scriptनिकाय चुनाव : तीनों निकायों के यह रहे परिणाम, किसी भी दल के पाले में नहीं आया स्पष्ट बहुमत | Municipal elections: Here are the results of all the three bodies, no | Patrika News

निकाय चुनाव : तीनों निकायों के यह रहे परिणाम, किसी भी दल के पाले में नहीं आया स्पष्ट बहुमत

locationशाहडोलPublished: Oct 01, 2022 12:12:04 pm

Submitted by:

Ramashankar mishra

शहडोल व बुढ़ार निकाय में भाजपा तो जयसिंहनगर में कांग्रेस को बढ़तसुबह से मतगणना स्थल में रही चहल-पहल, परिणाम आते ही खुशी से झूमते नजर आए समर्थक

निकाय चुनाव : तीनों निकायों के यह रहे परिणाम, किसी भी दल के पाले में नहीं आया स्पष्ट बहुमत

निकाय चुनाव : तीनों निकायों के यह रहे परिणाम, किसी भी दल के पाले में नहीं आया स्पष्ट बहुमत

शहडोल. जिले की तीन निकायों के परिणाम शुक्रवार को घोषित किए गए। शहडोल व बुढ़ार निकाय में जहां भाजपा बढ़त में है वहीं जयसिंहनगर में कांग्रेस को बढ़त मिली है। जिले की तीनों निकायों के 69 वार्डों में से भाजपा को 29, कांग्रेस को 22, निर्दलीय को 16 व बसपा को दो सीटें मिली हैं। नगर पालिका शहडोल में 39 वार्ड में से भाजपा 18, कांग्रेस 12 व 9 में निर्दलीय ने जीत दर्ज की है। इसी प्रकार नगर परिषद बुढ़ार के 15 वार्डों में भाजपा 7, कांग्रेस 4 निर्दलीय 3 व बसपा को 1 सीट मिली है। वहीं नगर परिषद जयसिंहनगर के 15 वार्ड में से कांग्रेस 6, भाजपा 4, निर्दलीय 4 व बसपा के पाले में एक सीट गई है। उल्लेखनीय है कि नगर पालिका शहडोल, नगर परिषद बुढ़ार व जयसिंहनगर में पार्षद पद के लिए 27 सितम्बर को 409 प्रत्याशियों के पक्ष में मतदाताओं ने मतदान किए थे। शुक्रवार को तीनों निकायों में मतगणना का कार्य सुबह से प्रारंभ हुआ। इस बीच प्रत्याशी व उनके समर्थक मतगणना स्थल पर डटे रहे। जैसे-जैसे वार्डों के परिणाम आते गए विजयी प्रत्याशी के समर्थक खुशी से झूमते नजर आए। नगर पालिका शहडोल के लिए मतगणना स्थल पॉलिटेक्निक कॉलेज को बनाया गया था। जहां सुबह से ही भारी भीड़ एकत्रित रही।
टाई होने पर लॉटरी से हुआ जीत का फैसला
नगर पालिका शहडोल के वार्ड क्रमांक 27 से भाजपा व कांग्रेस प्रत्याशी दोनो को ही बराबर मत मिले थे। जिसके बाद दोनो ही दलों के प्रत्याशियों की धड़कनें तेज हो गई। सभी की निगाहें इसी वार्ड के फैसले में जा टिकी। सभी वार्डों के मतगणना कार्य पूरा होने के बाद कलेक्टर वंदना वैद्य की उपस्थिति में लॉटरी पद्धति से जीत हार का निर्णय हुआ। जिसमें भाजपा प्रत्याशी आरती गुप्ता के नाम की चिट निकली और वार्ड क्रमांक 27 से उन्हें विजयी घोषित किया गया।
छोटी जीत : वार्ड 33 में मात्र एक वोट से
बड़ी जीत : वार्ड क्रमांक 8 में 818 वोट से
नगर के वार्ड क्रमांक 33 में सबसे कम और वार्ड क्रमांक 8 में सबसे ज्यादा जीत का अंतर रहा। वार्ड क्रमांक 33 से निर्दलीय प्रत्याशी आयूषी गजभिये अपने निकटतम प्रतिद्वंदी रुपा हरिजन से महज 1 वोट से विजयी हुई। यहां आयूषी को 155 व रूपा को 154 वोट प्राप्त हुए। वहीं वार्ड क्रमांक 8 में कांग्रेस प्रत्याशी कुन्दन पाण्डेय भाजपा प्रत्याशी बेबी तिवारी से 818 वोटो से आगे रही। इस वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी को 1130 व भाजपा प्रत्याशी को महज 312 वोट ही प्राप्त हुए।
वार्ड 16 व 25 की काउंटिंग में व्यवधान
वार्ड क्रमांक 16 व 25 की मतगणना के दौरान कुछ व्यवधान भी उत्पन्न हुआ। जिसके बाद कुछ समय के लिए मतगणना का कार्य रुक गया। हालांकि कुछ समय बाद ही पुन: मतगणना का कार्य शुरु हो गया। बताया जा रहा है कि ईवीएम में लगे टैग को लेकर प्रत्याशी ने आपत्ति जताई थी बाद में मामला सुलझ गया। वहीं एक ईवीएम की बैटरी लो होने की वजह से दिक्कत हुई। जिसे फिर से प्रारंभ किया गया।
पूर्व नपा अध्यक्ष के वार्ड में भाजपा को मिले मात्र 57 वोट
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष के वार्ड क्रमांक 35 में भाजपा की स्थिति काफी दयनीय रही। यहां से निर्दलीय प्रत्याशी विकास तिवारी ने 117 मतों से कांग्रेस प्रत्याशी दीपक कुमार को शिकस्त दी है। इस वार्ड से भाजपा प्रत्याशी राजेश नामदेव को महज 57 वोट ही मिले हैं। परिणाम घोषित होने के बाद वार्ड में भाजपा की स्थिति को लेकर चर्चा का बाजार गर्म रहा।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो