scriptबाढ़ से दो मोटर बंद, गहराया पेयजल संकट | Two motor closures with flood, deep drinking water crisis | Patrika News

बाढ़ से दो मोटर बंद, गहराया पेयजल संकट

locationसिवनीPublished: Jul 06, 2018 12:50:39 pm

Submitted by:

santosh dubey

सरपंच के वार्ड सहित कई वार्डों के नल ठप, इंटकवेल अब भी नहीं दे पा रहा है पर्याप्त पानी

Flood, water, drinking water problem, Gram Panchayat, Sarpanch, Wainganga, CEO, Water Minister, CM, PM

बाढ़ से दो मोटर बंद, गहराया पेयजल संकट

सिवनी. वैनगंगा तट के किनारे बसा छपारा आए दिन पेयजल समस्या को लेकर सुर्खियों में रहता है। भीषण गर्मी में लोग पेयजल समस्या से जहां जूझते रहे वहीं बारिश शुरू होने के बाद भी पेयजल समस्या से परेशान हैं।
नगर की पेयजल समस्या से निपटने के लिए दो करोड़ 75 लाख रुपए लागत से इंटकवेल का निर्माण किया गया है, लेकिन इसके बाद भी पेयजल समस्या का समाधान नहीं हुआ है। कर्बलाघाट की 30 साल पुरानी पेयजल सप्लाई फिल्टर प्लांट तक की जाती है जो वैनगंगा नदी में बाढ़ आ जाने के कारण प्रभावित हो गई है। ग्राम पंचायत से मिली जानकारी के अनुसार कर्बला घाट की दो मोटर पंप खराब हो गए हैं। इंटरवेल भी नगर में पेयजल सप्लाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं दे पा रहा है।
संजय कॉलोनी डुंगरिया पांच नंबर वार्ड समेत आधा दर्जन वार्डों में एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी ग्राम पंचायत की पेयजल सप्लाई से नल नहीं आ रहे हैं। सरपंच के वार्ड में रहने वाली पंच नीतू विश्वकर्मा ने बताया कि एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी वार्ड में नलों में पानी नहीं आ रहा है। वार्ड में विकराल पेयजल समस्या बनी हुई है। पंच ने सरपंच पर इस मामले में ध्यान नहीं देने का आरोप लगाया है। साथ ही बताया कि सरपंच के वार्ड में भी पानी की समस्या बनी हुई है। वहीं कुछ वार्डों में थोड़ा बहुत पानी आ रहा वह काफी दूषित है। पानी पीने से लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ रहा है।
फिल्टर से पानी पूरी तरह साफ नहीं हो पा रहा है। मटमैला गंदा पानी आ रहा है और उसी पानी को वार्डों में पीने के लिए सप्लाई किया जा रहा है। जबकि बारिश के दिनों में स्वास्थ्य महकमा स्वच्छ जल पीने की सलाह दे रहा है।
सचिव विहीन पंचायत
ग्राम पंचायत छपारा में पदस्थ प्रभारी सचिव मानसिंह विश्वकर्मा का विगत 15 दिनों पूर्व सड़क दुर्घटना में घायल हो जाने से उनका उपचार जारी है। जिसके चलते वर्तमान ग्राम पंचायत सचिव विहीन है। जिसके चलते ग्राम पंचायत के अनेक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। लेकिन इस ओर जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन पालन अधिकारी ध्यान नहीं दे रही हैं।
इनका कहना है
नदी में बाढ़ आ जाने के कारण कर्बला घाट की दो मोटर खराब हो गई है। जिन्हें जल्द ही ठीक करा कर पेयजल सप्लाई दुरुस्त कराई जाएगी। इंटेकवेल भी पर्याप्त पानी नहीं दे पा रहा है।
पूनम सैयाम, सरपंच, ग्राम पंचायत छपारा
सड़क दुर्घटना में सचिव घायल हो गए हैं। सचिव की व्यवस्था को लेकर जिला पंचायत सीइओ को पत्र लिखकर अवगत कराया गया है। जल्द ही छपारा ग्राम पंचायत में सचिव की पदस्थापना की जाएगी
शिवानी मिश्रा, सीइओ, छपारा

यहां के नागरिकों को लम्बे समय से अनेक समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। जनप्रतिनिधियों द्वारा व्यवस्थाएं नहीं बनाए जाने पर उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।
अंसार खान संजय कॉलोनी वार्डवासी
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो