शाहडोलPublished: Oct 12, 2022 01:10:38 pm
Ramashankar mishra
नगर परिषद बुढ़ार व जयसिंहनगर में 13 को एवं नगर पालिका शहडोल में सम्मिलन 14 को, आज आएंगे भाजपा पर्यवेक्षक
शहडोल. नगरीय निकाय में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए जोर-आजमाइश का दौर जारी है। अब जब बुढ़ार व जयसिंहनगर के लिए 1 दिन व शहडोल के सम्मिलन के लिए दो दिन का समय शेष रह गया है तो पार्षदों की निगरानी और बढ़ गई है वहीं अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के दावेदारों की खींचतान बढ़ गई है। हालांकि कांग्रेस ने मंगलवार को तीनो निकायों में अध्यक्ष पद के लिए नाम घोषित कर दिए हैं। जबकि भाजपा अभी तक किसी निर्णय पर नहीं पहुंच पाई है। जिसकी सबसे प्रमुख वजह दोनो ही पदों के लिए दावेदारों की खींचतान को माना जा रहा है। भाजपा में अध्यक्ष पद के लिए जहां चार नाम प्रबल दावेदारों में शामिल हैं वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए भी तीन पार्षद पूरी ताकत लगाए हुए हैं। ऐसे में भाजपा संगठन के लिए कोई निर्णय ले पाना टेढ़ी खीर साबित हो रहा है।
भाजपा में इन नामों पर नहीं बैठ रहा सामंजस्य
कांग्रेस ने जहां अपने अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं वहां भाजपा अभी भी दावेदारों के बीच उलझी हुई है। नगर पालिका शहडोल के अध्यक्ष पद के लिए पांच प्रबल दावेदार है। जिसमे प्रेम कुमार सोनी, शक्ति लक्षकार, राकेश सोनी व सुभद्रा सिंह का नाम जोरो पर चल रहा है। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए प्रवीण शर्मा, आरती गुप्ता व संजीव प्रताप सिंह का नाम प्रबल दावेदारों में शामिल है। इन्ही नामों में से अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए अधिकृत प्रत्याशी का चयन करना है। जिसके लिए संगठन अभी तक कोई निर्णय नहीं ले पाया है। वहीं जयसिंहनगर व बुढ़ार में भी अभी तक कोई भी स्वष्ट चेहरा सामने नहीं आया है।
कांग्रेस से इन नामों पर लगी मुहर
जिला कांग्रेस कमेटी ने तीनो निकायों में अध्यक्ष पद के लिए चेहरा साफ कर दिया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुभाष गुप्ता ने बताया कि शहडोल मे अध्यक्ष पद के लिए घनश्याम जयसवाल, जैसिंहनगर मे अध्यक्ष पद के लिए सुशीला शुक्ला एवं बुढार मे चेतना भानू दीक्षित को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया है। वहीं जहां अध्यक्ष पद पुरुष है वहां महिला उपाध्यक्ष एवं जहां अध्यक्ष पद महिला है वहां पुरुष उपाध्यक्ष होंगे।
भाजपा कांग्रेस के साथ निर्दलीय भी मैदान में
जयसिंहनगर. नगर परिषद जयसिंहनगर में भाजपा, कांग्रेस के साथ ही निर्दलीय भी अपना अध्यक्ष बनाने की जोर आजमाइश में लगे हैं। यहां 15 वार्डों में 6 कांग्रेस, 4 भाजपा, 1 बसपा व 4 सीटो में निर्दलीय पार्षद जीतकर आए हैं। ऐसे में कांग्रेस को अपना अध्यक्ष बैठाने दो सीटों की आवश्यकता होगी। वहीं भाजपा व निर्दलीय के पाले में 4-4 सीटें आई है। ऐसे में दोनो को ही पूर्ण बहुमत के लिए 4-4 सीटों की आवश्यकता होगी। यहां कांग्रेस से जहां सुशीला शुक्ला को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया है। वहीं निर्दलीय पार्षद रोशनी गुप्ता व गेंदा बाई सोनी भी अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी कर बहुमत जुटाने के प्रयास में है। वहीं भाजपा से अभी तक कोई स्पष्ट नाम सामने नहीं आया है। जबकि उपाध्यक्ष पद के दावेदारों में कांग्रेस से शिवम राव व नीरज शर्मा एवं भारतीय जनता पार्टी
से संपत कुमार मिश्रा प्रमुख दावेदार है।