शाहडोल

रसूख के चलते फरार था 10 हजार का इनामी सूदखोर, पुलिस ने किया गिरफ्तार, घर पर चला बुल्डोजर, दुकानें भी जमींदोज

सरकारी भूमि पर कब्जा कर लगवा लिया था टॉवर, बना ली थी कई दुकानें

शाहडोलDec 02, 2021 / 12:39 pm

Ramashankar mishra

रसूख के चलते फरार था 10 हजार का इनामी सूदखोर, पुलिस ने किया गिरफ्तार, घर पर चला बुल्डोजर, दुकानें भी जमींदोज

शहडोल. कोयलांचल में कॉलरी मजदूरों और आदिवासी ग्रामीणों को सूदखोरी के जाल में फंसाकर 10 से 20 गुना ब्याज वसूलने वाले सूदखोर जयप्रकाश के ठिकानों पर बुधवार की दोपहर बुल्डोजर चला। इस दौरान पुलिस व प्रशासन की टीम ने सरकारी भूमि पर बनी दुकानें व घर के हिस्से को जमींदोज किया गया है। आरोपी जयप्रकाश सूदखोरी का मामला दर्ज होने के बाद रसूख के चलते लंबे समय से फरार चल रहा था। आरोपी के खिलाफ एसपी ने 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। इसके बावजूद गिरफ्तारी नहीं हो पा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने सरकारी भूमि पर कब्जा करते हुए दुकानें बनवा ली थी। कुछ हिस्से में टॉवर भी लगवा लिया था। आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर 29 नवंबर को प्रशासन ने सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटाने के लिए उपस्थित होने के निर्देश दिए। बाद में 1 दिसंबर को बुल्डोजर लगाकर कब्जा हटवाया गया। इस दौरान गहमा-गहमी का माहौल था। जिसके चलते आसपास के थानों से पुलिस भी लगा रखी थी।
सूदखोरों को नोटिस जारी, जल्द जमींदोज होगा मकान
कोयलांचल के सूदखोरों पर कार्रवाई के लिए पुराने रेकार्ड भी खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, तीन और सूदखोरों को नोटिस जारी किया है, जहां अतिक्रमण हटेगा। पूर्व में प्रशासन व पुलिस ने 10 से ज्यादा सूदखोरों पर कार्रवाई कर 5 सौ पीडि़त परिवारों को राहत पहुंचाई थी।
ये था मामला
पुलिस के अनुसार, धनपुरी थाना क्षेत्र के बेम्हौरी निवासी जयप्रकाश उरमलिया के खिलाफ शक्ति प्रजापति सहित अन्य लोगों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीडि़तों ने बताया था कि जयप्रकाश उन लोगों को ब्याज में पैसा दिया था। बाद में ज्यादा ब्याज वसूला जा रहा था। ब्याज देने के बावजूद और रुपयों की मांग की जा रही थी। न देने पर धमकी दी जा रही थी। जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया था लेकिन गिरफ्तार नहीं हो सका था। 28 नवंबर को गिरफ्तार करने के बाद बेम्हौरी स्थित सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई की गई।
पत्रिका ने उठाया मुद्दा, एसपी दफ्तर पहुंचा आरोपी
सूदखोर का आरोपी जयप्रकाश लंबे समय से फरार चल रहा था। एसपी अवधेश गोस्वामी ने 10 हजार का इनाम भी घोषित किया था लेकिन आरोपी फरार चल रहा था। आरोपी का सरकारी भूमि पर कब्जा के साथ अवैध निर्माण भी था। गठजोड़ को लेकर पत्रिका ने खबर प्रकाशित की। जिसके बाद आरोपी जयप्रकाश एसपी के दफ्तर जा पहुंचा लेकिन यहां एसपी से मुलाकात नहीं हुई। बाद में सूचना मिलते ही धनपुरी पुलिस ने गिरफ्तार को जेल भेजा। उधर सरकारी भूमि पर कब्जा होने पर नोटिस जारी किया व 1 दिसंबर को अतिक्रमण हटाया।
सवाल कैसे बन गई सरकारी भूमि पर बिल्डिंग व दुकानें
हाल ही में आरोपी जयप्रकाश ने घर का निर्माण कराया था। कुछ हिस्सा पट्टे की भूमि पर था। जबकि काफी हिस्सा सरकारी भूमि पर कब्जा कर लिया था। कुछ जगहों पर दुकानें तैयार कर ली थी तो कहीं पर यूकेलिप्टस और टॉवर लगवा दिया था। अधिकारियों की गठजोड़ के चलते आरोपी लंबे समय से सूदखोरी कर रहा था। इसके बावजूद स्थानीय अधिकारियों ने कार्रवाई नहीं की थी। सवाल उठता है कि जब भूमि पर कब्जा हो रहा था तब अधिकारियों को क्यों भनक नहीं गली।
घनघनाए कई फोन, राजनीतिक दबाव, अधिकारी बोले- हमारे हाथ में नहीं
कलेक्टर वंदना वैद्य व एसपी अवधेश गोस्वामी, एडीएम अर्पित वर्मा ने बुधवार सुबह पुलिस फोर्स के साथ टीम बेम्हौरी भेज दी थी। इस दौरान विवाद की स्थिति भी बनी। राजनीतिक दबाव के साथ अधिकारियों के फोन घनघनाते रहे। अधिकारियों ने एक न सुनी और अतिक्रमण जमींदोज कराया
इनका कहना है
आरोपी इनाम घोषित होने के बाद भी लंबे समय से फरार था। तीन दिन पहले गिरफ्तार किया है। आरोपी सूदखोर ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा था, जिसे जमींदोज कराया है।
अवधेश गोस्वामी, एसपी शहडोल।

Home / Shahdol / रसूख के चलते फरार था 10 हजार का इनामी सूदखोर, पुलिस ने किया गिरफ्तार, घर पर चला बुल्डोजर, दुकानें भी जमींदोज

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.