scriptमध्यप्रदेश में यहां भाजपा को लगे हैं बैक टू बैक झटके | Back to back shocks in the BJP here in Madhya Pradesh | Patrika News

मध्यप्रदेश में यहां भाजपा को लगे हैं बैक टू बैक झटके

locationशाहडोलPublished: Jan 20, 2018 02:00:50 pm

Submitted by:

Shahdol online

जानिए कहां-कहां मिली है हार ?

Back to back shocks in the BJP here in Madhya Pradesh

शहडोल- एक ओर पूरे देशभर में भारतीय जनता पार्टी अपना डंका बजा रही है। कांग्रेस के गढ़ में भी जीत दर्ज कर रही है। लेकिन मध्यप्रदेश के इन जगहों पर भारतीय जनता पार्टी को करारा झटका लगा है। मंडला जिले में जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 14 के उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी को करारी हार मिली है। इसके साथ ही अनुपपुर जिले के जैतहरी नगरपंचायत चुनाव में भी हार का सामना करना पड़ा है। इसी साल प्रदेश में विधानसभा चुनाव भी होने हैं। जिसे देखते हुए भारतीय जनता पार्टी के लिए ये किसी बड़े झटके से कम नहीं है।

मंडला में बीजेपी को मिली हार
मध्य प्रदेश के मंडला जिले में जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 14 के चुनाव में भाजपा को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। भाजपा की संपत्तिया उइके के राज्यसभा सांसद चुने जाने की वजह से यह सीट खाली हुई थी, जहां चुनाव में कांग्रेस समर्थित प्यारी बाई गोठरिया ने भाजपा समर्थित उम्मीदवार को 3200 से ज्यादा वोटों से शिकस्त दी। भाजपा के लिए ये चुनाव काफी प्रतिष्ठा का चुनाव बना हुआ था, पिछले साल संपतिया उइके के राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद उन्होंने इस सीट से इस्तीफा दे दिया था।
भाजपा के लिए ये चुनाव इसलिए भी झटका है, क्योंकि जिलाध्यक्ष रतन सिंह ठाकुर का ये गृह क्षेत्र है। यहां स्थानीय सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते भी प्रचार के लिए पहुंचे थे। बावजूद इसके मतदाताओं ने कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थन में मतदान कर उसे भारी जीत दिलवा दी।
17 जनवरी को हुए मतदान के दिन भी यहां का चुनाव मतदाताओं के बहिष्कार की वजह से सुर्खियां बना था। परमाणु सयंत्र परियोजना की वजह से चुटका और टाटीघाट के ग्रामीणों ने मतदान नहीं करने का ऐलान किया था। यहां केवल एक मतदाता ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था ।
पटेहरा और कोंडा गांव में भी मतदाताओं में काफी आक्रोश था। उन्हें मनाने के लिए पहुंची सांसद संपतिया उइके को भी विरोध का सामना करना पड़ा था। 4 प्रत्याशी मैदान में थे प्यारी बाई कांग्रेस, वंदना मरावी निर्दलीय, गीता मसराम भाजपा, अमन्या गोठरिया गोंडवाना गणतंत्र पार्टी
अनुपपुर के जैतहरी में भी भाजपा की हार
अनुपपुर के जैतहरी नगरपंचायत चुनाव में भी सभी को चौकाते हुए भाजपा और कांग्रेस जैसी दिग्गज पार्टियों को मात देते हुए निर्दलीय प्रत्याशी नवरत्नी शुक्ला ने शानदार जीत दर्ज की। इस चुनाव में ना तो भाजपा की चली और ना ही कांग्रेस की। निर्दलीय प्रत्याशी नवरत्नी शुक्ला ने ८९८ वोट के अंतर से जीत हासिल की। नवरत्नी शुक्ला को 2027 वोट मिले, भाजपा दूसरे नंबर पर रही, इस चुनाव में भाजपा की ओर से सुनीता जैन मैदान पर थीं जहां सुनीता जैन को 1129 वोट मिले , तो वहीं कांग्रेस की ओर से गीता सिंह बघेल मैदान पर थीं, उन्हें 980 वोट ही मिले।
भाजपा के लिए बड़ा झटका
भारतीय जनता पार्टी के लिए ये बड़ा झटका है। क्योंकि इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। और भारतीय जनता पार्टी को बैक टू बैक शिकस्त मिली है। अनुपपुर जिले के जैतहरी नगरपंचायत चुनाव में तो शिकस्त मिली ही। साथ ही मंडला के जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक-14 में हार का सामना करना पड़ा है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा के लिए ये बहुत बड़ा झटका है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो