scriptसडक़ के किनारे खड़ी महिला पर अचानक उड़ा एसिड | A sudden acid blew on a woman standing by the side of the road | Patrika News

सडक़ के किनारे खड़ी महिला पर अचानक उड़ा एसिड

locationशाजापुरPublished: Aug 11, 2019 08:59:40 pm

Submitted by:

Piyush bhawsar

शहर के महुपुरा चौराहा के समीप हुई घटना

patrika

सडक़ के किनारे खड़ी महिला पर अचानक उड़ा एसिड

शाजापुर.

शहर के महुपुरा चौराहा के समीप रविवार दोपहर करीब 12 बजे एक महिला पर अचानक एसिड उड़ गया। जिससे वो झुलस गई। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले को पुलिस प्रकरण दर्ज जांच में लिया है।

जानकारी के अनुसार आशा कार्यकर्ता रामकन्या बाई (35) पति केसर भिलाला निवासी ज्योतिनगर रविवार को हाट बाजार में कपड़े की दुकान लगाने के लिए पहुंची थी। महुपुरा चौराहा के समीप हाट बाजार में जाने वाले मार्ग के किनारे रामकन्याबाई ने अपनी कपड़े की गठरी को रखा और खड़ी हुई थी। इस दौरान अज्ञात व्यक्ति दो पहिया वाहन पर दूध लेकर यहां से निकला। दूध की टंकी के साथ ही उक्त व्यक्ति ने दूध का फैट मापने के लिए एसिड की बोतल भी रखी हुई थी। सडक़ पर गड्ढें के कारण एसिड की बोतल नीचे सडक़ पर गिर गई। तभी पीछे से बाइक सवार दो लोग यहां से गुजरे जिनकी बाइक का पहिया एसिड की बोतल पर चढ़ गया। इससे बोतल से एसिड उछलकर सडक़ के किनारे खड़ी हुई रामकन्याबाई के उपर उड़ गया। अचानक एसिड शरीर पर आने से रामकन्याबाई जोर-जोर से चीखने लगी। उसकी चीख सुनकर यहां पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तत्काल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल में पहुंचाया गया। यहां पर डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बर्न यूनिट में भर्ती कर दिया।

पता नहीं कब गिरी एसिड की बोतल
घटना स्थल के समीप ही सडक़ के दूसरी ओर मनोहर शर्मा ने भी अपनी कपड़े की दुकान लगाई हुई थी। प्रत्यक्षदर्शी मनोहर ने बताया कि उक्त महिला सडक़ के दूसरी ओर खड़ी हुई थी। पता नहीं कब गड्ढें में एसिड की बोतल गिर गई। बाइक से दो लोग यहां से गुजरे तो उनकी बाइक के पहिए से एसिड की बोतल का ढक्कन खुल गया और पूरा एसिड महिला पर उड़ गया। जिससे वो झुलस गई।

सीसीटीवी फूटेज से स्पष्ट हुई घटना
मामले में कोतवाली टीआइ विवेक गुप्ता ने बताया कि रामकन्या बाई पर एसिड उडऩे से वो झुलस गई थी। जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी फूटेज को देखने पर स्पष्ट हुआ कि किसी दूधवाले की एसिड की बोतल गिर गई थी। जिस पर अज्ञात बाइक का पहिया चढऩे से उसका एसिड महिला पर उछल गया है। मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो