अभी भी यहां भाजपा बदल सकती है कुछ प्रत्याशी
आधी रात भाजपा ने सिवनी नगर पालिका के चार प्रत्याशी किए घोषित
सिवनी
Published: June 21, 2022 08:48:37 pm
सिवनी. भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष आलोक दुबे ने नगरपालिका सिवनी के चार वार्ड पार्षद पद के अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा सोमवार को आधी रात जारी कर दी है। ये वे वार्ड हैं, जहां के कई कार्यकर्ता पार्टी में अपने-अपने खास नेताओं के माध्यम से टिकट के लिए दावेदारी कर रहे थे। जब इन वार्ड में रायशुमारी के बाद भी एक नाम तय नहीं हो पाया तब, पार्टी ने २४ में से २० वार्डों के नाम घोषित किए थे। इसके बाद भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक दुबे ने दूसरे नेताओं से सलाह लेकर सोमवार को आधी रात ही विवेकानंद वार्ड, शास्त्री वार्ड, अम्बेडकर वार्ड व किदवई वार्ड के लिए पार्षद पद प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं।
आलोक दुबे ने बताया कि वार्ड क्रमांक ४ शास्त्री वार्ड के लिए वंदना मरावी, वार्ड क्रमांक १७ विवेकानंद वार्ड के लिए राजेश उर्फ राजू यादव, वार्ड क्रमांक २१ किदवई वार्ड के लिए गोविंद बोरकर एवं अम्बेडकर वार्ड क्रमांक २२ के लिए भारती पवमें को पार्षद पद प्रत्याशी बनाया गया है।
केवलारी, छपारा में पहली बार बनेगी नगर सरकार
जिले के नगर परिषद बनने के बाद पहली बार केवलारी में १५ वार्डों वाली नगर सरकार बनना है। ऐसे ही छपारा में भी पहली बार १५ वार्डों के प्रत्याशी नगर सरकार का हिस्सा बनेंगे। जबकि बरघाट नगर परिषद में पूर्व की तरह जागरूक मतदाता नगर विकास के मुद्दे पर पूर्व निर्धारित १५ वार्डों में योग्य प्रत्याशियों का चुनाव करने के लिए तैयार है।
चार वार्डों के नाम पर संशय कायम
उम्मीद्वारों के नामांकन फार्म की वापसी का अंतिम दिन बुधवार को तय है। इधर मंगलवार को देर शाम तक भी केवलारी के दो वार्ड, छपारा में एक वार्ड और बरघाट में एक वार्ड प्रत्याशी के नाम की घोषणा भाजपा संगठन ने नहीं की है। भाजपा प्रवक्ता मनोज मर्दन त्रिवेदी के मुताबिक संगठन का निर्देश है कि बुधवार को बी-फार्म जमा करने के साथ ही इन प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जाएंगे। बताया जा रहा है कि छपारा में एक प्रत्याशी का जाति प्रमाण पत्र महाराष्ट्र का है, जिस पर आपत्ति है, यदि उस पर समाधान नहीं निकलता है, तो प्रत्याशी बदला जा सकता है। इसके अलावा केवलारी, बरघाट में भी स्थिति देखकर संगठन अंतिम दिन तय प्रत्याशियों के नाम बी-फार्म जमा कराएगा।

पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
