शाहडोलPublished: Dec 01, 2022 01:00:43 pm
Ramashankar mishra
विधायक ने भी जताई आपत्ति, अधिकारियों को कार्रवाई करने के दिए निर्देश
शहडोल. संभाग में खाद्यान्न वितरण में गड़बड़ी थमने का नाम नहीं ले रही है। कभी राशन दुकानों में आधा-अधूरा अनाज बांटा जा रहा है तो कहीं पर पीडीएस के अनाज को खरीदी केन्द्रों में खपाया जा रहा है। जिले के धनपुरी में एक बार फिर राशन वितरण में अनियमितता सामने आई है। नाराज स्थानीय लोगों ने नगरपालिका घेराव कर विरोध जताया है। इस दौरान मामला विधायक के संज्ञान में भी पहुंचा। जिसके बाद विधायक ने भी खाद्यान्न वितरण में लापरवाही पर अधिकारियों पर नाराजगी जताई है। बताया गया कि धनपुरी नगरपालिका क्षेत्र में 5 वार्डों में एक समूह द्वारा पीडीएस दुकान संचालित कराई जा रही है। इसमें वार्ड क्रमांक 17,18,19,20,22 में संचालित क्रय विक्रय समिति शासकीय उचित मूल्य की दुकान से हितग्राहियों को दो माह से राशन नहीं दिया जा रहा है। यहां पर कोटेदार हितग्राहियों को पर्ची काटकर उन्हें राशन नही देता है। स्थानीय लोगों का आरोप था कि एक माह का राशन दूसरे माह और दूसरे का राशन तीसरे माह देता है। पर्याप्त राशन दिलाने के साथ दुकानदार पर कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों के विरोध के बाद विधायक मनीषा सिंह ने भी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों से बात कर कार्रवाई करने की बात कही है।
कोटेदार कहता है सरकार ही पर्याप्त राशन नहीं भेज रही
विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे स्थानीय लोगों का आरोप था कि कोटेदार राशन नहीं दे रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि कोटेदार अनाज की पर्चियां एडवांस में देते हुए बाद में राशन देने की बात कर रहा है। राशन के लिए जाने पर कहा जाता है कि उनके दुकान पर राशन पर्याप्त मात्रा में नहीं भेजा गया है, इस वजह से राशन उपलब्ध नहीं करा पा रहा है। राशन नहीं मिलने से नाराज स्थानीय लोगों ने पूर्व में भी विरोध जताया था लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। हितग्राहियों ने आज एक बार फिर नगरपालिका का घेराव कर राशन दिलाने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने राशन दुकान संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है। पूर्व में भी इस समिति के खिलाफ अंगूठा लगवाकर कम राशन की शिकायत स्थानीय लोगों ने की थी।
इनका कहना है
इस संबंध में शिकायत आई है। जांच कराई जा रही है। लापरवाही पर कार्रवाई होगी।
विपिन पटेल, जिला आपूर्ति नियंत्रक