scriptState Congress President reached Shahdol, targeted the government, sai | शहडोल पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, सरकार पर साधा निशाना, कहा- 11 महीने बाद फिर से बनेगी कांग्रेस की सरकार | Patrika News

शहडोल पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, सरकार पर साधा निशाना, कहा- 11 महीने बाद फिर से बनेगी कांग्रेस की सरकार

locationशाहडोलPublished: Nov 08, 2022 12:26:13 pm

Submitted by:

Ramashankar mishra

भाजपा के पास अब पैसा, पुलिस और प्रशासन ही बचा है, उसका हम 11 माह बाद हिसाब लेंगे

शहडोल पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, सरकार पर साधा निशाना, कहा- 11 महीने बाद फिर से बनेगी कांग्रेस की सरकार
शहडोल पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, सरकार पर साधा निशाना, कहा- 11 महीने बाद फिर से बनेगी कांग्रेस की सरकार

शहडोल. पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ सोमवार को शहडोल में जिला कांग्रेस कमेटी के विराट विजय उत्सव समारोह में शामिल हुए। यहां सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने इस क्षेत्र में आगामी वर्ष में होने वाले विधानसभा चुनाव प्रचार का आगाज करते हुए केंद्र की मोदी व राज्य की शिवराज सिंह सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार ने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और घर-घर शराब दी है। जगह-जगह माफिया राज है। उन्होंने कहा कि मंदिर व मस्जिद में जाकर बेरोजगारी दूर नहीं होगी। बेरोजगारी दूर होगी जब यहां उद्योग आएंगे। हमारे संभाग में उद्योग क्यों नहीं आ सकते। आवश्यकता हैे प्रयास करने की। हमने शुरुआत की थी कि किसानों को उनकी फसल का सही मूल्य मिले, युवाओं को रोजगार मिले जिससे वह अपना भविष्य गढ़ सकें। नौजवान ठेका व कमीशन नहीं चाहता वह व्यवसाय व रोजगार चाहता है। जब हमारे नौजवानों का भविष्य अंधेरे में है तो प्रदेश का भविष्य कैसा होगा। शिवराज सिंह चौहान ने 30 हजार घोषणाएं की है। जहां जाते हैं घोषणा कर देते हैं। जहां नदी नहीं होती वहां पुल बनाने की घोषणा करते हैं। पंचायत से लेकर मंत्रालय तक भ्रष्टाचार की व्यवस्था बना रखी है। उन्होंने यह भी कहा कि आज भाजपा के पास बचा क्या है पैसा, पुलिस और प्रशासन। इसका हम 11 महीने बाद हिसाब लेंगे। नगर पालिका में कांग्रेस का झंडा फहराया है, यह अभी शुरुआत है। यह प्रेम, मूल्यों व संस्कृति की नगरी है। यहां की संस्कृति जोडऩे की है और यही भारत की संस्कृति है। ऐसा कोई देश विश्व में नहीं है जहां इतने धर्म, जातियां भाषा, इतने त्योहार व रश्म हों। आज हमारा देश एक झंडे के नीचे खड़ा है। यही कांग्रेस की संस्कृति है इसे कैसे सुरक्षित रखते यह आपको तय करना हैं। प्रश्न साधारण चुनाव का नहीं है, आज तस्वीर सबके सामने है क्या प्रयास किए जा रहे हैं प्रदेश में। बाबा साहब ने संविधान बनाया है जो पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। जिसकी कई देश नकल कर रहे हैं। यह संविधान गलत हाथो में चला जाए तो भविष्य क्या होगा यह हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती है। आप सब संस्कृति और संविधान के रक्षक हैं। हम कैसा प्रदेश आने वाली पीढ़ी को सौंपना चाहते हैं यह आने वाला चुनाव तय करेगा। प्रदेश की तस्वीर आपके सामने हैं। स्कूल में शिक्षक नहीं, डॉक्टर नहीं, छोटे व्यापारियों का व्यापार नही, गांव में बिजली नहीं, भ्रष्टाचार की कोई सीमा नहीं है। पंचायत से मंत्रालय तक भ्रष्टाचार की व्यवस्था बनाई है। 15 साल बाद कांग्रेस की सरकार बनी। मै भी सौदा कर सकता था मैने सौंदा नहीं किया। मध्य प्रदेश की छबि सौदे की न बने उसे सुरक्षित रखा है। 27 लाख किसानों का कर्ज माफ करने की शुरुआत की थी। आज के नौजवानों की दुनिया कुछ और है। वह कोई ठेका कमीशन नहीं चाहते वह व्यवसाय का मौका व हाथो को काम चाहते हैं। मैने कभी घोषणा नहीं की थी 15 महीने में अपनी नीति व नियति का परिचय दिया। पूरा प्रदेश गवाह है 11 महीने बाद फिर से आप सबके भरोसे पूरे प्रदेश को पटरी पर ले जाएंगे। गुमराह व ध्यान मोडऩे वाली राजनीति से सावधान रहिए। सरकार से हम पूछते हैं रोजगार का क्या हुआ जवाब दते हैं कांग्रेस ने 70 साल में क्या किया। मोदी जी जिस स्कूल में आप गए अगर गए वो स्कूल कांग्रेस ने बनाया था। जिस स्कूल व कॉलेज में शिवराज जी गए कांग्रेस ने बनाया था। 2013-14 में जो बात करते थे सर्जिकल स्ट्राइक की, राष्ट्रवाद की वह 2019 में नहीं कर रहे। एक नाम नहीं ले सकते स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का और कांग्रेस को राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाएंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 11 महीने बाद याद रखिएगा चुनाव आएगा झंडे लग जाएंगे मंच लग जाएगा। चुनाव के बाद यह नहीं रहेगा पर हमारा भविष्य क्या रहेगा यह आप तय करेंगे। आगे मध्य प्रदेश की विस में कांग्रेस का झंडा लहराएगा। हम मिलकर नया इतिहास बनाएंगे।

Copyright © 2021 Patrika Group. All Rights Reserved.