scriptयहां 5 माह पहले ही मनाई दीपावली | Deepawali celebrated 5 months ago | Patrika News

यहां 5 माह पहले ही मनाई दीपावली

locationशाजापुरPublished: Jun 12, 2018 10:46:35 pm

Submitted by:

Gopal Bajpai

पुरुषोत्तम मास के श्री गोवर्धननाथ मंदिर हवेली में हुआ आयोजन

patrika

यहां 5 माह पहले ही मनाई दीपावली

शाजापुर.
अभी तो देव शयनी एकादशी भी नहीं आई है और न ही कोई तीज-त्यौहार का समय है फिर भी शहर में वैष्णवजनों ने दीपावली के पर्व के 5 माह पहले ही दीपोत्सव का पर्व हर्षोल्लास के साथ मना लिया। धूमधाम से मनाए दीपोत्सव के तहत वैष्णजनों ने मंदिर हवेली पर आकर्षक दीप सज्जा भी की। साथ ही पूरे मंदिर हवेली को विद्युत सज्जा से भी सुशोभित किया गया। ये अवसर था पुरुषोत्तम मास के तहत सोमवारिया बाजार स्थित श्री गोवर्धननाथ मंदिर हवेली में चल रहे आयोजनों के दौरान उत्सवों का।

पुरुषोत्तम मास के तहत मंगलवार रात को शहर के सोमवारिया बाजार स्थित श्री गोवर्धननाथ मंदिर हवेली में दीपावली महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर हवेली पर आकर्षक साजसज्जा की गई। यहां पर ठाकुरजी का आकर्षक शृंगार किया जाकर दीपों से मंदिर में सजावट भी की गई। बड़ी संख्या में पहुंचे वैष्णवजनों ने ठाकुरजी का आशीर्वाद लिया और प्रसादी ग्रहण की। इस दौरान मंदिर में भजन-किर्तन का भी दौर चलता रहा। इस आयोजन के मनोरथी वल्लभ गुप्ता थे। देर रात तक मंदिर हवेली में भक्तों का आना-जाना लगा रहा।

56 भोग के साथ आज होगा पुरुषोत्तम मास का समापन
पिछले एक माह से मंदिरों में पुरुषोत्तम मास की धूम मची हुई थी। इसके चलते प्रतिदिन शहर के मंदिरों में विभिन्न आयोजन हुए। बड़ी संख्या में भक्तों ने भी इस माह मे भजन-पूजन करके पुण्य लाभ कमाया। इस मास का बुधवार को समापन होगा। पुरुषोत्तम मास के अंतिम दिन श्री गोवर्धननाथ मंदिर हवेली में दोपहर 12 बजे से गिरीराज पूजा के दर्शन और शाम साढ़े 7 से साढ़े 9 बजे तक अन्नकूट (56 भोग) के दर्शन होंगे। गिरीराज पूजा के मनोरथी वल्लभ माहेश्वरी है। वहीं 56 भोग के मनोरथी समस्त वैष्णवजन है। यह जानकारी मंदिर मुखिया पं. सुरेंद्र मेहता ने दी। मंदिर मुखिया परिवार ने वैष्णवजनों से अधिक से अधिक संख्या में उक्त आयोजन में शामिल होकर धर्म का लाभ लेने की अपील की है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो