scriptतिरंगे को सलामी देकर गाया जन-गण-मन | Salute to the tricolor and sung by Jan Gan Gan | Patrika News

तिरंगे को सलामी देकर गाया जन-गण-मन

locationसिवनीPublished: Jan 26, 2018 08:38:46 am

Submitted by:

sunil vanderwar

गणतंत्र दिवस पर जिले भर में हो रहे कार्यक्रम

Salute to the tricolor and sung by Jan Gan Gan
सिवनी. गणतंत्र के महापर्व २६ जनवरी के अवसर पर न सिर्फ शैक्षणिक संस्थाओं, शासकीय कार्यालयों बल्कि घरों में नागरिकों ने भी राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर जन-गण-मन के साथ ध्वज को सम्मान दिया।
शुक्रवार की सुबह ठण्ड के बावजूद बच्चों का उत्साह भी देखते ही बन रहा था, सुबह-सबेरे बच्चों ने हाथों में छोटे-छोटे तिरंगा लेकर स्कूलों में पहुंच भव्य तिरंगा फहरते ही नन्हें हाथों से सलामी दी। इधर नगर के विभिन्न चौक-चौराहों में विभिन्न संगठनों ने ध्वजारोहण किया, तो वहीं नागरिकों ने भी पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक तिरंगा को फहराया।
जिला मुख्यालय के स्टेडियम ग्राउंड में हुए मुख्य समारोह में कलेक्टर गोपालचंद्र डाड ने ध्वजारोहण किया। नागरिकों ने भी सम्मान में खड़े होकर जन-गण-मन में हिस्सा लिया। इस अवसर पर तीन बार हर्ष फायर किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा परेड की सलामी ली गई। जिले के २१ प्लाटूनों ने परेड में हिस्सा लिया, विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक झांकियां बनाई गईं वहीं विभिन्न संस्थाओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर उपस्थित नागरिकों की तालियां बटोरी गईं। इस अवसर पर एसपी तरूण नायक सहित बड़ी संख्या में नागरिकों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधयों की उपस्थिति रही।
००००००००००००००००००००
जेल में बंदियों ने गाए राष्ट्रभक्ति के तराने..
तिरंगे को सलामी देकर लिया सद्भाव का संकल्प
सिवनी. देश की आन-बान और शान के प्रतीक तिरंगे को आम शहरियों ने ही नहीं जेलों में बंदियों ने भी सलामी देकर राष्ट्रधर्म का पालन किया। सर्किल जेल सिवनी और उपजेल लखनादौन में गुरुवार को गणतंत्र दिवस पर भव्य आयोजन किए गए।
सर्किल जेल में सिवनी विधायक दिनेश राय द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर जेल अधीक्षक अजमेर सिंह ठाकुर, उपअधीक्षक, जेल स्टाफ व महिला-पुरुष बंदियों ने एक स्वर में जन-गण-मन गाकर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद बंदियों ने राष्ट्रभक्ति के एक से बढक़र एक तराने सुनाए। इसी तरह उपजेल लखनादौन में एसडीएम आईजे खलको व जेल अधीक्षक अभय वर्मा ने ध्वजारोहण कर सलामी दी।
इस मौके पर सर्किल जेल में सिवनी विधायक दिनेश राय ने बंदियों को सद्भाव, सदाचार व राष्ट्रीय हित में कार्य करने का संदेश दिया। वहीं बंदियों ने सद्भाव व राष्ट्रीय धर्म का पालन करने का संकल्प लिया। देश के गणतंत्र का दिवस होने से शासन द्वारा सर्किल जेल में निरुद्ध बंदियों के लिए विशेष पकवान बनवाए गए।

ट्रेंडिंग वीडियो