script24 घंटे से बारिश, जिले की नदिया उफान पर, शहर से गांव तक पानी ही पानी | Rain for 24 hours, the river is in spate, water from city to village | Patrika News

24 घंटे से बारिश, जिले की नदिया उफान पर, शहर से गांव तक पानी ही पानी

locationसिवनीPublished: Sep 08, 2019 09:01:58 pm

Submitted by:

akhilesh thakur

नपा की आपदा प्रबंधन को सुबह से शाम तक मिली 10 शिकायतें

24 घंटे से बारिश, जिले की नदिया उफान पर, शहर से गांव तक पानी ही पानी

24 घंटे से बारिश, जिले की नदिया उफान पर, शहर से गांव तक पानी ही पानी

सिवनी. 24 घंटे से जिले में बारिश हो रही है। नदी-नाले उफान पर है। शहर से गांव तक जलमग्न हो गया है। आमजन जीवन प्रभावित हो रहा है। नपा सहित जिला प्रशासन की आपदा प्रबंधन टीम जलभराव की शिकायत पर संबंधित क्षेत्रों में पानी निकासी को लेकर सक्रिय है। नपा क्षेत्र में टीम का नेतृत्व सीएमओ मनोज श्रीवास्तव व स्वास्थ्य निरीक्षक केके रजक कर रहे हैं। जिले के दूसरे क्षेत्रों में संबंधित एसडीएम और तहसीलदार लगे हैं। पल-पल की रिपोर्ट कलेक्टर प्रवीण सिंह ले रहे हैं। कलेक्टर सिंह स्वयं जिलेभर में जलभराव के क्षेत्रों पर नजर गड़ाए हुए हैं। कहीं से भी शिकायत मिलने पर तत्काल वहां आपदा प्रबंधन की टीम को रवाना कर रहे हैं।

नगर पालिका क्षेत्र के 10 स्थानों से सुबह से शाम तक पानी भरने की शिकायत मिली। इसमें सीबी रमन वार्ड, टैगोर वार्ड, जबलपुर रोड स्थित पेट्रोलपंप आदि हैं। टीम ने सभी जगह से पानी निकासी की सुविधा बनाई है। दलसागर तालाब के गेट खोल दिए गए हैं। शहर के सभी नीचले इलाकों में लोगों को पानी भरने पर घर खाली करने के लिए कहा गया है।
यह नदियां उफान पर –
सागर नदी – सिवनी जिले के मुनगापार से मंडला जाने वाला मार्ग बंद। सिवनी से मंडला बस सेवा प्रभावित, जिले के दर्जनों गांवों का संपर्क टूटा।
थावर नदी – ग्राम पंचायत पोटिया, भरवेली, धरर्ची, खिरसारु, सरई, पिण्डरई, निहुआ, ग्वारी, कमाची, कुड़ारी, मझगांवा आदि ग्राम के साथ नगर पालिका नैनपुर पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। सिवनी से मंडला के बीच एसडीएम व तहसीलदार केवलारी की टीम लगी है। यहां एक मकान का ग्राउण्ड फ्लोर डूब गया है। फस्र्ट फ्लोर पर मकान में मौजूद एक महिला और पुरुष खड़े हैं। उनको निकालने के प्रयास में केवलारी एसडीएम के नेतृत्व में टीम लगी है। इसकी पुष्टि कलेक्टर प्रवीण सिंह ने की है।
वैनगंगा नदी – सिवनी-छिंदवाड़ा मार्ग पर स्थित लखनवाड़ा में वैनगंगा नदी पर बनाए गए ब्रिज के नीचे का मार्ग नदी के उफान पर आते ही डूब गया है। मंदिर भी बाढ़ के पानी की अगोश में आ गई है। यहां बड़ी संख्या में लोग बाढ़ देखने पहुंच रहे हैं।
दलसागर तालाब – बारिश के पानी से दलसागर तालाब भर गया है। नगर पालिका ने इसके दोनों गेट खोल दिए हैं।
बुधवारी तालाब – बारिश के पानी से भर गया है। ओवरफ्लो होकर बाहर निकाल रहा उसका पानी अब रहवासी क्षेत्रों में जाने लगा है।

दर्जनों गांवों का सपंर्क टूटा
शहर से लगे क्षेत्र में दर्जनभर से अधिक ग्राम के मुख्य मार्ग से पानी होकर बह रहा है। इससे उक्त ग्राम का सपंर्क सिवनी शहर से टूट गया है। इसमें लखनवाड़ा से संगई, जैतपुर कला आदि ग्राम हैं।
भीमगढ़ डैम का लेबल पहुंचा 518.65 पर
डैम प्रभारी उदयभान सिंह मर्सकोले ने बताया कि भीमगढ़ डैम का लेबल 518.65 पर पहुंच गया है। इसकी वजह से रविवार को नौ गेट खोल दिए गए हैं। 91 हजार क्यूसिक पानी छोड़ा जा रहा है। पानी छोडऩे से किसी ग्राम को कोई नुकसान नहीं है।
केवलारी कसबे में पहुंचा सागर नदी का पानी
केवलारी. वर्ष 1994 के बाद केवलारी कसबे में फिर एक बार सागर नदी के बाढ़ ने दस्तक दी है। रविवार को केवलारी बाजार के मस्जिद क्षेत्र और खैरमाई मंदिर तक पानी पहुंच गया। नदी के आसपास स्थित मकान डूब गए हैं। सागर नदी के उफान पर आने से केवलारी-उगली रोड बंद हो गया है। उक्त मार्ग पर बने पुल से होकर पानी बह रहा है। दर्जनभर से अधिक गांवों का संपर्क टूट गया है। केवलारी-सरेखा मार्ग बंद हो गया है। आठ से अधिक गांव का संपर्क केवलारी से टूट गया है। क्षेत्र के लालोपार में चार मकान ढह गए है।
बाढ़ की ली जा रही पल-पल की जानकारी
अतिवर्षा की जानकारी के बाद सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यालय पर रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। जिलेभर में आपदा प्रबंधन की टीम सक्रिय है। मैं स्वयं जलभराव वाले क्षेत्रों की पल-पल की रिपोर्ट ले रहा हूं। लगातार बारिश व बाढ़ को देखते हुए जिले के महाविद्यालयों को छोड़कर समस्त शासकीय व अशासकीय विद्यालयों में सोमवार को छुट्टी घोषित कर दिया गया है।
– प्रवीण सिंह, कलेक्टर सिवनी

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो