शाहडोलPublished: Mar 04, 2021 12:15:11 pm
Ramashankar mishra
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती, आरोपी गिरफ्तार
पुरानी रंजिश के चलते दिनदहाड़े नगर के स्टेशन रोड पर चाकूबाजी, दो युवक घायल
शहडोल. शहर के रेलवे स्टेशन रोड पर बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े उत्पात मचाया। यहां पर चाकूबाजी करते हुए दो युवकों को घायल कर दिया। बुधवार की सुबह नगर के रेलवे स्टेशन रोड स्थित शिवम होटल के समीप बुधवार की दोपहर दो युवकों पर आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल में एक पुलिस कर्मी का बेटा भी शामिल है। घटना की सूचना पर मौके में पहुंची कोतवाली पुलिस ने दोनो घायल युवकों को लेकर जिला चिकित्सालय पहुंची। जहां दोनो घायलों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार रामपाल सिंह पिता मुनीम सिंह निवासी कोतवाली के पीछे और ऋषिराज पयासी पिता जगजीवन पयासी निवासी एमपीईबी कॉलोनी परमट के समीप बैठे थे। इसी दौरान पुरानी बस्ती निवासी करण पटेल मौके पर पहुंच गया। जहां पुरानी रंजिश के चलते दोनो पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते-देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी करण पटेल ने दोनो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में दोनो युवकों को गंभीर चोंटे आई है। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए भर्ती कराते हुए वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी करण पटेल निवासी पुरानी बस्ती को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी पर मामला दर्ज किया है।
अस्पताल चौकी में पिता पदस्थ, पहुंचे तो मिली जानकारी
बताया गया कि जिला चिकित्सालय स्थित पुलिस चौकी में घायल युवक के पिता पदस्थ हैं। अस्पताल ड्यूटी पर पहुंचने में पुलिस कर्मी ने जब अपने ही बेटे को लहू लुहान हालत में देखा तो हतप्रभ रह गया।