेज का इंतजार है। इन सबके बीच जिले के अधिकांश खरीदी केन्द्रों पर शनिवार व रविवार को धान की खरीदी नहीं की जा रही है। ऐसा कर केन्द्र प्रभारी शासन के फरमान को ठेंगा दिखा रहे हैं। जिला प्रशासन मूक दर्शक बना हुआ है, जबकि किसान बेबस नजर आ रहे हैं। खास है कि केन्द्रों पर पंखा और छन्ना की भी व्यवस्था नहीं है।
धान खरीदी केन्द्र केसला में शनिवार को धान की खरीदी नहीं हो रही थी। केन्द्र प्रभारी वहां मौजूद नहीं थे। मौके पर मिले कुछ हम्माल और किसानों ने बताया कि शनिवार को खरीदी नहीं होती है। यहां पर कुछ हम्माल बोरे पर छपाई करते नजर आए। धान खरीदी केन्द्र बोरीकला में भी शनिवार को खरीदी नहीं हो रही थी। प्रभारी मनोज राहंगडाले ने बताया कि शनिवार को खरीदी नहीं होती है। सप्ताहिक बाजार की वजह से हम्माल छुट्टी पर रहते हैं। यहां पर कुछ हम्माल ट्रक पर धान लोड करते दिखाई दिए। केन्द्र पर पंखा और छन्ना नजर नहीं आया। प्रभारी ने बताया कि उसको गोदाम में बंद करके रखे हैं। धान खरीदी केन्द्र एसडीओपी कार्यालय के पास बरघाट में भी शनिवार को खरीदी नहीं हो रही थी। प्रभारी जेएस सूर्यवंशी ने बताया कि शनिवार को खरीदी नहीं होती है। परिवहन को लेकर समस्या होने की बात बताई। यहां पर एक गड्ढे में पंखा और छन्ना लगाया गया था, जहां देखने से लग रहा था कि किसी भी किसान ने उसका प्रयोग नहीं किया है।

धान खरीदी केन्द्र खवासा में किसान व प्रभारी से मारपीट, कुरई थाने में प्रकरण दर्ज
– हम्मालों ने की एससी/एसटी थाने में शिकायत, नोटिस जारी कर 12 को प्रभारी ने बुलाया किसान को
मोहगांव. कुरई थाना क्षेत्र के धान खरीदी केन्द्र खवासा में शनिवार को प्रबंधक/प्रभारी आरके कावल और एक किसान में धान तौलने को लेकर मारपीट हो गई। इसमें किसान गंभीर रूप से घायल हो गया है। किसान ने बताया कि प्रति कट्टी धान 41.200 किग्रा और छह रुपए प्रति कट्टी मांग रहा था। मैंने इसका विरोध किया तो मेरे साथ और नाबालिग भाई की पिटाई किए। प्रबंधक के परिजन वहां गुंडागर्दी करते हैं। यदि कोई किसान विरोध करता है तो उसकी पिटाई करते है ये लोग। किसी आफिसर के निरीक्षण के दौरान ये लोग वहां से भाग जाते हैं। मुझे फूड इंस्पेक्टर ने बताया कि 40.600 किग्रा तौलाई किया जाना है।
उधर केन्द्र प्रभारी कावल कहना है कि खंडासा निवासी किसान आशीष डहरवाल आया और धान के मामले को लेकर हम्मालों से विवाद शुरू कर दिया। उसने उन लोगों से मारपीट किया। उसके खिलाफ रविवार को हम्मालों ने एससी/एसटी थाना सिवनी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराया है। एससी/एसटी थाना प्रभारी ने नोटिस जारी कर आशीष को 12 जनवरी को उपस्थित होने की बात कही है।
इस संबंध में कुरई थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि दोनों पक्ष की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया गया है।

Home / Seoni / जिले के अधिकांश केन्द्रों पर शनिवार व रविवार को नहीं होती धान की खरीदी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.