शाहडोल

कोरोना पॉजिटिव महिलाओं ने मचाया बवाल, बोलीं- पास आए तो सबको छू देंगे, बुलानी पड़ी पुलिस

संभाग में मिले 51 नए संक्रमित, फिर भी गंभीरता नहीं बरत रहे लोग

शाहडोलAug 12, 2020 / 10:53 pm

Ramashankar mishra

गैर जिम्मेदार: संक्रमित महिलाओं ने किया हंगामा, बोलीं- नहीं जाएंगे अस्पताल, पास आए तो छू देंगे

शहडोल. संभाग में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के बाद जिला जेल में भी कोरोना ने 14 महिलाओं को चपेट में लिया है। अनूपपुर में एक अधिकारी में कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद अब आरआई और पटवारी में भी कोरोना पॉजिटिव मिला है। इन अधिकारियों का कई बड़े अधिकारियों के साथ मैदानी अमले के साथ सीधा संपर्क रहा है। शहडोल में बुधवार को अब तक के सबसे ज्यादा मरीज मिले हैं। संभाग में 51 नए मरीज मिले। हालांकि शहडोल जेल में मिली महिला कैदियों को स्वास्थ्य विभाग अपने रिकार्ड में दर्ज नहीं कर रहा है। उमरिया के 3 और अनूपपुर के 11 मरीज हैं। इसके बावजूद लोग गंभीर नहीं हैं। शहर के पुलिस लाइन के नजदीक संक्रमित महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम से अभद्रता भी की और अस्पताल जाने के लिए राजी नहीं थे। शहडोल. कोरोना के बढ़ रहे कहर के बाद भी लोग गंभीर नहीं हो रहे हैं। यहां तक कि संक्रमित लोग भी अपने आप को स्वस्थ्य बताकर होने वाले नुकसान को नजर अंदाज करने का प्रयास कर रहे हैं। बुधवार को नगर के आईजी बंगला के नजदीक भी ऐसी स्थितियां देखने को मिली। यहांं चार महिलाओं में कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि होने पर मेडिकल टीम उन्हे मेडिकल कॉलेज ले जाने के लिए मौके पर पहुंची थी। मेडिकल टीम को देखते ही महिलाओं ने विवाद शुरू कर दिया और गाली-गलौज करते हुए टीम को वापस लौटने के लिए कहने लगी। टीम द्वारा महिलाओं को समझाइश दी गई लेकिन वह कुछ भी मानने के लिए तैयार नहीं थी। महिलाओं का कहना था कि रिपोर्ट गलत है उन्होने चेकअप कराया था और वह पूरी तरह से स्वस्थ हैं। यह घटनाक्रम डेढ़ से दो घंटे तक चलता रहा। इस बीच मेडिकल टीम मौके पर मौजूद रही और उन्हे समझाइश देती रही। इसके बाद भी महिलाएं टीम के साथ जाने तैयार नहीं हुई। जिसके बाद टीम द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही 100 डायल के साथ ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस की मदद से लगभग 4 बजे महिलाओं को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। महिलाओं का कहना था कि वापस लौट जाओ, नहीं तो सबको छू देंगे।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.