शाहजहांपुर

दबंग कर रहे ई-रिक्शा चालकों से अवैध वसूली, विरोध करने पर होता है ये हश्र

अवैध वसूली से परेशान तमाम ई-रिक्शा चालकों ने नगर पालिका चेयरमैन से मामले की शिकायत की है।

शाहजहांपुरJan 20, 2018 / 06:31 pm

मुकेश कुमार

शाहजहांपुर। जिले में ई-रिक्शा चालकों से खुलेआम अवैध वसूली की जा रही है। ई-रिक्शा चालकों ने अवैध वसूली का दबंग प्रवृत्ति के कुछ लोगों पर लगाया है। उनका कहना है कि विरोध करने पर दबंगों के गुर्गे उनकी पिटाई कर देते हैं। इसी बात से नाराज ई-रिक्शा चालकों ने शनिवार को जमकर हंगामा किया। बिना ठेके पर हो रही अवैध वसूली पर नगर पालिका चेयरमैन अब कार्रवाई करवाने की बात कर रहे हैं।

नगर पालिका से नहीं है ठेका
मामला थाना जलालाबाद के याकूबपुर चौराहे का है। जहां शनिवार को तमाम ई-रिक्शा चालकों ने अवैध वसूली का विरोध किया। उनका कहना है कि कुछ लोग हर ई रिक्शा चालक की 20 रुपए की रसीद काट रहे हैं, जबकि इस तरह की वसूली का कोई ठेका नगर पालिका की तरफ से नहीं किया गया है। आरोप है कि वसूली का विरोध करने पर दबंगों के गुर्गे चालकों की पिटाई करते हैं। इसी बात से नाराज ई रिक्शा चालकों ने चेयरमैन मनेंद्र गुप्ता के सामने अपना विरोध प्रकट किया।
 

 

विरोध करने पर करते हैं मारपीट
ई-रिक्शा चालक दिनेश ने बताया कि चौराहे पर रिक्शा खड़े करने के नाम पर कुछ लोग उनसे रोज 20 रुपए वसूलते है। इसके बदले लाल रंग की रसीद दी जाती है। वहीं एक और चालक राकेश का कहना है कि जब वे लोग इसका विरोध करते हैं तो उनके साथ मारपीट की जाती है। गाली-गलौच तो आम बात हो गई है। कोई भी इस और ध्यान नहीं दे रहा है।

चेयरमैन ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
बता दें कि शाहजहांपुर जिले में चार नगर पालिका और छह नगर पंचायत है। बताया जा रहा है कि जो लोग पूर्व पालिका अध्यक्षों के कार्यकाल में वसूली कर रहे थे, वही लोग आज भी ई रिक्शा चालकों को डरा धमकाकर रुपए वसूलते हैं। वर्तमान चेयरमैन मनेंद्र गुप्ता का कहना है कि ये अवैध वसूली सपा के पूर्व चेयरमैन के गुर्गे कर रहे है। चेयरमैन ने जल्द ही इस मामले में कार्रवाई करवाने की बात कही है।
 

Home / Shahjahanpur / दबंग कर रहे ई-रिक्शा चालकों से अवैध वसूली, विरोध करने पर होता है ये हश्र

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.