शाहडोल

सुबह 6 से रात 11 तक डोर-टू-डोर पहुंचेगा वाहन, व्यावसायिक क्षेत्रों में 24 घंटे होगी सफाई

स्वच्छता रैंकिंग को लेकर कवायद: नपा अध्यक्ष और सीएमओ ने ली बैठक, तैयार की प्लानिंग

शाहडोलMar 06, 2021 / 11:48 am

amaresh singh

सुबह 6 से रात 11 तक डोर-टू-डोर पहुंचेगा वाहन, व्यावसायिक क्षेत्रों में 24 घंटे होगी सफाई

शहडोल. स्वच्छता रैंकिंग को लेकर नगरपालिका ने कवायद शुरू कर दी है। 5 मार्च से शहर के जर्जर और बदहाल डस्टबिन को बदला जा रहा है। उधर क्लीन सिटी को लेकर भी प्लानिंग तैयार की है। शहर के गली – चौराहों और अंदरूनी बस्तियों में दिनभर स्वच्छता मित्र वाहन का मूवमेंट रहेगा। नगरपालिका अध्यक्ष और सीएमओ ने बैठक लेकर प्लानिंग तैयार की है। शहर के व्यावसायिक क्षेत्रों में अब 24 घंटे सफाई होगी। इसके लिए अलग-अलग शिफ्टों में ड्यूटी लगाई गई है। इसी तरह शहर की बस्तियों में सुबह 6 से रात के 11 बजे तक डोर-टू-डोर सफाई वाहन पहुंचेगा। अभी तक सिर्फ एक शिफ्ट में सुबह सफाई वाहन पहुंचता था लेकिन स्वच्छता रैंकिंग को लेकर रात 11 बजे तक मूवमेंट कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए जोनवार अलग-अलग सफाईकर्मियों की जिम्मेदारी भी तय की गई है। स्वच्छता वाहन कम होने की वजह से शिफ्ट तय किए हैं। वे सुबह 6 से रात 11 बजे बस्तियों में जाएंगे।

सर्वे किया, कहां ज्यादा कचरा, लग रहे 50 डस्टबिन
सीएमओ अमित तिवारी के अनुसार, रात में भ्रमण कर शहर की स्थिति देखी कि किन व्यावसायिक क्षेत्रों में ज्यादा कचरा फेंका जाता है। इस दौरान लगभग 40 से 50 स्पॉट सामने आए हैं। यहां पर पुराने जर्जर डस्टबिन को हटाकर नए डस्टबिन लगाएं जा रहे हैं। एक सप्ताह के भीतर सभी जगहों पर नए डस्टबिन लगाने का काम पूरा हो जाएगा। बस्तियों में भी कचरा घर रखाए जा रहे है।

200 कर्मचारियों की जिम्मेदारी, 54 को स्पेशल टास्क
शहर की सफाई व्यवस्था के लिए अभी 10 अलग-अलग जोन निर्धारित किए गए हैं। यहां पर 200 कर्मचारियों की जिम्मेदारी दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, इन 200 कर्मचारियों में 54 कर्मचारियों को अलग किया गया है। बेहतर कार्यों पर इनसे अलग-अलग शिफ्टों में काम लिया जा रहा है। ये 54 कर्मचारी एक साथ एक दिन एक क्षेत्र में विशेष कार्य करते हुए स्वच्छ करेंगे। बाद में यहां के वार्ड प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

शहर की जनता से हर साल 13 लाख वसूलती है नपा
नगर पालिका नगर वासियों से हर वर्ष सामान्य प्रकाश कर, स्वच्छता कर और अग्निशमन कर को जोड़कर बनाए गए समेकित कर के रूप में 12-13 लाख रुपए वसूल कर रही है। समेकित कर भुगतान के बाद भी लोगों को इन सेवाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पाता है। नगरपालिका के रेकार्ड के अनुसार, 2018-19में नगरपालिका ने 13 लाख 59 हजार, 2019-20 में 9 लाख 32 हजार और 2020-21 में नगरपालिका ने शहर की जनता से 13 लाख 78 हजार रुपए समेकित कर के रूप में वसूल की थी।


पत्रिका ने उजागर की थी शहर की अव्यवस्था
शहर में हर साल समेकित कर के नाम पर नगरपालिका शहर की जनता से लगभग 10 से 13 लाख रुपए वसूल रही है। इसके बावजूद शहर में गंदगी बजबजा रही थी और गली-चौराहों पर अंधेरा पसरा रहता है। स्वच्छता से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट अधूरे पड़े हैं। 65 सौ स्ट्रीट लाइट का दावा नगरपालिका कर रही है लेकिन अधिकांश गलियों में अंधेरा रहता है। स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था में लापरवाही को लेकर पत्रिका ने खबर प्रकाशित की थी। जिसे संज्ञान में लेते हुए अधिकारियों ने स्वच्छता को लेकर व्यवस्था बनाई।


शहर की जनता का भी साथ जरूरी
स्वच्छता को लेकर शहर की जनता का साथ बेहद जरूरी है। शहर को क्लीन रखने में भूमिका निभाएं।
उर्मिला कटारे, अध्यक्ष
नगरपालिका शहडोल

24 घंटे होगी बाजार में सफाई
शहर के व्यावसायिक क्षेत्रों में 24 घंटे सफाई होगी। नए डस्टबिन लगाए जा रहे है। शहर की बस्तियों में सुबह 6 से रात 11 तक सफाई वाहन पहुंचेगा।
अमित तिवारी, सीएमओ
नगरपालिका शहडोल

Home / Shahdol / सुबह 6 से रात 11 तक डोर-टू-डोर पहुंचेगा वाहन, व्यावसायिक क्षेत्रों में 24 घंटे होगी सफाई

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.