सिवनी

युवक का शिकार करने वाला बाघ दिखा, हाथियों से कराई जा रही सर्चिंग

युवक के अंतिम संस्कार में शामिल हुए पेंच प्रबंधन के अधिकारी, कर्मचारी, परिजनों को उपलब्ध कराई गई सहायता राशि

सिवनीAug 11, 2019 / 12:40 pm

akhilesh thakur

File Photo of Tiger Attack in Up

सिवनी. कुरई थाना क्षेत्र के मुंडियारीठ ग्राम निवासी मनोज धुर्वे के अंतिम संस्कार में पेंच के अधिकारी शामिल हुए। मनोज का शिकार मंगलवार को बाघ ने किया था। घटना के समय वह खेत से पीहरी एकत्रित करने गया था। उसी समय बाघ ने उसे अपना शिकार बना लिया। पेंच के अधिकारियों को निरीक्षण में बाघ दिखा है। संबंधित क्षेत्र में पैदल और हाथियों से सर्चिंग कराई जा रही है।
पेंच टाइगर रिजर्व के बीट खवासा के आरक्षित कक्ष क्रमांक 326 में परिक्षेत्र अधिकारी खवासा (बफर) एवं अन्य स्टॉफ घटनास्थल पर तैनात है। पेंच प्रबंधन ने प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। मनोज का शिकार करने वाले बाघ को ग्रामीण व सर्चिंग के दौरान पेंच के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी देखा है। पेंच टाइगर रिजर्व की टीम द्वारा दल बनाकर आसपास के क्षेत्र में भी बुधवार से सघन सर्चिंग शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों को जंगल क्षेत्र में जाने से मना किया गया है। मृतक के शरीर के कपड़े, चप्पल, मोबाइल आदि घटनास्थल के आसपास मिल गए हैं। बाघ के ताजा पंजों के निशान भी पाए गए हैं। कुरई के पुलिस ने मृतक के उपरोक्त सामग्री को अपनी अभिरक्षा में ले लिया है। पेंच टाइगर रिजर्व की ओर से उप संचालक तथा अन्य अधिकारी मृतक के अंतिम संस्कार में शामिल हुए। परिवार तथा ग्रामीणों को उप संचालक द्वारा सांत्वना एवं समझाइश दी गई। पीडि़त परिवार को वन विभाग की ओर से तत्कालिक सहायता राशि प्रदाय की गई है।
 

 

24 घंटे की बारिश, शहर से गांव तक जलमग्न
सिवनी. जिले में 24 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। शहर से गांव तक का इलाका जलमग्न हो गया है। गर्मी व उमस से लोगों को राहत मिली है। मौसम में आई ठंडक के बाद पंखे और कूलर बंद हो गए हैं।
शहर के निचले इलाकों में पानी भरने लगा है। ग्रामीण क्षेत्र के नदी और नाले उफान पर आ गए हैं। पुलिस अधीक्षक कुमार प्रतीक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश जारी किए है कि वे संबंधित क्षेत्र के नदी और नाले का निरीक्षण करें। पानी पुल, पुलिया और सड़क को ओवरफ्लो कर बह रहा है तो उस क्षेत्र में अवागमन प्रतिबंधित करें।

Home / Seoni / युवक का शिकार करने वाला बाघ दिखा, हाथियों से कराई जा रही सर्चिंग

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.